छत्तीसगढ़ में जन्माष्टमी की धूम…इस्कॉन-टेंपल में भीड़:रायपुर में फूलों से सजा श्रीराधा-मंदिर, सरगुजा-रायगढ़ में कृष्ण भक्ति में डूबे भक्त, शहरों में मटकी फोड़ प्रतियोगिता

0
14

छत्तीसगढ़ में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। रायपुर के टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल में जन्माष्टमी महोत्सव चल रहा है। जैतूसाव मठ में भगवान को भोग लगाने के लिए 1100 किलो मालपुआ तैयार किया गया है। मठ में भजन, जन्म आरती कर राजभोग ठाकुरजी को लगाया जाएगा। वहीं, समता कॉलोनी स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में सुबह दुग्धाभिषेक से अनुष्ठान की शुरुआत हुई। सिटी कोतवाली में भी जन्माष्टमी मनाई जाएगी। यहां कारागार में ठाकुरजी का जन्म होगा। वासुदेव टोकरी में उन्हें लेकर बाहर आएंगे। श्रीकृष्ण के जयकारे के बीच उन्हें सदर बाजार के गोपाल मंदिर लाया जाएगा। इसके अलावा सरगुजा, बिलासपुर और रायगढ़ में भी कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। सरगुजा में भक्त हरिनाम कीर्तन की धुन पर झूमते हुए “हरे कृष्ण-हरे राम” के महामंत्र में डूबे हुए हैं। इसके अलावा अलग-अलग शहरों में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है, जिसमें लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही जन्माष्टमी के मौके पर इस्कॉन टेंपल टाटीबंध में भक्तों की भीड़ के कारण टाटीबंद ब्रिज से कुम्हारी पुल तक रात 8 बजे से 12 बजे तक यातायात बाधित रहेगा। रायपुर से दुर्ग जाने वाले राहगीर असुविधा से बचने के लिए अमलेश्वर-मोतीपुर होकर दुर्ग की ओर जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here