कलेक्टर-एसपी ने नक्सल प्रभावित इलाके में देखी चुनावी तैयारी:बलरामपुर में एक सप्ताह पहले मिले थे नक्सली पोस्टर, कड़ी सुरक्षा के बीच होगा मतदान

0
52

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 के लिए सुरक्षा व्यवस्था और तैयारी का जायजा लेने बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा और एसपी बैंकर वैभव गुरुवार को नक्सल प्रभावित क्षेत्र चुनचुना-पुंदाग पहुंचे। उन्होंने अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों के मतदान केंद्र चुनचुना, पुंदाग, जलजली, नावाडीहखुर्द, गदामी और कुदाग का जायजा लिया। कुसमी ब्लॉक में पहले चरण में 17 जनवरी को मतदान होगा। कलेक्टर और एसपी ने मतदान केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्र में दर्ज मतदाताओं की संख्या संबंधित जानकारी ली। सुरक्षित मतदान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में फोर्स सर्चिंग भी कर रही है। करीब दो दशक तक यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। साल 2003 तक कई चुनाव में पोलिंग पार्टियों को हेलीकाप्टर से भी भेजा गया था। नक्सली पोस्टर मिलने के बाद बढ़ी चिंता एक सप्ताह पहले इलाके में नक्सली पोस्टर अटल चौक और अन्य स्थानों पर चिपके मिले थे। छत्तीसगढ़ और झारखंड की फोर्स को बूढ़ा पहाड़ में चलाए गए संयुक्त सर्चिंग अभियान के बाद पहली बार इलाके में नक्सली पोस्टर मिले। हालांकि इसके बाद भी नक्सलियों के आईएडी बरामद किए जाते रहे हैं। नक्सली पोस्टर चिपके मिलने के बाद से क्षेत्र में नक्सलियों की सर्चिंग तेज कर दी गई है। मुखबिरों से जानकारी भी एकत्र की जा रही है। इलाके की पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से चुनचुना, पुंदाग और बाकी गांवों तक आएगी। स्ट्रॉन्ग रूम का भी निरीक्षण कलेक्टर और एसपी ने कुसमी के बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का भी निरीक्षण किया। यहां निकाय चुनाव के ईव्हीएम रखे गए हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जनपद पंचायत परिसर में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है, जहां से पोलिंग पार्टियां सामान उठाएंगी और जमा करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here