अहमदाबाद प्लेन हादसे में लापता फिल्ममेकर महेश जीरावाला का निधन:डीएनए जांच से पुष्टि हुई, परिजनों को सौंपा गया शव

0
197

12 जून को अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे के बाद से लापता गुजराती फिल्ममेकर महेश जीरावाला के निधन की पुष्टि हो गई है। डीएनए जांच के जरिए उनकी पहचान की गई, जिसके बाद उनका शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि, शुरुआत में परिवार इस बात को मानने को तैयार नहीं था कि दुर्घटना में महेश जीरावाला की मौत हो गई है, लेकिन जब पुलिस ने बताया कि हादसे की जगह से उनकी एक्टिवा स्कूटी जली हुई हालत में बरामद हुई है और उसके नंबर से उसकी पुष्टि हुई है, साथ ही डीएनए रिपोर्ट सहित अन्य ठोस सबूत भी पेश किए गए, तो परिवार पूरी तरह टूट गया। बता दें, कुछ समय जांच में सामने आया था कि महेश की आखिरी लोकेशन उस जगह से महज 700 मीटर दूर थी, जहां प्लेन क्रैश हुआ था। क्रैश के बाद से ही उनका नंबर बंद था। पुलिस लगातार महेश की जांच में जुटी हुई थी। वहीं उनके DNA सैंपल भी टीम को सौंपे गए थे, जिन्हें हादसे की जगह से मिली लाशों से मैच किया गया। पीटीआई से बातचीत में महेश की पत्नी हेतल ने बताया था कि वो 12 जून को अहमदाबाद के लॉ गार्डन गए थे। वहां उनकी एक मीटिंग थी। दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर उन्होंने पत्नी को कॉल कर बताया था कि मीटिंग खत्म हो चुकी है और वो घर लौट रहे हैं। कुछ देर बाद जब वो नहीं लौटे तो पत्नी ने उन्हें कॉल किया, लेकिन उनका नंबर बंद था। कई घंटों तक जब महेश से संपर्क नहीं हुआ और वो घर नहीं लौटे, तो हेतल ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। जांच में सामने आया कि महेश का मोबाइल ठीक 1 बजकर 40 मिनट पर बंद हुआ था, जिस समय प्लेन क्रैश हुआ। उनकी गाड़ी भी कहीं बरामद नहीं हुई है। हेतल ने ये भी बताया है कि वो आमतौर पर उस रास्ते से नहीं आते थे, जहां हादसा हुआ है, लेकिन उस रोज उनकी आखिरी लोकेशन प्लेन क्रैश की जगह से महज 700 मीटर दूर थी। घटनास्थल पर कई गाड़ियां जलकर राख हो गई थीं और कई लोग इतनी बुरी तरह झुलस गए कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल था। ऐसे में परिवार को शंका थी कि कहीं महेश भी हादसे की चपेट में न आ गए हों।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here