छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर कार और बोलेरो की टक्कर में 2 युवक जिंदा जल गए। गुरुवार (11 सिंतबर) रात किलेपाल के पास हुए हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने युवकों बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी बढ़ चुकी थी कि दोनों को निकाल नहीं पाए। मामला कोडेनार थाना क्षेत्र का है। घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार सवार युवक तड़पते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं बोलेरो में भी आग लग गई थी। किसी तरह बोलेरो सवार 2 युवकों को बाहर निकाल लिया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के मुताबिक कार सवार दोनों युवक गीदम के रहने वाले थे, जो रात में कोडेनार के पास स्थित एक ढाबा में खाना खाने जा रहे थे। इसी बीच जगदलपुर की तरफ से एक बोलेरो आ रही थी। तभी दोनों गाड़ी आमने-सामने टकराई और आग लग गई। देखिए हादसे के बाद की तस्वीरें- टक्कर के बाद कार-बोलेरो दोनों में लगी आग टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बोलेरो दोनों में आग लग गई। कार सवार दोनों युवक कार में फंसे रह गए। घटना के वक्त इस रास्ते से गुजर रहे अन्य लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। इस वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहीं बोलेरो में भी 2 युवक सवार थे। जब आग लगी तब इन्हें बोलेरो से बाहर निकाल लिया गया था। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। मृतकों की जानकारी जुटी रही पुलिस जगदलपुर ASP महेश्वर नाग ने दैनिक भास्कर से कहा कि दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। इतना पता लगा है कि दोनों गीदम के रहने वाले हैं। बाकी घायल और मृतकों की जानकारी जुटाई जा रही है। ……………………………… छत्तीसगढ़ की ये खबर भी पढ़ें… रायपुर के घर में सिलेंडर ब्लास्ट का LIVE VIDEO: 5 मिनट के अंदर 2 धमाके, दीवारों और छत पर पड़ी दरारें, मची चीख-पुकार रायपुर में बुढ़ेश्वर मंदिर के पास एक मकान में भीषण आग लग गई। आग से घर के भीतर रखे 2 सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ है। सिलेंडर फटने का वीडियो दैनिक भास्कर के कैमरे में कैद हुआ है। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
