जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने रायपुर के स्टील कारोबारी दिनेश मिरानिया की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों ने पत्नी, बेटे और बेटी के आंखों के सामने मारी है। पत्नी के चेहरे पर बारूद के छींटे पड़ें हैं, जिससे गहरा घाव हो गया। बच्चों को भी हल्की चोट है। मिली जानकारी के मुताबिक दिनेश मिरानिया (45) को जिस दिन गोली मारी गई, उसी दिन उनकी शादी की सालगिरह थी। वह परिवार के साथ खुशियां मनाने बैसरन घाटी गए थे। वहां पत्नी नेहा, बेटा शौर्य और बेटी लक्षिता के साथ सेलीब्रेट कर रहे थे, तभी आतंकियों गोलियों से भून डाला। परिवार के सदस्य रात में ही जम्मू के लिए रवाना हो गए थे। दिनेश का शव रायपुर लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार रायपुर में किया जाएगा। परिवार में मातम पसर गया है। दोनों बच्चे भी डरे-सहमे हैं, किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं। 11 पर्यटकों को कपड़ा व्यवसायी नजाकत अली ने बचाया आतंकी हमले में चिरमिरी के 4 परिवारों के 11 लोग भी फंस गए थे। इनमें 3 बच्चे भी शामिल थे। सभी गर्मी की छुट्टियां मनाने 18 अप्रैल को चिरमिरी से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुए थे। 21 अप्रैल को सभी पहलगाम पहुंच थे। पर्यटकों में शिवांश जैन, हैप्पी वधावन, अरविंद अग्रवाल और कुलदीप स्थापक अपने परिवारों के साथ पहलगाम पहुंचे थे। हमले के समय सभी लोग पहलगाम में ही थे। शिवांश जैन ने बताया कि भू-स्खलन के कारण सड़क पर जाम लगा था। सड़क के दोनों ओर पर्यटकों की भीड़ थी, तभी अचानक फायरिंग शुरू हो गई। कारोबारी दिनेश मिरानिया के घर के बाहर की तस्वीरें जम्मू के पास रिश्तेदार के यहां चल रही थी भागवत कथा दिनेश के चाचा के भाई मनीष सिंघानियां ने बताया कि जम्मू के पास रिश्तेदार रहते हैं। उनके यहां भागवत कथा चल रही है। दिनेश को कथा में भी शामिल होना था। पूरा परिवार रविवार सुबह रवाना हुआ। रविवार को ही देर शाम जम्मू पहुंच गए थे। सोमवार को रिश्तेदार के घर पूजा में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह पुलवामा के बैसरन घाटी पहुंचे। वे बच्चों के साथ घूम रहे थे। दोपहर को आतंकियों ने घेरेबंदी की हमला कर दिया। पत्नी नेहा, बेटा शौर्य और बेटी लक्षिता के सामने ही उन्होंने दिनेश को गोली मारी। दिनेश को गंभीर हालत में सेना के अस्पताल ले जाया गया। उस समय तक हम सबको उम्मीद थी हमारा दिनेश बच जाएगा। बच्चों को लेकर भागी, तब बची जान नेहा मिरानिया उर्फ नेहा अग्रवाल ने ही पति की मौत की खबर रायपुर में अपने रिश्तेदारों को दी। नेहा ने रिश्तेदारों को फोन पर जो बताया उसके अनुसार… दोपहर में हम चारों बैसरन घाटी घूम रहे थे। अच्छा लोकेशन देखकर दिनेश बच्चों के साथ फोटो ले रहे थे। वहां चारों ओर और भी कई लोग मौजूद थे, तभी घाटियों से हथियारों से लैंस आतंकी आए। पहले तो हम समझे नहीं वो कौन लोग हैं। करीब आते ही उन्होंने एकाएक हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों को नाम पूछा और गोली मार दी। वो सिर्फ पुरुषों को ही निशाना बना रहे थे। हमले के दौरान वहां चीख पुकार और भगदड़ मच गई। इस बीच कुछ स्थानीय लोग सामने आए उन्होंने महिला और बच्चों को बचाया। उसी दौरान मुझे भी बच्चों के साथ भागने का मौका मिला, फिर हम वहां से सेना के कैंप में गए। जहां सभी को सुरक्षित रखा गया। पत्नी को आई चोट कारोबारी की पत्नी नेहा को चेहरे में गहरी चोट आई है। बच्चे भी जख्मी हुए हैं। नेहा के चेहरे में बारुद के छींटे पड़े हैं। मौत का मंजर देखने से सभी डरे-सहमे हैं। बच्चे तो फोन पर भी किसी से बात करने की स्थिति में नहीं है। चार भाइयों में छोटे थे दिनेश मिरानिया दिनेश का स्टील का कारोबार है। दिनेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह परिवार के साथ समता कॉलोनी में रहते थे। एक भाई की पहले ही मौत हो गई है। उसके 2 बड़े भाई हैं। यह परिवार मूलत: ओडिशा का रहने वाला है। कई साल पहले रायपुर आकर बस गया। बेटा बेंगलुरु में पढ़ता है, छुट्टियां मनाने आया था दिनेश का बेटा शौर्य बेंगलुरु में 12वीं की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी रायपुर में 9वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। पत्नी नेहा गृहिणी है। अभी छुट्टियां चल रही हैं। इसी वजह से उसने औन पत्नी ने छुट्टियों में एक साथ घूमने जाने का प्लान बनाया था, लेकिन आतंकी हमले का शिकार हो गए। अब जानिए मंगलवार को रायपुर में क्या-क्या हुआ ? रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया को गोली लगने की खबर जैसे ही प्रशासन को लगी रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, SSP लाल उम्मेद सिंह समेत पुलिस-प्रशासन की टीम उनके घर पर पहुंची थी, लेकिन घर पर कोई सदस्य नहीं था। घर में ताला लगा था। पाकिस्तान के इशारे पर गोली मारी गई- अमर बंसल दिनेश मिरानिया के रिश्तेदार अमर बंसल ने कहा कि वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ थे। धर्म पूछकर