भारत के बाद कनाडा पर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाएंगे ट्रम्प:टीवी ऐड से नाराज होकर 10% टैक्स बढ़ाया, अब कनाडा को 45% टैरिफ देगा

0
12

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा पर 10% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। कनाडा, भारत के अलावा एकमात्र देश है, जिसपर एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया गया है। इससे पहले रूस से तेल खरीदने की वजह से ट्रम्प ने अगस्त में भारत पर 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगा दिया था। अमेरिका ने कनाडा पर 35% टैरिफ लगा रखा है। नए ऐलान के बाद यह 45% हो जाएगा। भारत और ब्राजील के बाद यह सबसे ज्यादा टैरिफ होगा। ट्रम्प ने 2 दिन पहले ही कनाडा के साथ टैरिफ पर हो रही बातचीत रोकी थी। दरअसल, वे एक टैरिफ के खिलाफ बनाए गए विज्ञापन से नाराज हो गए थे। इस विज्ञापन में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें वे टैरिफ को हर एक अमेरिकी के लिए नुकसानदेह बता रहे थे। कनाडा का विज्ञापन जिसे ट्रम्प ने फर्जी बताया बेसबॉल मैच के दौरान चलाया गया विज्ञापन यह विज्ञापन कनाडा के ओंटारियो राज्य ने बनाया था। हालांकि ट्रम्प के नाराज होने के बाद ओंटारियो के प्रीमियर ने कहा था कि वे रविवार के बाद इस विज्ञापन को वापस ले लेंगे। इसी दौरान शुक्रवार को वर्ल्ड सीरीज के पहले गेम इस विज्ञापन को चलाया गया था। इस घटना के एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने टैरिफ बढ़ाने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कहा- कनाडा रंगे हाथों पकड़ा गया है, जिसने रोनाल्ड रीगन के टैरिफ पर दिए गए भाषण को लेकर एक फर्जी विज्ञापन चलाया। रीगन को राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था से जुड़े मकसद के लिए टैरिफ बहुत पसंद थे, लेकिन कनाडा ने कहा कि उन्हें पसंद नहीं थे। ट्रम्प ने आगे कहा, कनाडा को वह विज्ञापन तुरंत हटा देना चाहिए था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। जानते हुए कि यह एक धोखाधड़ी है, कल रात इसे वर्ल्ड सीरीज के दौरान चलने दिया गया। बता दें कि वर्ल्ड सीरीज अमेरिका और कनाडा में खेले जाने वाले बेसबॉल खेल की सालाना चैंपियनशिप सीरीज है। ट्रम्प के ऐलान के बाद अभी यह साफ नहीं कि वे इस एक्स्ट्रा टैरिफ को लगाने के लिए किस कानूनी अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। व्हाइट हाउस ने इस बात की भी जानकारी नहीं दी है कि यह 10% एक्स्ट्रा टैरिफ किस तारीख से लागू होगा। अमेरिकी टैरिफ से कनाडा को नुकसान न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक ट्रम्प के टैरिफ से कनाडा की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हुआ है, और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी उन्हें कम करने के लिए ट्रम्प के साथ काम करने की कोशिश कर रहे हैं। जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट के मुताबिक इस टैरिफ से अगले 5 साल में कनाडा की GDP में लगभग 1.2% का नुकसान हो सकता है। कनाडा के तीन-चौथाई से अधिक निर्यात अमेरिका को जाते हैं, और लगभग 3.6 अरब कनाडाई डॉलर (2.7 अरब अमेरिकी डॉलर) मूल्य का सामान और सेवाएं प्रतिदिन सीमा पार करते हैं। अमेरिका ने कनाडा पर 35% टैरिफ लगाने के अलावा स्टील और एल्युमीनियम पर 50% टैरिफ लगा रखा है। हालांकि अमेरिका में अधिकांश सामान यूएस-कनाडा-मेक्सिको समझौते (USMCA) के तहत आते हैं, और टैरिफ से मुक्त हैं। ट्रम्प और कार्नी दोनों मलेशिया में आयोजित होने वाले दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। लेकिन ट्रम्प ने अपने साथ यात्रा कर रहे पत्रकारों से कहा कि उनका वहां कार्नी से मिलने का कोई इरादा नहीं है। —————————————— ट्रम्प-कनाडा विवाद से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कनाडा का ऐड देख ट्रम्प नाराज, ट्रेड डील रद्द की:विज्ञापन बनाने में 634 करोड़ लगे, इसमें टैरिफ के खिलाफ बोल रहे थे पूर्व राष्ट्रपति अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार रात को कनाडा के साथ सभी व्यापार बातचीत रद्द करने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ पर लिखा कि कनाडा ने धोखे से एक विज्ञापन चलाया है, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन टैरिफ के खिलाफ बोल रहे हैं। ट्रम्प ने लिखा, ‘रोनाल्ड रीगन फाउंडेशन ने बताया कि कनाडा ने रीगन के फर्जी विज्ञापन का गलत इस्तेमाल किया। यह 1987 के रीगन के भाषण को तोड़-मरोड़ कर पेश करता है।’ पूरी खबर पढ़ें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here