कन्हैयालाल हत्याकांड पर बनी फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ आज देशभर के 4500 स्क्रीन पर रिलीज हो गई है। उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल, अरबन स्क्वायर और लेकसिटी मॉल में 3 स्क्रीन में भी लगी है। हालांकि तीनों में एक-एक शो ही दिखाया जाएगा। तीनों मॉल और आस-पास पुलिस सुरक्षा में लगी होगी। कन्हैयालाल साहू की पत्नी जशोदा और दोनों बेटे यश और तरूण भी मूवी देखने पहुंचे। बेटे यश तेली ने बताया- आतंकवादी मानसिकता वाले लोगों ने उनके पिता की हत्या को कैसे अंजाम दिया। उस पूरे घटनाक्रम के बारे में मूवी में दिखाया गया है। उन्होंने लोगों से भी मूवी देखने की अपील की है।
शहर में सबसे पहला शो सुखेर स्थित अरबन स्क्वायर मॉल में सुबह 11 बजे शुरू हुआ। सेलिब्रेशन मॉल में शाम 6:05 बजे से और लेकसिटी मॉल में शाम 7:35 बजे से शुरू होगा। फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनाते ने किया है। इसके निर्माता अमित जानी है। कन्हैयालाल के किरदार में बॉलीवुड एक्टर विजय राज है। रजनीश दुग्गल और प्रीति झांगियानी भी अहम किरदार में नजर आएंगे।
