25.5 C
Bhilai
Saturday, February 15, 2025

सीरिया में दो बड़े शहरों पर विद्रोहियों का कब्जा:राजधानी दमिश्क की तरफ बढ़ रहे लड़ाके, सेना ने रोकने के लिए हाईवे को बम से उड़ाया

सीरिया के एक और बड़े शहर हमा पर विद्रोही गुट हयात तहरीर अल शाम (HTS) का कब्जा हो गया है। HTS के लड़ाके अब सीरिया के अहम शहर होम्स की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्होंने होम्स के कुछ इलाके पर कब्जा भी कर लिया है। होम्स पर कब्जा करने के बाद वे राजधानी दमिश्क की तरफ बढ़ेंगे। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक सीरियाई सेना ने विद्रोहियों को रोकने के लिए होम्स और हमा को जोड़ने वाली हाईवेपर हवाई हमले कर उसे तोड़ दिया है। होस्म शहर, हमा से सिर्फ 40 किमी की दूरी पर है। हमा पर कब्जे के बाद होम्स शहर में रहने वाले शिया समुदाय के लोग शहर से भागने लगे हैं। HTS के विद्रोहियों को रोकने के लिए रूसी सेना ने कई मिसाइल दागी हैं लेकिन वे उनकी बढ़त को रोक नहीं पाए हैं। हमा पर कब्जे के बाद HTS के कमांडर अबू मोहम्‍मद अल जोलानी ने जीत का संदेश दिया है। HTS विद्रोहियों के हमा पर कब्जे के बाद की 5 फुटेज… HTS चीफ बोला- असद सरकार के गिनती के दिन बाकी
जोलानी ने कहा कि उसका मकसद सीरिया से असद सरकार को उखाड़ फेंकना है। सीरिया में एक गुप्त जगह से उसने CNN को इंटरव्यू दिया। जोलानी ने कहा कि सीरिया में तानाशाही खत्म होगी और लोगों की सरकार चुनी जाएगी। जोलानी ने कहा कि सीरिया में 40 साल से असद खानदान का शासन है। लेकिन अब असद सरकार मर चुकी है। ईरानियों की मदद से यह कुछ समय तक जिंदा रहा। बाद में रूसियों ने भी उनकी मदद की लेकिन हकीकत ये है कि उनके शासन के अब गिनती के दिन बाकी रह गए हैं। सीरिया में बीते 27 नवंबर से सेना और HTS के बीच संघर्ष जारी है। विद्रोहियों ने 1 दिसंबर को इससे पहले सीरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो पर कब्जा कर लिया था। सीरिया में इस जंग में अब तक 826 लोग मारे गए हैं। सीरिया में 2011 में गृहयुद्ध शुरू होने के बाद ये सबसे भीषण लड़ाई है। हमा के लिए 3 दिन से लड़ रहे थे विद्रोही लड़ाके हमा पर कब्जे के लिए विद्रोही लड़ाके पिछले 3 दिनों से सेना के साथ लड़ रहे थे। सेना ने आरोप लगाया कि विद्रोहियों ने डिफेंस लाइन को तोड़ने के लिए आत्मघाती हमले किए थे। इस दौरान विद्रोहियों से लड़ते हुए कई सैनिक मारे गए हैं। हमा सीरिया का चौथा सबसे बड़ा शहर है। 2011 में सीरिया में शुरू हुए सिविल वॉर के दौरान भी हमा पर विद्रोहियों का कब्जा नहीं हो पाया था। तब भी ये शहर सरकारी नियंत्रण में था। ऐसे में यहां इस बार विद्रोहियों का कब्जा उनके लिए बड़ी जीत है। इससे पहले शनिवार को विद्रोहियों ने जिस अलेप्पो शहर पर कब्जा किया था। वह सीरिया का प्रमुख ट्रेड हब है। सीरिया का सबसे बड़ा संगठन बना HTS HTS पहले अल कायदा से जुड़ा रहा है। सुन्नी गुट HTS का नेतृत्व अबू मोहम्मद अल-जोलानी कर रहा है। जोलानी बीते कई साल से अल असद सरकार के लिए खतरा बना हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अल-जोलानी का जन्म 1982 में गोलान हाइट्स में हुआ। जोलानी ने 2003 में इराक पर अमेरिकी हमले के बाद मेडिकल की पढ़ाई बीच में छोड़कर अल-कायदा ज्वाइन कर लिया था। वह अल कायदा में अबू मुसाब अल-जरकावी का करीबी रहा। 