अमेरिका में 2 सांसदों को घर में घुसकर गोली मारी:महिला सांसद और पति की मौत; दूसरे सांसद और उनकी पत्नी घायल

0
26

अमेरिका के मिनेसोटा के दो डेमोक्रेटिक सांसदों को उनके घरों में गोली मार दी गई। पहली घटना में डेमोक्रेटिक स्टेट रिप्रेजेंटेटिव मेलिसा हॉर्टमैन और उनके पति मार्क की मौत हो गई है। दूसरी घटना में डेमोक्रेटिक स्टेट सीनेटर जॉन हॉफमैन और उनकी पत्नी येवेट को कई गोलियां मारी गई हैं। दोनों घायल हैं। दोनों की सर्जरी हुई है और डॉक्टरों को उम्मीद है कि वे बच जाएंगे। मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने घटना को लेकर कहा, ‘दोनों सांसदों पर हमला राजनीति से प्रेरित लग रहा है। मेलिसा एक शानदार जनसेवक थीं। उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।’ पुलिस ने बताया कि हमलावर अभी भी फरार है। उसने बंदूकधारी पुलिस अधिकारी का हुलिया धारण कर रखा है। उसने ऐसी वर्दी पहन रखी है, जिसे देखकर कोई भी उसे असली पुलिस वाला ही समझेगा। करीब 12km की दूरी पर दोनों सांसदों के घर
पुलिस के मुताबिक, दोनों सांसदों के घर एक दूसरे से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर चैम्पलिन और ब्रुकलिन पार्क में हैं। सीनेटर हॉफमैन और उनकी पत्नी यवेटे चैम्पलिन में रहते हैं। कपल को भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे गोली मारी गई थी। हॉफमैन को कम से कम दो गोलियां लगीं और यवेटे को तीन बार गोली मारी गई। कपल के साथ उनकी बेटी होप भी रहती हैं। हालांकि, घटना के वक्त वह घर में थीं या नहीं, इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, मेलिसा हॉर्टमैन और उनके पति मार्क पर ब्रुकलिन पार्क इलाके में हमला हुआ। पुलिस ने पूरे इलाके में हमलावर की खोजबीन शुरू कर दी है। ब्रुकलिन पार्क में लोगों को घर के अंदर ही रहने के लिए कहा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर कोई अनजान आदमी दरवाजा खटखटाए, तो गेट न खोलें, बल्कि पहले 911 पर कॉल कर जानकारी दें। किसी अकेले पुलिस अफसर के होने पर भी गेट नहीं खोलने के लिए कहा गया है। लोगों से कहा गया है कि जब तक दो पुलिस अधिकारी साथ न आएं, तब तक दरवाजा मत खोलिए। यह हमला राजनीतिक कारणों से किया गया या किसी और वजह से यह अभी साफ नहीं है, लेकिन पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है। 21 मई को इजराइली दूतावास के 2 स्टाफ की हत्या हुई थी अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में 24 दिन पहले इजराइली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अपराधी ने ‘फ्री फिलिस्तीन’ का नारा लगाकर दोनों को नजदीक से गोली मारी है। घटना के वक्त दोनों कर्मचारी कैपिटल यहूदी म्यूजियम से बाहर निकल रहे थे। दोनों ने हाल ही में सगाई की थी और जल्द ही शादी करने वाले थे। पूरी खबर पढ़ें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here