और नाम पूछकर उनको गोली मारी गई है। जिस तरह से विधर्मियों ने काम किया है, भारत को डराने-धमकाने के लिए किया है, वह चलेगा नहीं। आतंकी पाकिस्तान के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं। साय बोले- आतंकियों को सुरक्षाबल मुंहतोड़ जवाब देंगे छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी पोस्ट में कहा- जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कायर आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया है। हमले में मारे गए पर्यटकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साय ने लिखा कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे। सुरक्षाबल इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। कायराना करतूत का करारा जवाब मिलेगा वहीं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। इस आतंकी हमले में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। आतंकवादियों की इस कायराना करतूत का करारा जवाब मिलेगा। कायराना हमले का हमारे जवान करारा जवाब देंगे- भूपेश वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने X पर लिखा कि कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला दुखद है, कायराना है। इस कायराना हमले के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। हमारे जवान करारा जवाब देंगे। मोदी सरकार और खुफिया एजेंसियों की विफलता छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने पहलगाम हमले पर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने भारत के स्वर्ग कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना हमला किया। आतंकवादियों के इस कायराना हमले से युवा कांग्रेस बेहद आहत है। आतंकवाद के इस क्रूर कृत्य की हम कड़ी निंदा करते हैं। यह हमला देश की मोदी सरकार और खुफिया एजेंसियों की विफलता को पूर्ण रूप उजागर करता है। उनके इंटेलिजेंस फेलियर का या नतीजा है। इमरजेंसी हेल्प डेस्क नंबर अनंतनाग पुलिस ने पर्यटकों के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 9596777669 और 01932225870 जारी किए हैं। इसके अलावा वॉट्सऐप नंबर 9419051940 जारी किया है। श्रीनगर पुलिस की हेल्प डेस्क इमरजेंसी नंबर 0194-2457543, 0194-2483651, एडीसी श्रीनगर आदिल फरीद का नंबर 7006058623 जारी किया है। हमले में 27 टूरिस्ट की मौत दरअसल, जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने मंगलवार को पर्यटकों पर फायरिंग की, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक इटली और एक इजराइल का पर्यटक और 2 स्थानीय नागरिक शामिल हैं। बाकी पर्यटक गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के हैं। घटना मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे पहलगाम की बैसारन घाटी में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने एक टूरिस्ट से नाम पूछा, फिर उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद दूसरे पर्यटकों पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली है। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पहलगाम में हमले वाले इलाके को घेर लिया है। हेलिकॉप्टर से भी नजर रखी जा रही है। मरने वालों के नाम 1. मनुज नाथ (कर्नाटक) 2. शिवम मोगा (कर्नाटक) 3. लेफ्टिनेंट विंजय नरवाल (हरियाणा) 4. शुभम द्विवेदी (यूपी) 5. दिलीप डेसले (महाराष्ट्र) 6. अतुल मोहने (महाराष्ट्र) 7. सैयद हुसैन शाह (अनंतनाग) 8. सुदीप नेवपाने (नेपाल) 9. बिटन अधकेरी उधवानी कुमार (यूएई) 12. संजय लेले 13. हिम्मत कलाथय 14. प्रशांत कुमार 15. मनीष रंजन (हैदराबाद) 16. रामचन्द्रन 17. शलिंदर कल्पिया 18. दिनेश मिरानिया (छत्तीसगढ़) घायलों के नाम 1. विनो भट्ट (गुजरात) 2. एस बालचंद्रू (महाराष्ट्र) 3. अभिजवन राव (कर्नाटक) 4. संतरू (तमिलनाडु) 5. साहसी कुमारी (ओडिशा) 6. डॉ. परमेश्वर 7. माणिक पाटिल 8. रिनो पांडे मोदी बोले- आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक मंसूबा कभी कामयाब नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा। राहुल गांधी ने कहा कि, आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों के बजाय अब जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाए, ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं न होने पाएं। ………………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए…. जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के बाद सबसे बड़ा हमला, 26 मौतें: आतंकियों ने टूरिस्ट के नाम पूछकर गोली मारी, इजराइल-इटली के 2 टूरिस्ट मारे गए जम्मू-कश्मीर में 2019 के पुलवामा अटैक के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने मंगलवार को पर्यटकों पर फायरिंग की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक इटली और एक इजराइल का पर्यटक और 2 स्थानीय नागरिक शामिल हैं। बाकी पर्यटक गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के हैं।। पढ़ें पूरी खबर…
