कुनिका सदानंद हाल ही में बिग बॉस से बाहर हो गईं। 91 दिनों के इस सफर में उन्होंने न सिर्फ रियलिटी‑शो का हिस्सा रही, बल्कि अपने जीवन की कई अनकही सच्चाइयां भी सामने रखीं। शो के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने लंबे समय तक एक विवाहित व्यक्ति के साथ रहकर अपने रिश्ते को छुपाए रखा था एक बोल्ड खुलासा जिसने सबको हैरान कर दिया। इसके अलावा, उन्होंने घर के कुछ कंटेस्टेंट्स के बारे में भी खुलकर राय दी। जहां उन्हें गौरव मैनिपुलेटिव लगे, वहीं फरहाना का गेम उन्हें स्ट्रॉन्ग और प्रभावशाली दिखाई दिया। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपनी निजी चुनौतियों, संघर्षों और अपने अतीत की जटिलताओं को बेहद साफ दिल से बताया। फिनाले से कुछ ही दिन दूर आपके बिग बॉस के सफर का द एंड हो गया है, आपको ये एविक्शन अनफेयर लगता है? मुझे ये एविक्शन अनफेयर बिल्कुल नहीं लगता है। मैं मानती हूं कि वोट के हिसाब से ही मेकर्स ने मुझे बेघर करने का फैसला किया होगा। मेरी जर्नी बहुत अच्छी रही है। मैंने सोचा नहीं था कि मैं 91 दिन अनजान लोगों के साथ, उनके लिए खाना पकाने और उनकी गालियां सुनने के बीच रह पाऊंगी। मैंने अपने अंदर कई चीजें पहचानी जो मैं नहीं जानती थी, और ये भी समझ में आया कि मैं जैसा अच्छा सोचती हूं, सब वैसे नहीं हो सकते। 61 साल की उम्र में मुझे एक रियलिटी चेक मिला है। आपने बड़े ही बेबाकी से बिग बॉस में अपनी शराब को लेकर लत और स्ट्रगल के बारे में बात की, कभी ये नहीं सोचा कि लोग इससे आपको जज करेंगे? मैं उसके एडिक्शन में नहीं थी, बल्कि मेरे जीवन का वो एक इमोशनल फेज था, जहां मैं मन की शांति के लिए पीती थी। 7-8 महीने ऐसा ही चला और एक दिन जब मैंने खुद को स्क्रीन पर देखा तो खुद से कहा कि ऐसा नहीं चलेगा। और कोई मुझे पाल नहीं रहा है कि मैं लोगों के जजमेंट से डरूं। जो भी बातें मैंने बताई हैं, अगर लोग उससे थोड़ा सा भी सीख लें तो उनकी जिंदगी संवर जाएगी। आप अपने बेटे आर्यन के लिए कैसी बहू ढूंढ रही हैं और क्या फरहाना या बिग बॉस की किसी और कंटेस्टेंट में वो क्वालिटी आपको दिखती है? मेरे बड़े बेटे की बहू गरिमा जैसी ही बहू मुझे छोटे बेटे के लिए चाहिए। बहुत हार्ड वर्किंग, पेशंस वाली, और फालतू लड़ाई-झगड़ा न करने वाली लड़की। फिलहाल फरहाना को तो छोड़ो, जिस सिचुएशन में मैंने चीजें देखी हैं, मुझे नहीं लगता कि किसी भी लड़की में मेरी बहू बनने की क्वालिटीज हैं। आप नहीं तो किसका बिग बॉस के घर से तुरंत एविक्शन हो जाना चाहिए था? मेरे हिसाब से मालती और अशनूर को मुझसे पहले बेघर हो जाना चाहिए था। मालती तो डिजर्व ही नहीं करती है। गौरव खन्ना को टिकट टू फिनाले मिल चुका है, क्या कोई ऐसी सच्चाई है गौरव की जो अब तक दर्शकों के सामने नहीं आई है? गौरव के अंदर एक दूसरा इंसान तो है ही। फाइट के दौरान उसका एग्रेशन बाहर दिखा भी है। काफी मैनिपुलेटिव भी है। शायद 20 साल इसी पर्सनैलिटी के साथ वो इंडस्ट्री में टिका हुआ है। सलमान खान ने तो उन्हें सुपरस्टार डिक्लेयर भी कर दिया था, लेकिन मैं ऐसा नहीं मानती हूं। स्टारडम तो रोहित रॉय, अमर उपाध्याय जैसे कलाकारों ने देखा है। क्या क्रेज हुआ करता था क्योंकि सास भी कभी बहू थी, कहानी घर-घर की जैसे शो का टीआरपी परचम पर थी। बिग बॉस शो पर स्क्रिप्टेड होने का भी इल्जाम लग रहा है, अगर गौरव जीतते हैं तो क्या विनर पहले से डिसाइड हो चुका था? ये सब बेकार की बातें हैं। गौरव 3 महीने से ज्यादा बिग बॉस के घर में रहा है जो काफी सराहनीय है। अगर वो फेक इमेज पर भी जीतता है तो ये पब्लिक और मेकर्स का डिसीजन होगा। मेरा मानना है कि रियलिटी शो पर्सनैलिटी पर केंद्रित होना चाहिए, न कि सिर्फ पॉप्युलैरिटी पर आधारित। तान्या मित्तल के बारे में क्या कहेंगी, क्या आपको वो फेक लगी? तान्या का पूरी तरह सिर्फ एक बिजनेस प्लान था बिग बॉस में आने का। बड़ी ही एम्बिशियस लड़की है तान्या। कुछ भी कहो उस लड़की के बारे में उसने अपने नाम का ब्रैंड बना लिया है। अगर वो बाहर निकलकर अपना फैशन लेबल खोलती है तो वह काफी पॉप्युलर होगी। आपकी शो में मालती से कभी नहीं बनी, इसके पीछे क्या वजह है? क्यों आप उन्हें सबसे ज्यादा नापसंद करती हैं? वो बस फालतू चीजें करती है। मुझे याद है कि जब वो बीमार थी तो मैं उसका ध्यान रख रही थी, फिर अचानक सुबह आकर कहती है “मैम, आप मुझे हेट क्यों करती हैं?” वो बस एक डिसरप्टर है। उसकी मंशा यही होती है कि कुछ ऐसा करूं कि कैमरा मेरी ओर घूमे और मैं लोगों का ध्यान खींच सकूं। अमाल को बिग बॉस से एविक्ट हुए कंटेस्टेंट ‘दोगुला’ कह रहे हैं उन क्लिप्स को देखने के बाद जो अमाल ने किसी के लिए पीठ पीछे कही थीं, आप क्या सोचती हैं? अमाल मुझे राजमाता कहता था, और मैं अमाल व शहबाज को युवराज। दोनों ही प्यारे लड़के हैं। मैंने भी बाहर आकर क्लिप्स देखी हैं और मुझे भी समझ में नहीं आया कि उसने ऐसा क्यों कहा। कन्फ्यूज है, स्केयर्ड है पता नहीं।लेकिन कई बार मुझे तान्या और नेहल ने कहा है कि “मैम, ये बहुत सेफ गेम खेलता है, कभी नॉमिनेट नहीं होता।”
