पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर चलाया। पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया। अब इस एक्शन के बाद बुधवार शाम को रायपुर में जश्न देखने को मिल रहा है। रायपुर की सड़कों पर लोग तिरंगा लेकर निकल रहे और सेना के पराक्रम को सलाम कर रहे हैं। दरअसल, तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा शुरू की गई है, जो जयस्तंभ चौक पर खत्म होगी। भाजपा इस तिरंगा यात्रा का आयोजन कर रही है। जिसमें सर्व समाज, साधु-संतों और सैनिक परिवार भी शामिल हुए हैं। रैली में सीएम साय समेत कई विधायक और नेता शामिल हैं। इसका आयोजन प्रदेश स्तर, जिला स्तर और मंडल स्तर पर किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि, अब पाकिस्तान ने नजर उठाकर देखा तो कड़ा प्रहार होगा। रायपुर शहर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि, पाकिस्तान सुधर जाए वरना उसे उजाड़ देंगे। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि, पाकिस्तान को घुसकर मारेंगे।