कोरबा में पति ने गुस्से में पत्नी की हत्या की:पैसे न देने पर गला घोंटा, नशे में शव के पास पड़ा रहा, आरोपी गिरफ्तार

0
2

कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम डामौकुंडा में एक हत्या की वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बांगो थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना तब सामने आई जब मृतिका के बेटे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि घर में केवल उसके माता-पिता रहते थे। घटना वाले दिन उसके पिता कल्लू उर्फ कल्याण सिंह ने उसे फोन कर बताया कि उसकी मां उठ नहीं रही है और उसे घर आने को कहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बांगो थाना पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया और पंचनामा की कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी भेजा गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि महिला की सामान्य मौत नहींए उसकी हत्या की गई है। जिसके आधार पर अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया। जांच के दौरान, 41 वर्षीय मृतिका हिरोंडिया के पति 42 वर्षीय कल्याण सिंह पर संदेह गहराया, क्योंकि घटना की सूचना उसी ने अपने पुत्र को दी थी और घटना के समय घर में केवल वे दोनों ही मौजूद थे। संदिग्ध कल्याण सिंह से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पिछले 2-3 दिनों से वह अपनी खराब पड़ी मोटरसाइकिल बनवाने के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था। पत्नी ने यह सोचकर पैसे देने से मना कर दिया कि वह शराब पीकर पैसे खर्च कर देगा। आरोपी ने बताया कि 07 फरवरी 2026 को भी उसने पैसे की मांग की। पैसे न देने पर उसने अपनी पत्नी हिरोंडिया मरावी का अपने हाथों से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को सामान्य दिखाने के लिए उसने शव को सोई हुई अवस्था में लिटा दिया और खुद शराब पीकर कमरे में बेसुध पड़ा रहा, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो। मृतिका और आरोपी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे अविवाहित हैं और कटघोरा स्थित बर्फ फैक्ट्री में काम करते हैं। घर पर पति-पत्नी ही रहते थे। बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here