छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की निगम कर्मचारियों पर भड़क गए और गालियां देने लगे। उन्होंने नगर निगम पर सड़क मरम्मत के काम में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। दरअसल, कांग्रेस वार्ड पार्षद ने डॉ अजय को बताया था कि सड़क की पूरी मरम्मत नहीं हो रही, सिर्फ गड्ढे भरने का काम किया जा रहा है। डॉ. अजय तिर्की रात को ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क मेंटनेंस करा रहे निगम कर्मियों को काम रोकने कहा। जब निगम कर्मियों ने काम नहीं रोका तो डॉ. तिर्की ने कहा रुक जाओ वर्ना बहुत मारूंगा। पूर्व महापौर के तेवर देखकर सहमे निगम कर्मी और ठेकेदार के कर्मी काम बंद कर भाग निकले। इस मामले पर भाजपा महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि पूर्व मेयर को गाली नहीं देना चाहिए। वे विकास देखकर बौखला गए हैं। पहले देखिए ये तस्वीर- अब जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ठेकेदार के लोग नवापारा में उखड़ी हुई सड़क की मरम्मत के लिए पहुंचे थे। जब वार्ड के लोगों ने देखा तो पता चला कि सड़क की पूरी मरम्मत नहीं होगी, सिर्फ गड्ढे भरने का काम होगा। इसकी जानकारी कांग्रेस पार्षद गीता पार्षद को भी मिली। कांग्रेस पार्षद ने डॉ. अजय तिर्की को यह बात बताई, जिसके बाद पूर्व महापौर रात को ही मौके पर पहुंचे। सिर्फ गड्ढे भरने पर भड़के डॉ. तिर्की, दी गाली निगम के अधिकारियों ने बताया कि नवापारा तिराहे से शिव मंदिर, चर्च और आगे की सड़क का सिर्फ मरम्मत का काम ही स्वीकृत हुआ है। यह सड़क बारिश में खराब हो गई थी और गड्ढों की वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी। वहीं, नवापारा हॉस्पिटल के सामने से ग्रामीण बैंक तक की सड़क पर भी केवल गड्ढे भरे जाएंगे। डॉ. अजय तिर्की ने सड़क पर सिर्फ मरम्मत किए जाने पर सवाल उठाया। निगम कर्मचारियों ने बताया कि इस सड़क पर केवल गड्ढे भरे जाने का काम ही स्वीकृत हुआ है। इस पर डॉ. तिर्की भड़के उठे और उन्होंने कर्मचारियों को काम रोकने के लिए कहा। जब कर्मचारियों ने काम नहीं रोका, तो उन्होंने निगम कर्मियों को गालियां देने लगे और धमकी दी कि उन्हें पीटा जाएगा। डरकर निगम कर्मचारी और ठेकेदार के कर्मचारी काम बंद करके वहां से चले गए। निगम के दोहरे रवैये पर आपत्ति जिस सड़क पर सिर्फ मरम्मत का काम किया जा रहा है, वह कांग्रेसी पार्षद गीता पार्षद के वार्ड में है। पूर्व महापौर ने कहा कि निगम में सत्तारूढ़ भाजपा दोहरा रवैया अपना रही है। सड़क के आरे जहां भाजपा के पार्षद हैं, वहां नई सड़क बनाई जा रही है, जबकि दूसरी ओर जहां कांग्रेस के पार्षद हैं, वहां केवल गड्ढे भरने जैसा मामूली काम हो रहा है। डॉ. तिर्की ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के समय केवल उसी रास्ते की नई सड़क बनाई गई थी, जहां से राष्ट्रपति का काफिला गुजरना था। बाकी सड़कों पर लोग धूल और गड्ढों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सुनने वाला कोई नहीं है। डॉ. तिर्की ने मंत्री राजेश अग्रवाल से अपील की है कि जनता के साथ दोहरा रवैया न अपनाया जाए। महापौर मंजूषा ने कहा- विकास से बौखलाए तिर्की मामले पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि पूर्व महापौर डॉ. तिर्की को कर्मचारियों को गाली नहीं देना चाहिए था। यह अशोभनीय है। डॉ. तिर्की 10 साल तक निगम के महापौर रह चुके हैं। साथ ही महापौर ने कहा कि निगम क्षेत्र में हाल ही में कई करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, इसलिए पूर्व महापौर बौखलाए हुए हैं। निगम पर पक्षपात के आरोप, सामान्य सभा में भी उठा था मुद्दा निगम क्षेत्र में विकास कार्यों में दोहरा मापदंड का मुद्दा निगम की सामान्य सभा में भी उठा था और इसे लेकर हंगामा हुआ था। विपक्ष का आरोप है कि कांग्रेसी वार्डों के लिए विकास कार्य की राशि कम दी जा रही है। वहीं भाजपा पार्षदों वाले वार्डों में भरपूर काम स्वीकृत हुए हैं। …………………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… अंबिकापुर निगम की सामान्य सभा…खराब सड़क को लेकर जमकर हंगामा:नेता प्रतिपक्ष ने लगाया शहर की उपेक्षा का आरोप, महापौर बोली- प्रताड़ित कर रहा विपक्ष अंबिकापुर नगर निगम की दूसरी सामान्य सभा में खराब सड़कों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने नगर की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठाए और सत्तापक्ष पर लोगों की उपेक्षा का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।विपक्ष ने आरोप लगाया है कि, 18 करोड़ के स्वीकृत कार्यों में कांग्रेसी पार्षदों वाले वार्डों में कम पैसा देकर पक्षपात किया गया है। इसे लेकर भी जमकर हंगामा हुआ। पढ़ें पूरी खबर…
