पैपराजी पर फिर भड़कीं जया बच्चन:एक्ट्रेस से उनके स्टाफ ने कहा था- मैडम, आप सोशल नेटवर्क पर सबसे ज्यादा नफरत की जाने वाली इंसान हैं

0
8

एक्ट्रेस और राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने हाल ही में कहा कि उनका असली रिश्ता मीडिया से है, लेकिन पैपराजी से नहीं है। बरखा दत्त को दिए इंटरव्यू में जब जया बच्चन से सवाल पूछा गया कि “आपका असली रिश्ता अखबार या मीडिया से क्या है?” तो जया बच्चन ने जवाब देते हुए कहा, “मेरा मीडिया के साथ रिश्ता बहुत अच्छा है। यह सच है कि मैं खुद मीडिया की ही देन हूं, लेकिन मेरा पैपराजी से कोई रिश्ता नहीं है, वह शून्य है। ये लोग कौन हैं? क्या ये इस देश के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं? आप इन्हें मीडिया कहते हैं?” जया बच्चन ने आगे कहा, “मैं तो खुद मीडिया से हूं। मेरे पिताजी पत्रकार थे। मुझे असली पत्रकारों के लिए बहुत सम्मान है, लेकिन जो लोग बाहर कैमरा लेकर घूमते हैं, गंदे तंग कपड़े पहनकर, मोबाइल फोन हाथ में लेकर किसी की भी तस्वीर खींच लेते हैं, वे मीडिया नहीं हैं। उन्हें लगता है कि मोबाइल फोन होने से वे कुछ भी बोल सकते हैं। ये लोग हैं कौन? इनकी पढ़ाई क्या है, बैकग्राउंड क्या है?” इंटरव्यू के दौरान जया बच्चन ने सोशल मीडिया को लेकर भी राय दी। एक्ट्रेस ने कहा कि मैं किसी भी सोशल नेटवर्क पर नहीं हूं। एक बार मेरे स्टाफ ने कहा था कि “मैडम, मैं किसी भी सोशल नेटवर्क साइट पर कुछ नहीं देखती, क्योंकि आप सोशल नेटवर्क पर सबसे ज्यादा नफरत की जाने वाली इंसान हैं।” जिस पर जया बच्चन ने स्टाफ से कहा था कि मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। जया बच्चन ने आगे कहा कि जो मुझसे नफरत करता है, वह उसकी राय है, लेकिन मेरी राय है कि मैं उन्हें नापसंद करती हूं, क्योंकि वे लोग मोबाइल कैमरे लेकर किसी के घर में चूहे की तरह घुस जाते हैं। जो सेलिब्रिटी खुद कैमरा बुलाए, वो क्या स्टार है: जया बच्चन जब जया बच्चन से पूछा गया कि कई कलाकार तो खुद एयरपोर्ट पर पैपराजी को बुलाते हैं, पोज देते हैं, इस पर उन्होंने कहा, “मैं उन्हें नहीं जानती। आजकल के कलाकार जवान हैं, मेरे पोते की उम्र के। मेरा पोता भी एक्टिंग कर रहा है, लेकिन वह किसी सोशल नेटवर्क पर नहीं है। सब लोग उसे चिढ़ाते हैं कि कभी न कभी तो सोशल नेटवर्क पर आना ही पड़ेगा, लेकिन वह कहता है ‘देखेंगे।’” जया ने यह भी कहा, “अगर आपको खुद कैमरा बुलाना पड़े अपनी फोटो खिंचवाने के लिए, तो फिर आप किस तरह के सेलिब्रिटी हैं?” फैशन इवेंट में जया ने पैपराजी को फटकारा था गौरतलब है कि जया बच्चन कई बार पैपराजी पर नाराज हो चुकी हैं। हाल ही में वो जब फैशन डिजाइनर अबू जानी और संदीप खोसला के फैशन इवेंट में पहुंचीं, तो उन्होंने पैपराजी को बदतमीजी न करने की हिदायत दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here