छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार देर रात जन्मदिन की पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। सरकारी स्कूल परिसर में दोस्तों ने ही मिलकर युवक की पत्थर-ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। बर्थडे बंप मारने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। घटना नेवई थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, रोशन कुमार उर्फ बेंद्रा (20) सोमवार रात करीब 10 बजे दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने घर से निकला था। मरोदा स्टेशन कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल में उसके परिचित नाबालिग का 17वां जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस पार्टी में करीब 10 से 12 दोस्त शामिल थे। सभी ने साथ मिलकर खाना खाया, बातचीत की और सेलिब्रेशन शुरू हुआ। सेलिब्रेशन में दोस्तों को बर्थडे किक मारने की रस्म शुरू हुई। सारा विवाद यहीं से शुरू हुआ। पहले देखिए ये तस्वीरें- कहासुनी हाथापाई में बदल गई पुलिस के मुताबिक रोशन और उसके साथी पार्टी में बर्थडे बॉय के साथ मजाक-मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान पार्टी में शामिल आकाश से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई होने लगी। नशे में विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है। पत्थर और ईंट से कुचलकर हत्या नेवई पुलिस के अनुसार रात करीब 11.45 बजे आकाश और उसके नाबालिग साथियों ने मिलकर रोशन को पकड़ लिया। रोशन को जमीन पर गिराकर उस पर पत्थर और ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रोशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद पार्टी का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार वारदात की सूचना मिलते ही नेवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 3 आरोपियों को हिरासत में लिया। जिनमें दो नाबालिग हैं। बाद में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल, एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। स्कूल परिसर में पार्टी बना सवाल स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि, आखिर बच्चों ने देर रात सरकारी स्कूल परिसर में शराब और पार्टी कैसे की? स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल का कैंपस लंबे समय से असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बना हुआ है। बाउंड्रीवॉल छोटी होने की वजह से शरारती तत्व कैंपस के अंदर घुस जाते हैं। रात में वहां जुआ, शराब और लड़ाई-झगड़े आम हो गए हैं। इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा है। स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं। …………………………………. छत्तीसगढ़ में क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… रोज शराब पीकर पीटता था इसलिए पति को मार-डाला: थाने में पत्नी बोली- तुम्हारा अफेयर है कहता था, परेशान होकर मारा, तकिए से मुंह दबाया छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पत्नी ने अपने पति को मार डाला। पत्नी ने पहले तकिए से मुंह दबाया, फिर गला घोंटकर हत्या की। पत्नी अपने पति की हरकत से परेशान थी। वह शराब पीकर घर आता था। तुम्हारा अफेयर चल रहा है कहकर पीटता था। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर
