छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर पलटी स्कूल बस…9 की मौत:इनमें 5 महिलाएं और 4 पुरुष, 78 घायल, ब्रेक फेल था, सड़क पर बिखरी रहीं लाशें

0
4

छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर ओरसा घाट में स्कूल बस के पलटने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 78 लोग घायल हो गए हैं। इनमें 20 से ज्यादा की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायलों को गुमला और रांची के अस्पतालों में दाखिल किया गया है। मामला लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर छत्तीसगढ़ की सीमा से करीब 7 किलोमीटर दूर ओरसा घाट में बस बेकाबू होकर पलट गई। बस में सवार होकर बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत, महाराजगंज, झपरा, बुद्धीडीह के निवासी 86 लोग सगाई में शामिल होने ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की बस में सवार होकर झारखंड के महुआडांड थाना क्षेत्र के लोधफाल जा रहे थे। हादसे से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए…. जानिए हादसा कैसे और कहां हुआ ? बस ओरसा बंगलादारा घाटी में पहुंची थी, तभी ढलान में बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। इस दौरान तेज रफ्तार बस पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर करीब 20 फीट खाई में जाकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 4 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बस का ब्रेक हो गया था फेल, नहीं हुई कंट्रोल वहीं बस ड्राइवर विकास पाठक ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही ब्रेक नहीं लगने का अहसास हुआ। स्थिति को संभालने के लिए हैंड ब्रेक का उपयोग किया। इसके बाद इंजन भी बंद कर दिया, लेकिन ढलान होने के कारण बस बेकाबू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्री बस के अंदर सीटों और लोहे के ढांचे के बीच फंस गए, जबकि कुछ यात्री उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महुआडांड़ पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायलों को गुमला, लातेहार हॉस्पिटलों में भर्ती किया गया है। गुमला अस्पताल में दो पुरुषों की और लातेहार सदर अस्पताल में एक महिला ने दम तोड़ दिया। कुछ घायलों को अंबिकापुर और रांची लाया गया। 20 से अधिक घायलों को देर रात तक रेफर कर दिया गया है। पांच महिलाओं सहित 9 की मौत
मृतकों में पीपरसोत निवासी रेशांति देवी (35), प्रेमा देवी (37), सीता देवी (45), सुखना भुइयां (40) और सोनामति देवी (45), महाराजगंज बलरामपुर निवासी विजय सिंह (32), विकास कुमार और एक महिला शामिल है। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। सीएम ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए
झारखंड के ओरसा घाट में भीषण सड़क दुर्घटना में बलरामपुर जिले के लोगों की हुई मौतों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और क्षेत्रीय विधायक कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल यात्रियों के आवश्यक उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। आज बलरामपुर लाए जाएंगे शव
हादसे में मारे गए ग्रामीणों के शवों को आज (सोमवार) बलरामपुर लाया जाएगा। बलरामपुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, कुसमी एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी और सामरी थाना प्रभारी रविवार को ही महुआडांड पहुंच गए थे। शवों को बलरामपुर लाने की व्यवस्था की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here