भिलाई में 60 से ज्यादा घरों पर चला बुलडोजर:मेन सीवरेज लाइन के ऊपर कब्जा कर बनाया मकान; 250 से ज्यादा घर तोड़े जाएंगे

0
22

छत्तीसगढ़ के भिलाई के गौतम नगर खुर्सीपार वार्ड 42 में अतिक्रमण पर निगम का बुलडोजर चला है। रविवार सुबह से निगम की टीम मेन सीवरेज लाइन के ऊपर बने 60 घरों को तोड़ने पहुंची है। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मची हुई है। निगम के अधिकारियों ने पहले ही गौतम नगर में बुलडोजर चलाने की प्लानिंग कर ली थी। प्लानिंग के तहत उन्होंने तहसीलदार और पुलिस प्रशासन को भी बुला लिया था। पूरी टीम सुबह 8 बजे गौतम नगर पहुंच गई थी। मकान तोड़ने के दौरान लोग सड़क पर उतरे, लेकिन पुलिस ने विरोध करने नहीं दिया। 3 तस्वीरों में देखिए बुलडोजर की कार्रवाई… निगम से 10 से ज्यादा बार मिला नोटिस खुर्सीपार वार्ड 42 के पार्षद विनोद सिंह ने बताया कि वहां नाले और मेन सीवरेज लाइन के ऊपर 250 से ज्यादा घर अतिक्रमण करके बना लिए गए हैं। निगम ने उन लोगों को 10 से ज्यादा बार नोटिस दिया है। इसके बाद भी लोग अतिक्रमण खाली नहीं कर रहे थे। इसके बाद कार्रवाई की गई है। सीवरेज लाइन के 5 फीट एरिया को तोड़ेगा निगम जानकारी के मुताबिक निगम की टीम मेन सीवरेज लाइन को क्लियर करने के लिए इसके दोनों तरफ 5-5 फीट एरिया में हुए अतिक्रमण को तोड़ेगा। इसके बाद इस नाले और सीवरेज लाइन को बनाया जाएगा। पार्षद विनोद सिंह का कहना है कि मेन सीवरेज लाइन एक बार बन गई तो खुर्सीपार की सीवरेज की समस्या आने वाले 50 सालों के लिए खत्म हो जाएगी। बारिश के दिनों में लोगों के घरों में भरता है पानी सीवरेज लाइन और नाले में अतिक्रमण होने से सबसे अधिक समस्या बारिश में होती है। यहां पानी का सही बहाव ना होने से पानी लोगों के घरों के अंदर तक घुस जाता है। यहां की सड़कें पानी में डूब जाती हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। खुर्सीपार में टूटेंगे 200 से ज्यादा घर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने का काम खुर्सीपार जोन 1 से शुरू किया है। यहां करीब 60-70 घर टूटेंगे। इसके बाद जोन 2 में करीब 80 घर और जोन तीन में 70-80 घर मिलाकर कुल 200 से ज्यादा बेजा कब्जा मकानों को तोड़ा जाएगा। ये सभी मकान मेन सीवरेज लाइन के ऊपर बने हुए हैं। हर साल फैल रहा पीलिया और डायरिया नाले की सही से सफाई ना हो पाने से यहां का गंदा पानी सप्लाई की पाइपलाइन में घुसता है। इससे लोग गंदा पानी पीते हैं। इसके चलते हर साल यहां पीलिया और डायरिया की बीमारी फैलती है। अभी दो महीने पहले ही इस वार्ड में पीलिया फैला हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here