छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में ACB की रेड:GRP के 3 कॉन्स्टेबल और रिश्वतखोर लेखा अधिकारी के ठिकानों पर चल रही कार्रवाई, कई दस्तावेज जब्त

0
146

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार कार्रवाई कर रहा है। रविवार को एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति के दो मामले में 6 जिलों में छापेमारी की है। इनमें गांजा तस्करी में शामिल तीन जीआरपी कॉन्स्टेबल और रिश्वत लेते गिरफ्तार एक लेखा अधिकारी भी शामिल हैं। दरअसल, ट्रेन में गांजा तस्करी मामले में पूर्व जीआरपी आरक्षकों से जुड़े 8 ठिकानों पर दबिश दी गई। इसके अलावा, कवर्धा जिले के जनपद पंचायत बोड़ला के निलंबित सहायक लेखा अधिकारी नरेन्द्र कुमार राउतकर के ठिकानों से लाखों कीमती जेवर और प्रॉपर्टी के पेपर मिले। ACB उन सभी दस्तावजों की जांच कर रही है। बिलासपुर, कोरबा, गरियाबंद और कोंडागांव पहुंची टीम एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि, बिलासपुर में गांजा तस्करी करते पकड़े गए जीआरपी के आरक्षक मन्नू प्रजापति, सतोष कुमार राठौर और लक्ष्मण गाइन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया गया है। उनके घरों और रायपुर-बिलासपुर की 6 टीमों ने बिलासपुर, कोरबा, गरियाबंद और कोंडागांव में छापेमारी की। तीनों आरोपियों के निवास स्थानों और अन्य जगहों से लाखों रुपए कीमती आभूषण, मकान-जमीन के दस्तावेज, कई बैंक अकाउंट और निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। दस्तावेजों का विश्लेषण और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। निलंबित लेखापाल नरेन्द्र के घर चल रही कार्रवाई ACB के अधिकारी ने बताया कि, 12 सितंबर को कवर्धा में बोड़ला जनपद सहायक लेखा अधिकारी नरेन्द्र कुमार राउतकर को एसीबी रायपुर की टीम ने ग्राम पंचायत आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य की किश्त निकालने के एवज में 1 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। इसी सिलसिले में उसके आनंद विहार कॉलोनी स्थित घर के अलावा कवर्धा और राजनांदगांव समेत तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी गई। जहां से आरोपी और उसकी पत्नी के नाम पर कई एकड़ जमीन, प्लाट, मकान के दस्तावेज, बैंक अकाउंट से संबंधित दस्तावेज, बच्चों के नाम पर किए गए निवेश से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। ……………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… ट्रेन में गांजा तस्करी…GRP के 4 कॉन्स्टेबल बर्खास्त: 45 बैंक खातों में 15 करोड़ के लेन-देन मिले; 250 ट्रेनों में रेकी; फिर एक्शन बिलासपुर में ट्रेनों में गांजा तस्करी के मामले में GRP के एंटी क्राइम यूनिट के चार आरक्षकों को बर्खास्त किया गया है। DGP की ATS टीम ने 250 ट्रेनों में रेकी के बाद चारों को पकड़ा था। जेल में बंद आरक्षक मन्नू प्रजापति, सौरभ नागवंशी, संतोष राठौर और लक्ष्मण गाइन पर पद का दुरुपयोग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। गांजा तस्करों से मिलकर ये अवैध कारोबार करने लगे थे। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here