पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर फील्ड मार्शल बने:PM शहबाज ने कैबिनेट से मंजूरी दिलाई; तानाशाह अयूब खान के बाद पहली बार इस पद पर नियुक्ति

0
6

पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर को प्रमोट करके फील्ड मार्शल बनाया गया है। जियो न्यूज के मुताबिक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की कैबिनेट ने आज मंगलवार को यह फैसला लिया। मुनीर का यह प्रमोशन भारत के खिलाफ ऑपरेशन बुनयान-उम-मार्सूस के दौरान आर्मी को लीड करने की वजह से किया गया। फील्ड मार्शल पाकिस्तान सेना में सर्वोच्च सैन्य रैंक है, जो एक फाइव स्टार रैंक के रूप में माना जाता है। यह रैंक जनरल (फोर स्टार) से ऊपर है। पाकिस्तान में फील्ड मार्शल का पद सेना, नौसेना और वायुसेना में सबसे ऊंचा होता है। पाकिस्तान के इतिहास में आसिम मुनीर से पहले 1959 में अयूब खान को फील्ड मार्शल बनाया गया था। खास परिस्थतियों में बनाया जाता है फील्ड मार्शल पाकिस्तान में यह रैंक केवल खास परिस्थितियों में ही दी जाती है। पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ को फील्ड मार्शल का दर्जा देने की मांग की गई थी। इसे लेकर इस्लामाबाद हाई कोर्ट में एक याचिका भी दायर की थी। इसमें कहा गया था कि जनरल शरीफ के बेहतर काम के आधार पर उन्हें यह पद दिया जाए। हालांकि अदालत ने यह कहते हुए याचिका खारिज कर दी कि उसके पास इस मामले में कोई निर्देश देने का अधिकार नहीं है। मुनीर के पिता जालंधर से पाकिस्तान पहुंचे थे 1947 में मुनीर के पिता सैयद सरवर मुनीर पंजाब के जालंधर से पाकिस्तान पहुंचे थे। आसिम मुनीर का जन्म 1968 में हुआ था। मुनीर के दो बड़े भाई और हैं- सबसे बड़ा भाई कासिम मुनीर गिलगित-बाल्टिस्तान में सरकारी ऑफिसर और मझला भाई हाशिम मुनीर स्कूल टीचर है। जापान-मलेशिया से फौजी पढ़ाई की आसिम मुनीर सातवीं तक मदरसे में पढ़े। उसके बाद उनके पिता का ट्रांसफर रसालपुर हो गया। मुनीर ने वहां के एक स्कूल से 8वीं और 9वीं की पढ़ाई की। इसके बाद मुनीर ने रावलपिंडी के सर सैयद कॉलेज में दाखिला ले लिया। इसी कॉलेज से पाकिस्तान के पूर्व आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा ने भी पढ़ाई की थी। पाकिस्तानी जर्नलिस्ट एजाज के मुताबिक, मुनीर को बचपन में क्रिकेट का शौक था, वे कॉलेज के दिनों में तेज गेंदबाज हुआ करते थे। स्कूल के बाद मुनीर ने जापान के फूजी स्कूल, क्वेटा के कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और मलेशिया के आर्म्ड फोर्सेज कॉलेज से पढ़ाई की और PoK के मुनीर मंगला इलाके के ऑफिसर्स ट्रेनिंग स्कूल से मिलिट्री ट्रेनिंग ली। उसके बाद मुनीर ने इस्लामाबाद की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से पब्लिक पॉलिसी और स्ट्रैटजिक सिक्योरिटी मैनेजमेंट में मास्टर्स भी किया। मुनीर 2014 में मेजर जनरल बने थे 25 अप्रैल 1986 को मुनीर पाकिस्तान की आर्मी में शामिल हुए। उन्हें फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट की 23वीं बटालियन में कमीशन मिला। जब सेना में मुनीर का ओहदा बढ़कर लेफ्टिनेंट कर्नल का हुआ तब मुनीर को सऊदी अरब में पाकिस्तानी दूतावास में तैनाती मिली। उनका काफी वक्त पाकिस्तान के कब्जाए कश्मीर यानी PoK में भी गुजरा है। ब्रिगेडियर रहते हुए उन्हें पाकिस्तान की ‘आई स्ट्राइक कोर मंगला’ का चीफ ऑफ स्टाफ बनाया गया। इसके बाद 2014 में मेजर जनरल बना दिया गया। 2016 में मुनीर पाकिस्तान के मिलिट्री इंटेलिजेंस के डायरेक्टर जनरल बने और सितंबर 2018 में लेफ्टिनेंट जनरल की पोस्ट तक पहुंचे। पीएम इमरान से झगड़ा, सिर्फ 8 महीने ISI चीफ रहे 2018 तक मुनीर का आर्मी का करियर शानदार चल रहा था। मार्च में उन्हें पाकिस्तान का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान ‘हिलाल-ए-इम्तियाज’ दिया गया था। 25 अक्टूबर 2018 को उन्हें ISI का डीजी बनाया गया, लेकिन 8 ही महीने बाद जून 2019 में उन्हें हटाकर उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद को ISI का नया डीजी बना दिया गया और मुनीर को गुजरांवाला में XXX कोर में बतौर कमांडर तैनात कर दिया गया। पहली बार कोई डीजी इतने कम समय में पद से हटाया गया था, इसकी वजह थी मुनीर का इमरान खान से झगड़ा। दरअसल, पाक आर्मी के जनरल कमर जावेद बाजवा, इमरान के करीबी थे। पाकिस्तान में आर्मी और ISI के ऑफिसर्स का भ्रष्टाचार का पुराना इतिहास है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि मुनीर ने इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी के करप्शन के एक मामले को उजागर कर दिया था। इसलिए इमरान खान के कहने पर बाजवा ने मुनीर को ISI से बाहर का रास्ता दिखाया था। हालांकि बाद में इमरान खान ने इसे नकारते हुए कहा था, ‘यह पूरी तरह झूठ है। न तो जनरल आसिम ने मुझे मेरी बीवी के करप्शन का कोई सबूत दिया और न ही इस वजह से मैंने उन्हें इस्तीफे के लिए मजबूर किया।’ इमरान पीएम पद से हटाए गए, मुनीर नए आर्मी चीफ बने कोर कमांडर रहने के बाद जनवरी 2021 से नवंबर 2022 तक मुनीर क्वार्टरमास्टर जनरल रहे। इस ओहदे का ऑफिसर सेना के लिए रसद, साजो-सामान और बाकी तैयारियों का काम देखता है। ISI चीफ से यहां तक आना मुनीर के लिए डिमोशन था। 10 अप्रैल 2022 को अविश्वास प्रस्ताव लाकर इमरान खान को पीएम पद से हटा दिया गया। इसके पहले ही वो पीएम हाउस छोड़ चुके थे। अगले दिन नवाज के छोटे भाई शहबाज शरीफ पीएम बन गए। मुनीर शहबाज के करीबी हैं। 27 नवंबर 2022 को मुनीर आर्मी से रिटायर होने वाले थे, लेकिन शहबाज शरीफ उन्हें आर्मी चीफ बनाना चाहते थे। उन्होंने 24 नवंबर को राष्ट्रपति आरिफ अल्वी को मुनीर का नॉमिनेशन भेजा, जिसे अल्वी ने उसी दिन मंजूरी दे दी। 29 नवंबर 2022 को बाजवा को हटाकर मुनीर को पाक आर्मी का नया चीफ बना दिया गया। मुनीर अब 2027 तक इस पद पर कायम रहेंगे। मुनीर ऐसे पहले आर्मी चीफ बने, जो पाकिस्तान की दोनों खुफिया एजेंसियों- ISI और मिलिट्री इंटेलिजेंस के चीफ रहे थे। दिसंबर 2022 में मुनीर को ‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ मिला। पाकिस्तान के पूरे सैन्य इतिहास में उनके पहले सिर्फ दो आर्मी ऑफिसर्स- आसिफ नवाज जंजुआ और जहांगीर करामत को ये सम्मान मिला था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here