पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, 2 की मौत; VIDEO:अंबिकापुर-बनारस मार्ग में हादसा, 5 लड़के-लड़कियां थे सवार, 3 गंभीर; घर में बिना बताए निकली थी नाबालिग

0
21

अंबिकापुर में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, हादसे में 2 की मौत हो गई, 3 लोग गंभीर रूप से घायल है। 11 जुलाई की रात अंबिकापुर-बनारस मेन रोड में रफ्तार ज्यादा होने के कारण गाड़ी बेकाबू होकर सड़क से उतर गई और चठिरमा मोड़ के पास पेड़ से जा टकराई। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। कार में दो लड़कियां और तीन लड़के सवार थे। घटना का CCTV भी सामने आया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सवार सीटों से उछल गए। कार के सामने के दोनों एयरबैग खुल गए, सामने बैठे लोग घायल हुए है। घटना में पीछे बैठी एक नाबालिग छात्रा और एक युवक की जान गई है, छात्रा किसी को बिना बताए घर से निकली थी। पुलिसकर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल, दो की मौत कार अंबिकापुर से भटगांव जा रही थी। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने निजी वाहनों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचा। घायलों में एक युवक को महावीर हॉस्पिटल, तीन को मिशन हॉस्पिटल और एक किशोरी को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा सारिका मिंज (17 वर्ष) की मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत हो गई। भिट्ठीकला निवासी सारिका, उर्सूलाइन स्कूल में कक्षा 11 वीं की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक वह 3 दिन पहले बिना किसी को कुछ बताए घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी थी। वहीं उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल एक युवक की भी मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक सहित तीन अन्य का उपचार किया जा रहा है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है। घायल एवं मृतक सभी अंबिकापुर एवं आसपास के निवासी हैं। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह हादसा घटनास्थल के पास एक घर के सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हो गया है। घटना के दौरान बारिश भी हो रही थी। हादसे के दौरान स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोग पहुंच गए और घायलों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने हादसे में दो घायलों के मौत की पुष्टि की है। गंभीर घायलों का इलाज जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here