2006 में जरकावी की हत्या के बाद जोलानी ने लेबनान और इराक में समय बिताया। जोलानी को इराक में अमेरिकी सेना ने गिरफ्तार भी किया था। हालांकि 2008 में उसे रिहा कर दिया गया। इसके बाद वह इस्लामिक स्टेट के साथ जुड़ गया। सीरिया में 2011 में असद के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच जोलानी सीरिया आ गया। इसके बाद उसने जबात अल-नुसरा का गठन किया और असद सरकार के खिलाफ जंग छेड़ दी। साल 2017 में अल-नुसरा कुछ दूसरे आतंकी गुटों के साथ मिलकर हयात तहरीर अल-शाम (HTS) बना। HTS अब सीरिया में सबसे शक्तिशाली विद्रोही गुट है और अलेप्पो और हमा पर कब्जे से पहले इस संगठन का इदलिब पर कब्जा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संगठन के बाद 30 हजार लड़ाके हैं। अमेरिका ने 2018 में इस संगठन को आतंकी लिस्ट में डाला था। क्या असद सरकार शासन खत्म हो जाएगा? वाशिंगटन डीसी में मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट के एक वरिष्ठ फेलो इब्राहिम अल-असिल ने कहा कि असद की सेना और विद्रोही गुट के बीच असल लड़ाई अभी शुरू नहीं हुई है। असद एक पुरानी रणनीति पर काम कर रहे हैं, जो उनके लिए पहले भी कारगर रही है। पहले पीछे हटना, एकजुट होना, किलेबंदी करना और फिर जवाबी हमला करना। विद्रोहियों को अगर जीत हासिल करनी है तो उन्हें पता होना चाहिए कि कब रूक जाना है। असद इन विद्रोहियों को रोकने के लिए रासायनिक हथियारों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। सीरिया में 2011 में शुरू हुआ गृह युद्ध 2011 में अरब क्रांति के साथ ही सीरिया में गृह युद्ध की शुरुआत हुई थी। सीरिया के लोगों ने 10 साल से सत्ता में काबिज बशर अल-असद सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए। इसके बाद ‘फ्री सीरियन आर्मी’ के नाम से एक विद्रोही गुट तैयार हुआ। विद्रोही गुट के बनने के साथ ही सीरिया में गृह युद्ध की शुरुआत हो गई थी। इसमें अमेरिका, रूस, ईरान और सऊदी अरब के शामिल होने के बाद ये संघर्ष और बढ़ता गया। इस बीच, सीरिया में आतंकवादी संगठन ISIS ने भी पैर पसार लिए थे। 2020 के सीजफायर समझौते के बाद यहां सिर्फ छिटपुट झड़प ही हुई हैं। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, एक दशक तक चले गृहयुद्ध में 3 लाख से ज्यादा लोग मारे गए थे। इसके अलावा लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था। ——————————————– सीरिया में जंग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… सीरिया में विद्रोहियों ने 4 दिन में कब्जाया अलेप्पो शहर:सेना भागी, लोगों को घरों में रहने के आदेश ; रूसी हमले में 300 की मौत सीरिया में विद्रोही गुटों ने 4 दिन के भीतर अलेप्पो शहर के ज्यादातर हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला बुधवार को शुरू हुआ था और शनिवार तक आस-पास के गांवों पर कब्जा करते हुए लड़ाकों ने अलेप्पो का बड़ा हिस्सा अपने कंट्रोल में ले लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles