ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी। अब भारत को सीरीज में बने रहने के लिए एडिलेड में 23 अक्टूबर को होने वाला दूसरा मैच हर हाल में जीतना होगा। इस मैच के लिए भारतीय टीम के पास दो अच्छी खबर है। भारत ने एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले दो वनडे मुकाबलों में जीत हासिल की है। इसके अलावा स्टार बल्लेबाज विराट कोहली यहां रनों का अंबार लगाते रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में जीत की हैट्रिक का मौका
एडिलेड ओवल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 6 बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इनमें से 4 में ऑस्ट्रेलिया ने और 2 में भारत ने जीत हासिल की है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की 4 जीत शुरुआती 4 मैचों में ही आई थी। भारत ने यहां कंगारू टीम को पिछले 2 वनडे में हराया है। गौतम गंभीर ने बनाए थे 92 रन, धोनी ने फिनिश किया मुकाबला
भारत को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के ऊपर पहली जीत 2012 में मिली थी। तब टीम इंडिया ने 270 रन के टारगेट को 2 गेंद बाकी रहते चेज कर लिया था। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की थी और 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 269 रन बनाए थे। डेविड हसी (72 रन) और पीटर फॉरेस्ट (66 रन) ने हाफ सेंचुरी जमाई थी। जवाब में भारत ने 49.4 ओवर में 6 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। भारत की ओर से गौतम गंभीर ने सबसे ज्यादा 92 रन बनाए थे। गंभीर अभी भारतीय टीम के कोच हैं। यह मैच गंभीर के 92 रन से ज्यादा धोनी की फिनिशिंग के लिए याद किया जाता है। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन की जरूरत थी और 6 विकेट गिर गए थे। गेंदबाजी पर क्लिंट मैके थे। रविचंद्रन अश्विन आखिरी ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए थे। दूसरी गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया। भारत को 4 गेंद पर 12 रन की जरूरत थी। धोनी ने तीसरी गेंद पर छक्का जमाया। अगली गेंद नो बॉल थी और इस पर धोनी ने 2 रन और बना लिए। ओवर की चौथी गेंद पर धोनी ने 3 रन और बनाए और भारत को जीत दिला दी। 2019 में विराट की सेंचुरी से जीता था भारत
एडिलेड में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आखिरी वनडे मैच 2019 में खेला गया था। इस मैच में भारतीय टीम ने विराट कोहली की सेंचुरी की बदौलत छह विकेट से शानदार जीत हासिल की थी। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में भी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। शॉन मार्श के 131 रन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 298 रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार ने 4 और मोहम्मद शमी ने 3 विकेट लिए। जवाब में भारत ने 49.2 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। किंग कोहली ने 112 गेंदों पर 104 रन बनाए। महेंद्र सिंह धोनी ने 55 रन बनाए। एडिलेड में 9 वनडे मैच जीत चुका है भारत
एडिलेड में वनडे क्रिकेट में भारत का ओवरऑल रिकॉर्ड अच्छा है। भारत ने यहां 15 वनडे मैच खेले हैं। इनमें से 9 में टीम को जीत मिली और 5 में हार का सामना करना पड़ा। 1 मैच टाई रहा है। एडिलेड में कोहली के 5 इंटरनेशनल शतक, वनडे में दो शतक
एडिलेड ओवल ग्राउंड भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए काफी अच्छा साबित हुआ है। विराट ने यहां 12 इंटरनेशनल मैचों (तीनों फॉर्मेट मिलाकर) में 65 की औसत से 975 रन बनाए हैं। इनमें 5 शतक शामिल हैं। भारत का कोई दूसरा बल्लेबाज यहां 600 रन भी नहीं बना पाया है। वनडे क्रिकेट में विराट ने यहां 4 मैचों में 83.84 की औसत से 244 रन बनाए हैं। इनमें दो शतक शामिल हैं। विराट इस ग्राउंड पर वनडे में भारत की ओर से दूसरे टॉप बैटर हैं। सबसे ज्यादा रन धोनी ने बनाए हैं। धोनी ने एडिलेड में 6 वनडे मैचों में 83.97 की 262 रन बनाए हैं। एडिलेड में रोहित शर्मा एक फिफ्टी भी नहीं लगा सके
एडिलेड में रोहित शर्मा अब तक एक फिफ्टी भी नहीं लगा सके हैं। तीनों फॉर्मट मिलाकर रोहित ने यहां 12 मैचों में मात्र 19.13 की औसत से 287 रन बनाए हैं। बेस्ट 43 रन है। वनडे की बात की जाए तो रोहित ने 6 पारियों में 131 रन बनाए हैं। उनके नाम एक भी फिफ्टी नहीं है। एडिलेड में कुलदीप-सिराज ने एक-एक वनडे खेले
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में अभी के भारतीय वनडे स्क्वॉड में से सिर्फ विराट कोहली, रोहित शर्मा, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ही खेले हैं। कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज यहां सिर्फ एक-एक वनडे खेले हैं। 2019 में सिराज ने 10 ओवर फेंककर 76 रन खर्च किए थे। वहीं कुलदीप यादव ने भी 10 ओवर में 66 रन दिए थे।