चीन में भारी बारिश, बाढ़ से 34 की मौत:राजधानी बीजिंग में 30 लोग मारे गए, 80 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया

0
28

चीन की राजधानी बीजिंग और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी टीवी चैनल सीसीटीवी के मुताबिक बीजिंग के मियुन जिले में 28 और यानछिंग जिले में 2 लोगों की जान गई है। ये दोनों इलाके शहर के बाहरी हिस्सों में स्थित हैं। बाढ़ के चलते बीजिंग से 80 हजार से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। इनमें से करीब 17 हजार मियुन जिले से हैं। लगातार बारिश की वजह से बीजिंग के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह तक 30 सेंटीमीटर तक पानी गिरने की संभावना जताई गई थी। बीजिंग से लगे हपेई प्रांत के लुआनपिंग काउंटी में सोमवार को भूस्खलन हुआ। इसमें 4 लोगों की मौत हुई और 8 लोग लापता हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में नेटवर्क बंद है और संपर्क साधना मुश्किल हो गया है। चीन में बाढ़ की तस्वीरें… बीजिंग में हाई अलर्ट, स्कूल और निर्माण कार्य बंद बीजिंग प्रशासन ने सोमवार रात 8 बजे टॉप लेवल इमरजेंसी रिस्पॉन्स जारी किया। इसके तहत सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। निर्माण कार्य और बाहरी गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है। चीन सरकार ने हपेई प्रांत को 50 मिलियन युआन की इमरजेंसी सहायता भेजी है। साथ ही चेंगदे, बाओडिंग और झांगजियाकौ जैसे प्रभावित शहरों में राहत कार्यों के लिए केंद्रीय टीमें रवाना की गई हैं। इससे पहले मियुन जिले के एक प्रमुख जलाशय का जलस्तर 1959 में इसके बनने के बाद से सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद प्रशासन ने इससे पानी छोड़ने का फैसला किया। निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। शी जिनपिंग ने पूरी ताकत से बचाव अभियान का आदेश दिया चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाढ़ में लापता लोगों की पूरी ताकत के साथ तलाश और बचाव अभियान चलाने के लिए कहा है। राष्ट्रपति शी ने कहा, जो लोग लापता हैं या फंसे हुए हैं, उन्हें बचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाए। प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और जानमाल के नुकसान को कम से कम करने के हरसंभव प्रयास किए जाएं। शी ने स्थानीय प्रशासन को चेतावनी दी कि वे नियंत्रण उपायों को लागू करें और सबसे बुरे और चरम हालात के लिए भी तैयार रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here