भिलाई की MBBS स्टूडेंट अनुष्का सोन को फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें सीजन के लिए मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 चुना गया है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। अनुष्का ने दैनिक भास्कर डिजिटल के साथ अपनी जर्नी साझा की। उन्होंने बताया कि जब वे 11वीं कक्षा में थीं, तब उन्होंने स्कूल के फेयरवेल में रैंप वॉक किया था। वहीं से उनके मन में मिस इंडिया बनने की इच्छा जागी, जो अब उनके सपने के रूप में तब्दील हो चुकी है। इसके अलावा अनुष्का बचपन से ही लोगों की सेवा करना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा। उन्होंने दो बार नीट परीक्षा पास की और एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। अब इंटर्नशिप करने के बाद उनका डॉक्टर बनने का सपना भी पूरा होने वाला है। अनुष्का अब अपने मिस इंडिया बनने के अंतिम पड़ाव के लिए भुवनेश्वर जाएंगी। यहां देशभर से चयनित प्रतिभागियों को लगभग एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद केआईआईटी, भुवनेश्वर में ग्रैंड फिनाले होगा, जहां फेमिना मिस इंडिया 2026 का ताज विजेता के सिर सजेगा। इस मंच से आगे बढ़कर कई हस्तियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। इनमें ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा, सुष्मिता सेन और मानुषी छिल्लर शामिल हैं। भिलाई की अनुष्का भी अब इस रेस में शामिल होने से महज एक कदम दूर हैं। पढ़िए इस रिपोर्ट में अनुष्का ने अपनी जर्नी के बारे में क्या कुछ बताया… पहले ये दो तस्वीरें देखिए… सवाल: आप 61वें फेमिना मिस इंडिया के लिए सिलेक्ट हुई हैं, यह पूरा जर्नी कैसा रहा ? जवाब: यह खिताब मेरी कई सालों की मेहनत का फल है। मैंने पिछले 7 सालों से लगातार हर दिन कोशिश की है कि मैं अपने छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकूं और मुझे यह खिताब पाकर बहुत खुशी हो रही है। सवाल: आप डॉक्टर भी हैं और इंटर्नशिप कर रही हैं। आपने मॉडलिंग और मेडिकल दोनों को कैसे मैनेज किया? जवाब: मैं यह मानती हूं कि सपने सिर्फ मेहनत से पूरे होते हैं और हमें कभी भी अपने सपनों से पीछे नहीं हटना चाहिए। हमेशा कोशिश करते रहना चाहिए, जब तक आप उन्हें हासिल न कर लें। मैंने नीट की तैयारी दो बार की क्योंकि पहली बार मुझे वह कॉलेज नहीं मिला जो मैं चाहती थी। दूसरी बार मैंने नीट क्लियर किया। आज कुछ सालों बाद जब मैं डॉक्टर बनने वाली हूं, मुझे साथ ही साथ अपने सबसे बड़े सपने को भी पूरा करने का मौका मिला है। जो भी मैं अपने जीवन में चाहती थी, मैं उससे सिर्फ एक कदम दूर हूं। मिस इंडिया कहलाना, मिस इंडिया को रिप्रेजेंट करना ही मेरा सपना था और मुझे इसके लिए बहुत खुशी महसूस हो रही है। सवाल: पढ़ाई और मॉडलिंग में जो भी एक्टिविटीज होती हैं उसको आपने कैसे मैनेज किया? समय कैसे निकाला? जवाब: कहते हैं ना जब आप किसी चीज को शिद्दत से चाहो तो रास्ते अपने आप मिल जाते हैं। मैं जब भी पढ़ाई करती थी, दिल से करती थी। मैं जब भी रैम्प वॉक करती थी, दिल से करती थी। हर एक मोमेंट मैं एन्जॉय करती थी। कोशिश करती थी कि इस मोमेंट में ही जीऊं, क्योंकि हमारा प्रेजेंट ही डिसाइड करता है कि हमारा फ्यूचर कैसा होगा और समय निकालने की बात है तो हमेशा कोशिश करनी चाहिए कि जो आप कर रहे हैं, आप उसी को पूरी दिल से करें। सवाल: वो मोमेंट क्या था, जब आपको लगा कि अब मुझे इस फील्ड में जाना है? जवाब: मेरे स्कूल में फेयरवेल होता था, जिसमें पूरा रैम्प वॉक करना और क्वेश्चन-आंसर सेशन करना पड़ता था। जब मैंने यह देखा, तो मुझे विश्वास हो गया कि यह चीज बहुत ही एक्साइटिंग है और यही कुछ ऐसा है जो मैं करना चाहती हूं। जब भी मैं स्टेज पर होती हूं, तो मैं जिंदा महसूस करती हूं, आई फील अलाइव। और वही वह मोमेंट था, क्लास इलेवेंथ में, जब मैंने सोचा कि यह कुछ ऐसा है जिसे मैं अपनी पूरी जिंदगी भर कर सकती हूं और इसमें कभी थकूंगी नहीं। उसी समय मैंने यह भी सोचा कि