अमेरिकी उपराष्ट्रपति बोले-हमने ग्रेटा को झेला, आप मस्क को झेलिए:यूरोपीय देशों पर फ्री स्पीच को कमजोर करने का आरोप लगाया

0
40

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने जर्मनी से कहा है कि जैसे अमेरिका ने क्लाइमेट एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग की आलोचनाओं को सहा था, वैसे ही वे भी इलॉन मस्क की आदत डाल लें। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक जर्मनी में म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने गए वेंस ने शुक्रवार को कहा कि जब अमेरिकी लोकतंत्र 10 साल से थनबर्ग की आलोचना झेल सकता है, तो आप भी मस्क को कुछ महीने झेल सकते हैं। दरअसल, जर्मन नेता मस्क पर यूरोपीय चुनाव को प्रभावित करने और दक्षिणपंथी पार्टी AFD का समर्थन करने का आरोप लगा रहे हैं। वेंस ने यूरोपीय नेताओं पर फ्री स्पीच को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। फ्री स्पीच को रोकना- लोकतंत्र को खत्म करने का तरीका
वेंस ने कहा कि यूरोप को सबसे बड़ा खतरा रूस और चीन से नहीं है, बल्कि खुद ‘यूरोप’ से है। वेंस ने अपने 20 मिनट के भाषण में जर्मनी, ब्रिटेन समेत कई सहयोगी यूरोपीय देशों की आलोचना की। उपराष्ट्रपति ने कहा- यूरोपीय देशों में सोशल मीडिया को सेंसर किया जा रहा है। मेरा मानना है कि मीडिया पर दबाव बनाना, लोगों की चिंताओं की परवाह न करना, चुनाव में हस्तक्षेप करने जैसी चीजें लोकतंत्र को खत्म करने का पक्का तरीका है। उन्होंने यूरोपीय देशों पर चुनावों में हस्तक्षेप करने और ईसाइयों के अधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उनके पूरे भाषण के दौरान हॉल में सन्नाटा छाया रहा। वेंस ने अपने संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को वाशिंगटन डीसी का नया शेरिफ (हाकिम) बताया। वेंस ने स्वीडन और रोमानिया की भी आलोचना की
वेंस ने रोमानिया की भी आलोचना की। इस यूरोपीय देश ने रूसी हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए दिसंबर में चुनाव रद्द कर दिया था। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कुरान जलाने वाले शख्स को अपराधी बताने के लिए स्वीडन की भी आलोचना की। वेंस ने यूरोपीय देशों की सरकार पर अपने मूल्यों से पीछे हटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूरोप अप्रवासी चिंताओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। वेंस ने यूरोपीय देशों से अप्रवासन पर रास्ता बदलने की अपील की। उनकी यह टिप्पणी म्यूनिख में एक 24 साल के अफगान शख्स को कार से टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद आई, जिसमें 36 लोग घायल हो गए थे। वेंस ने पूछा कि हमें कितनी बार और ऐसी घटनाएं देखनी होंगी। वेंस ने कहा- यह एक भयानक कहानी है। दुर्भाग्य से हम इसे कई बार यूरोप में होते देख चुके हैं। अमेरिका की भी यही कहानी है। एक शरणार्थी जो उम्र के तीसरे दशक में है। जो पहले से अपराध कर चुका है और भीड़ में कार घुसा देता है और दूसरे धर्म के लोगों को मारने की कोशिश करता है। वेंस बोले- अपनी सुरक्षा पर काम करे यूरोपीय देश
वेंस ने अप्रवासी चिंता पर ध्यान न देकर लोकलुभावन वादे करने वाली पार्टियों पर भी सवाल उठाए। अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि यूरोप को अपनी सुरक्षा के लिए काम करना चाहिए। वेंस ने कहा कि यूरोप का एक भी वोटर ने उन लाखों अप्रवासियों को देश में शरण देने के लिए वोट नहीं दिया है। वेंस ने जर्मनी की दक्षिणपंथी पार्टी (AFD) की अछूत करार देने के लिए बाकी पार्टियों की आलोचना की। उन्होंने इस राजनीतिक अलगाव को ‘फायरवाल’ बताया। वेंस ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों की आवाज मायने रखती है। यह इसी पर टिका है। फायरवाल के लिए लोकतंत्र में कोई जगह नहीं है। अमेरिकी उपराष्ट्रति के बयान से नाराज हुए जर्मन नेता
वेंस की इस धमकी जर्मनी के कई नेता नाराज हो गए हैं। जर्मन रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने कहा ऐसे आरोपों को स्वीकार नहीं किया जा सकता। पिस्टोरियस ने कहा कि AfD जर्मनी में किसी भी अन्य राजनीतिक दल की तरह ही अपना प्रचार करने और अपने मैसेज देने के काबिल है। हालांकि उन्होंने इस पार्टी को चरमपंथी बताया। उन्होंने कहा पिस्टोरियस ने कहा कि लोकतंत्र को उन चरमपंथियों से खुद का बचाव करने के काबिल होना चाहिए जो इसे नष्ट करना चाहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here