पंचायत चुनाव:दो चरण पूरे, तीसरे चरण का मतदान 23 को, जीत के अलग- अलग दावे

0
144

दो चरणों में ही 11 जिलों में मिला बहुमत: भाजपा
दूसरे चरण में भी हमारी पार्टी को बढ़त: कांग्रेस प्रदेश में पंचायत चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरे चरण के लिए मतदान 23 फरवरी को होगा। इस बीच पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भाजपा और कांग्रेस ने अपने- अपने प्रत्याशियों के ज्यादा जीत के दावे किए हैं। खास बात यह है कि दोनों दलों ने भाजपा और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों को भी अपने जीत के आंकड़े में शामिल किया है। शुक्रवार को दोनों दलों के पदाधिकारियों ने मीडिया के सामने अपने जीत के दावे और जीतने वाले प्रत्याशियों के आंकड़े जारी किए।
भाजपा ने दावा किया है कि दो चरणों में ही उसे प्रदेश के 11 जिलों में स्पष्ट बहुमत मिल चुका है। दूसरी तरफ, कांग्रेस का दावा है कि पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त हासिल की है। भाजपा पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाले कांग्रेसी खुद की इज्जत बचाने जीत के झूठे दावे कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भी कहा कि भाजपा झूठे दावे कर अपनी इज्जत बचाने में लगी है। जिला पंचायत सदस्य में जीत के भाजपा- कांग्रेस के दावे भाजपा – पहला चरण: जिला पंचायत में 125 सीटों पर जीते, इसमें 17 भाजपा समर्थित।
दूसरा चरण: 97 सीटों पर जीते, इसमें 12 निर्दलीय भाजपा समर्थित। कांग्रेस – पहला चरण: 78 सीटों पर मिली जीत, इसमें 9 कांग्रेस समर्थित भी शामिल।
दूसरा चरण: कांग्रेस और पार्टी के समर्थित मिलाकर 89 सदस्य चुनाव जीते। पहले चरण में जीत का स्ट्राइक रेट 75%, दूसरे में 80% : सौरभ सिंह पंचायत चुनाव समिति के प्रदेश प्रभारी सिंह ने शुक्रवार को एकात्म परिसर में दावा किया कि जिला पंचायत चुनाव के पहले चरण में जीत का स्ट्राइक रेट 75% था जबकि दूसरे चरण में स्ट्राइक रेट 80% हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 160 में से भाजपा 125 सीटों में जिला पंचायत सदस्य जीते। दूसरे चरण में 124 सीटों में से 97 पर भाजपा या हमारे समर्थित जीते हैं। चार सीटों के परिणाम आने शेष हैं। कुल 140 जनपद पंचायतों में से 52 में चुनाव हुए और 40 में हमारा बहुमत है। इसी तरह दूसरे चरण में 40 जनपद पंचायत क्षेत्र में से 26 में हमारा बहुमत है। इसी प्रकार प्रदेश में 11,600 ग्राम पंचायतों के दो चरण के मतदान के बाद अब तक 70 से 80 प्रतिशत सरपंच भाजपा के बने हैं। तीनों चरणों में 1.60 लाख पंच निर्वाचित होने हैं और दो तिहाई से ज्यादा भाजपा उम्मीदवार जीतकर आ रहे हैं। इस अवसर पर अनुराग अग्रवाल और दीपक म्हस्के भी उपस्थित थे। गांवों की जनता ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया : शुक्ला प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राजीव भवन में मीडिया के सामने दावा किया कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है। यह जनादेश भाजपा की 1 साल की सरकार के खिलाफ आया है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में जिला पंचायतों में 138 क्षेत्रों में से कांग्रेस समर्थित 89 सदस्य चुनाव जीते हैं। 899 जनपद सदस्यों में कांग्रेस समर्थित 548 चुनाव जीते हैं। इसी प्रकार दूसरे चरण में 3774 स्थानों पर सरपंचों के चुनाव हुए, जिसमें कांग्रेस समर्थित 2780 सरपंच चुनाव जीते हैं। पहले चरण एवं दूसरे चरण को मिलाकर 287 जिला पंचायत क्षेत्रों में कांग्रेस के कुल 167 सदस्य चुनाव जीत चुके हैं। जनपद पंचायतों में 1810 क्षेत्रों में से 1148 क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित चुनाव जीते हैं। इसी प्रकार सरपंचों के 6385 क्षेत्रों में से 4880 क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित लोग चुनाव जीत कर आए हैं। कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत, जनपद पंचायत और सरपंच के प्रत्याशी अधिक चुनाव जीतकर आए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here