हां, मैं मिस इंडिया बन सकती हूं और अपने छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकती हूं। सवाल: डॉक्टर बनना किसका सपना था? जवाब: जब मैं छोटी थी, मैं कई लोगों को तकलीफ में देखती थी। उस समय मेरे दिमाग में एक ख्याल आता था कि मैं क्या कर सकती हूं, जिससे उनकी तकलीफ कम हो सके। मैं बचपन में यही चाहती थी कि काश मैं किसी को छू दूं और वह ठीक हो जाए। खैर, यह पूरी तरह संभव नहीं था, लेकिन मुझे यह एहसास हुआ कि एक डॉक्टर वह इंसान होता है, जो अपने ज्ञान का उपयोग करके किसी भी इंसान की तकलीफ को कम कर सकता है या खत्म कर सकता है। इस तरह मैंने अपने छोटे बचपन का सपना इस तरीके से पूरा किया। सवाल: छत्तीसगढ़ की लड़कियां, खासकर आदिवासी इलाकों की, बहुत कम इस तरह के सपने देख पाती हैं। उनके लिए आपका क्या संदेश होगा? जवाब: मैं एक पुलिस ऑफिसर की बेटी हूं और मैंने अपना बचपन बस्तर, पचमढ़ी और ऐसे कई छोटे जिलों में बिताया है, जहां पहले नक्सली गतिविधियां होती थीं। मैं जानती हूं कि वहां बड़े सपने देखना आसान नहीं होता, लेकिन मेरा विश्वास है कि छत्तीसगढ़ की हर बेटी में इतनी काबिलियत है कि वह अपने आप को और पूरी दुनिया को बहुत आगे ले जा सकती है। सवाल: मिस इंडिया बनने का जो पूरा शेड्यूल होता है, वो क्या होता है और कितनी कठिनाई होती है? जवाब: हमारा फिनाले केआईआईटी (KIIT), भुवनेश्वर में होगा। यहां तक पहुंचने के लिए शुरू से ही आपको हर एक पड़ाव पर अपने आप पर ध्यान देना होता है। मिस इंडिया बनने का मतलब यह नहीं है कि आप सबसे खूबसूरत हैं, बल्कि इसका मतलब है कि आपका दिल सबसे खूबसूरत है। हमें ब्यूटी पेजेंट्स यही सिखाते हैं कि सबसे ज्यादा अपने आप से प्यार करना चाहिए, क्योंकि जो इंसान सबसे ज्यादा अपने आप से प्यार करता है, वही दूसरों को आगे ले जा सकता है। शेड्यूल की बात करें तो हमें हर पड़ाव पर हर छोटी से बड़ी चीज की ट्रेनिंग दी जाती है। हमारी मिस इंडिया हैं निकिता पोरवाल, जिन्होंने ऑडिशन्स के समय हमें कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए। हमारे जजेस में नताशा ग्रोवर मैम भी शामिल हैं, जिन्होंने हमेशा हर लड़की के सपनों को पूरा करने में मदद की है। सवाल: क्या कुछ आपने खाना छोड़ा जो आपको पसंद था? जवाब: मुझे कोई खास डाइटिंग नहीं करनी पड़ती। मेरा मानना है कि जो मन में आए, वही खाना चाहिए, लेकिन हेल्दी चीजों का थोड़ा ज्यादा खाना चाहिए। सवाल: मेडिकल के फील्ड में और मॉडलिंग में आपके फैमिली से किस तरह का सपोर्ट था? मम्मी-पापा का, कौन क्या सोचता था फील्ड के बारे में? जवाब: सबसे पहले तो मैं यह बताना चाहूंगी कि मेरी मां ने हमेशा हर सफर में मेरा साथ दिया है। उन्होंने मुझे यह महसूस कराया कि इस दुनिया में उनसे मजबूत मां मुझे नहीं मिल सकती, क्योंकि मैं एक सबसे ताकतवर महिला की बेटी हूं। दूसरी बात यह कि मेरे पिताजी ने हमेशा मुझे सिखाया कि जो इच्छा हो, उसके पीछे डटे रहो और अपने सारे सपनों को पूरा करने के लिए कभी पीछे मत हटो। सैकड़ों प्रतिभागियों को पछाड़कर अनुष्का सिलेक्ट हुई सैकड़ों प्रतिभागियों को पछाड़कर अनुष्का सिलेक्ट हुई। प्रतियोगिता की प्रारंभिक चयन प्रक्रिया कोलकाता में आयोजित हुई, जहां सैकड़ों प्रतिभागियों में से 5 फाइनलिस्ट चुनी गईं। इसके बाद मुंबई में आयोजित अंतिम ऑडिशन में अनुष्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह खिताब अपने नाम किया। अंतिम चयन के दौरान जजों में नताशा ग्रोवर, निकिता पोरवाल (फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024), गोकुल गणेशन (मिस्टर इंडिया वर्ल्ड 2024), अल्तमास फराज, सचिन कुम्भार, डॉ. ब्लॉसम कोच्चर और संदीप सोपरकर शामिल थे। फेमिना मिस इंडिया का महत्व फेमिना मिस इंडिया, टाइम्स ग्रुप के प्रमुख ब्रांड फेमिना के अंतर्गत आयोजित एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। इस मंच पर प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक समझ का मूल्यांकन किया जाता है। ये तस्वीरें भी देखिए…
