छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नगर पंचायत चुनाव से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया है। पीएम श्री स्कूल की दो महिला शिक्षिकाओं पर छात्रों को चुनावी प्रचार में ले जाने का आरोप है। गुंडरदेही क्षेत्र की घटना 7 फरवरी की है। पूर्व मुख्यमंत्री की चुनावी सभा में पीएम श्री प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका कुमारी नेहा गुप्ता को स्कूली बच्चों के साथ देखा गया। मामले की जांच के बाद प्रधान पाठक सविता यादव और शिक्षिका नेहा गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय विकास खंड अधिकारी कार्यालय, गुंडरदेही रहेगा। चुनाव ड्यूटी में नशे की हालत में शिक्षक, सस्पेंड एक अन्य मामले में, गुंडरदेही विकास खंड के बेलटिकरी गांव में चुनाव ड्यूटी के दौरान बालोद विकास खंड के हर्राठेमा प्राथमिक स्कूल के शिक्षक सुभाष सोरी नशे की हालत में पाए गए। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका मुख्यालय विकास खंड अधिकारी कार्यालय, बालोद निर्धारित किया गया है। प्रशासन की ओर से चुनाव संबंधी कार्रवाई जारी है। कई मतदान केंद्रों में हुई लापरवाही के मामलों की जांच की जा रही है। इन मामलों पर प्रशासन की आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
