दीपिका पादुकोण के बाद डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म स्पिरिट से एक्टर प्रकाश राज के बाहर होने की खबर सामने आई थी। हालांकि, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रकाश राज ने इसे गलत बताया है। दरअसल, रविवार को OTTPlay की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि प्रकाश राज को फिल्म में एक अहम किरदार के लिए साइन किया गया था, लेकिन अब वह प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शूटिंग के दौरान स्क्रिप्ट और एक सीन को फिल्माने के तरीके को लेकर डायरेक्टर और एक्टर के बीच तीखी बहस हुई थी। बाद में ये मतभेद और बढ़ गए।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि सेट पर एक्टर का व्यवहार टीम के लिए चैलेंजिंग हो गया था, जिसके चलते मेकर्स ने उनसे अलग होने का फैसला लिया। हालांकि, हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में प्रकाश राज ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा, “ये सब बेकार की बातें हैं। मुझे इसके बारे में कुछ भी पता नहीं है।” उन्होंने साफ किया कि वह अब भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म से दीपिका पादुकोण बाहर हुई थीं गौरतलब है कि फिल्म स्पिरिट पिछले साल मई के महीने में तब चर्चा में आई थी, जब इससे दीपिका पादुकोण बाहर हो गई थीं। कथित तौर पर दीपिका की ओर से आठ घंटे की शिफ्ट, मोटी फीस, प्रॉफिट में हिस्सा और तेलुगु में डायलॉग न बोलने जैसी मांगें शामिल थीं। दीपिका सितंबर 2024 में मां बनी हैं, इसलिए वह कथित तौर पर हफ्ते में सिर्फ पांच दिन, आठ घंटे की शिफ्ट चाहती थीं। एक्ट्रेस की इन मांगों से संदीप रेड्डी वांगा खुश नहीं थे, जिसके बाद उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया था। दीपिका के बाहर होने के बाद तृप्ति डिमरी को फिल्म की फीमेल लीड के रूप में कास्ट किया गया। तृप्ति इससे पहले संदीप रेड्डी वांगा के साथ फिल्म एनिमल में काम कर चुकी हैं। फिल्म में प्रभास लीड रोल में नजर आएंगे। बता दें कि नए साल के मौके पर मेकर्स ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया था। पोस्टर में प्रभास और तृप्ति एक विंडो के पास खड़े नजर आते हैं।
प्रभास लंबे बालों, घनी दाढ़ी और मूंछों के साथ शर्टलेस नजर आ रहे हैं। उनकी बॉडी पर चोट का निशान और कंधे, बांह और पीठ पर कई पट्टियां बंधी हुई हैं। प्रभास के होठों के बीच एक सिगरेट है और एक हाथ में शराब का गिलास है। वहीं, तृप्ति हल्के ग्रे रंग की साड़ी में प्रभास के करीब खड़ी नजर आ रही हैं और वो प्रभास का सिगरेट जलाती दिखाई दे रही हैं। तृप्ति का फेस काफी शांत और गंभीर नजर आ रहा है।
