पैसों की बारिश कराते तांत्रिक का VIDEO:बोला- 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बना दूंगा, ठगी कर भागते समय पीड़ितों ने पकड़कर पीटा, कार-कैश लूटे

0
1

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रतनपुर थाना इलाके में तांत्रिक ने 2.50 लाख को पैसों की बारिश कर 2.50 करोड़ बनाने का झांसा दिया। दो पुरुष और तीन महिलाओं ने खुद को पंडित और तांत्रिक बताकर लोगों को भरोसे में लिया। उन्हें बिल्हा बुलाया, जहां आरोपियों ने ‘पैसों की बारिश’ का नाटक रचा और उनसे ढाई लाख रुपए ठग लिए। पैसों की बारिश करते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। पैसे ठगी कर भाग रहे आरोपियों को पीड़ितों ने बदला लेने के लिए बिल्हा थाना इलाके में पकड़ लिया। नेशनल हाईवे-130 पर लोगों ने तांत्रिक से मारपीट कर उसकी कार, 8 हजार कैश और मोबाइल लूट लिए। अब पुलिस ने ठगी के मामले में 5 आरोपी और लूट के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल रतनपुर और बिल्हा पुलिस मामले की जांच कर रही है। देखिए पैसों की बारिश की तस्वीरें… अब जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, दो पुरुष और तीन महिलाओं ने खुद को पंडित और तांत्रिक बताकर लोगों को अपने भरोसे में लिया। इनका दावा था कि, विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र से ढाई लाख रुपए को ढाई करोड़ रुपए में बदला जा सकता है। इसी झांसे में आकर पीड़ितों को 30 जनवरी को बिल्हा बुलाया गया, जहां आरोपियों ने ‘पैसों की बारिश’ का नाटक रचा और उनसे ढाई लाख रुपए ठग लिए। मामले में एक आरोपी खुद को पंडित बताता था, जबकि विजय राज नामक व्यक्ति लोगों से संपर्क कर इस फर्जी चमत्कार के लिए उन्हें बुलाता था। ठगी का बदला लूट से लिया कोरबा जिले के दीपका निवासी तांत्रिक विजय कुमार राज (48) ठगी के पैसों को लेकर 31 जनवरी जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 3:35 बजे रतनपुर में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए उसने अपनी कार रोकी। तभी एक सफेद रंग की और एक हरे रंग की कार वहां आकर रुकी। जिसमें से ठगी के शिकार हुए चार युवक उतरे और फिल्मी स्टाइल में विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद हमलावर विजय की कार, तीन मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए कैश लूटकर भाग गए। एसएसपी ने लुटेरों को पकड़ने बनाई टीम इस घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की। टेक्निकल साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में अंबिकापुर और कोरिया पहुंची। जहां टीम ने 2 फरवरी को चारों आरोपियों (विद्यादास महंत (43), रामसुंदर (32) निवासी कोरिया, राजीव सिंह (37) निवासी बैकुंठपुर और गुलशन कुजूर (47) निवासी चरचा कॉलरी, कोरिया) को सरगुजा और कोरिया से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल, 8 हजार रुपए कैश और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा-अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है। लुटेरे बोले- ठगी करने वाले तांत्रिक से बदला लेने की लूटपाट आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि, उन्होंने बदले की भावना से वारदात को अंजाम दिया है। विजय कुमार राज ने तंत्र विद्या और पूजा-पाठ से पैसे बढ़ाने का झांसा दिया था। उसने 2.50 लाख रुपए को 2.50 करोड़ रुपए बनाने का झांसा दिया था। जिसके बाद उनसे पैसे वसूलकर घूमाने लगा। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो विजय ने देने से इनकार कर दिया। इसी के बाद आरोपियों ने पीछा कर रतनपुर क्षेत्र के मदनपुर के पास मारपीट कर उससे स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल और कैश लूट लिए। लालच में फंसे आरोपी, तांत्रिक के खिलाफ भी कार्रवाई एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि, जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तांत्रिक विजय ने तंत्र-मंत्र के जरिए ठगी की बात पुलिस से छिपाई थी। जबकि, वह खुद भी ठगी का आरोपी निकला। पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। तांत्रिक और उसके सहयोगियों पर बिल्हा थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। वहीं, ठगी के मामले में पुलिस ने 3 फरवरी को आरोपी रिखीराम नवरंग (52) निवासी बिल्हा, विजय राज (48) निवासी दीपिका कोरबा, बृजबाई गोड (40) निवासी बांगो कोरबा, विमला बाई (32) निवासी कटघोरा कोरबा, और वृहस्पति बाई गोड (35) निवासी कटघोरा कोरबा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1 लाख 85 हजार रुपए बरामद किया गया है। एसएसपी बोले- ऐसे ठगों के झांसे में न आएं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि झाड़-फूंक या तंत्र विद्या से पैसे डबल करने का झांसा देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे दावों के झांसे में न आएं। ऐसे लोग भोले-भाले नागरिकों को लालच देकर ठगी का शिकार बनाते हैं। ……………………………. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… महिला तांत्रिक बोली-11 लाख के 11 करोड़ बना दूंगी: कहा-100 गुना पैसे बरसेंगे, एकादशी के दिन तंत्र-मंत्र, नींबू-सिंदूर लेने बाजार भेजा, कैश लेकर भागा गिरोह छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महाराष्ट्र की महिला तांत्रिक ने 11 लाख के 11 करोड़ बना दूंगी बोलकर 1 लाख की ठगी की। एकादशी के दिन तंत्र-मंत्र विधि से पूजा की। नींबू और सिंदूर नहीं होने की बात बोलकर युवक को बाजार भेजे, फिर 1 लाख रुपए कैश लेकर भाग गए। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here