नेपाल-चीन बॉर्डर पर भोटेकोशी नदी में मंगलवार सुबह करीब 3 बजे अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 18 लोग लापता हैं, जिसमें 12 नेपाली और 6 चीनी नागरिक हैं। 12 नेपालियों में 3 पुलिसकर्मी, 9 नागरिक हैं। इनकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। बाढ़ में नेपाल को चीन से जोड़ने वाला मेन पुल ‘मिटेरी ब्रिज’ भी ढह गया। इसमें कस्टम पोर्ट पर खड़ी कई गाड़ियां भी बह गईं। मिटेरी ब्रिज से चीन-नेपाल के बीच रोजाना लाखों रुपए का व्यापार होता था। पुल बह जाने से नेपाल को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। बाढ़ में पासंग ल्हामू हाईवे के कुछ हिस्से भी बह गए, जिससे नेपाल के रसुवा जिले में गाड़ियों की आवाजाही ठप हो गई है। रसुवा के बड़े हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण 200 मेगावाट तक बिजली उत्पादन पूरी तरह रुक गया है।
