केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर रहेंगे। वे जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसी मंच से वे बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे। आज (शनिवार) सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे रायपुर में बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे, इसके बाद जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:35 बजे अमित शाह जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 2:45 बजे इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम पहुंचकर समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे सरेंडर किए नक्सलियों से भी मुलाकात करेंगे। गृहमंत्री शाह शाम 4:45 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर रहेंगे और 4:55 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। एक महीने में तीसरा दौरा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यह एक महीने में तीसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे राज्योत्सव और डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने प्रदेश आए थे। हर दौरे के दौरान गृहमंत्री शाह नक्सल ऑपरेशनों और एनकाउंटर की समीक्षा कर रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से सीधा फीडबैक ले रहे हैं। 3500 से ज्यादा खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा बस्तर ओलिंपिक के संभाग स्तरीय कार्यक्रम में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स समेत अन्य स्पोर्ट्स के करीब 3500 युवाओं ने भाग लिया हैं। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव इन सातों जिले से खिलाड़ी पहुंचे हैं। वहीं करीब 761 सरेंडर्ड नक्सली और नक्सल हिंसा पीड़ित परिवार के सदस्यों ने भी खेल में हिस्सा लिया है। इनकी टीम का नाम नुआ बाट रखा गया है। पिछले साल यह संख्या लगभग 300 की थी। जगदलपुर में भारी वाहनों की एंट्री बैन अमित शाह के दौरे को देखते हुए शहर में ट्रैफिक प्लान चेंज किया गया है। जगदलपुर से रायपुर, नगरनार की ओर आने वाली यात्री बसें डायवर्टेड रूट पर दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बस स्टैंड, बोधघाट, लमानी चौक होते हुए आड़ावाल बाइपास और NMDC चौक, आमागुड़ा चौक होते हुए जाएगी। शहर में ट्रक और भारी मालवाहक वाहन की एंट्री सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बैन रखी गई है। इमरजेंसी सेवा से संबंधित वाहनों को जगदलपुर आने और बाहर जाने के लिए छूट रहेगी। विमान यात्रियों को बोधघाट मार्ग होते हुए एयरपोर्ट आना-जाना होगा। कुम्हारपारा चौक से शहीद पार्क, चांदनी चौक से कलेक्ट्रेट मार्ग, इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम तक दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मार्ग प्रतिबंधित रहेगा। आम नागरिकों के लिए इस मार्ग को डायवर्ट किया गया है। ड्रोन कैमरे पर प्रतिबंध ड्रोन कैमरे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 3 लेयर में सुरक्षा व्यवस्था है। डॉग स्क्वायर्ड की टीम भी तैनात है। ……………………………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… DGP कॉन्फ्रेंस…भगोड़ों को भारत लाने पर बनी स्ट्रैटजी: PM बोले-AI और डेटा-ड्रिवन सिस्टम से चलेगी पुलिसिंग, महिला सुरक्षा के लिए देशभर में बने एक प्लेटफॉर्म IIM नवा रायपुर में 60वीं ऑल इंडिया DGP-IG कॉन्फ्रेंस खत्म हुई। इस दौरान PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस देश की सिक्योरिटी स्ट्रैटजी को बदलने के लिए एक प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करती है। पुलिस को अब जनता और युवाओं के बीच भरोसे की एक नई इमेज बनानी होगी। पढ़ें पूरी खबर…
