यमन में हूती विद्रोहियों के बंदरगाह पर इजराइली एयरस्ट्राइक:2000 किमी दूर 20 फाइटर जेट्स से 50 ठिकानों पर बम गिराए, एयरपोर्ट अटैक का बदला

0
26

इजराइली सेना ने यमन में हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले बंदरगाह शहर हुदैदाह पर सोमवार रात भीषण बमबारी की। सेना के मुताबिक हमले में 20 इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। इसके लिए विमानों ने 2000 किमी की दूरी तय की। हमले में हुदैदाह पोर्ट और बाजिल कंक्रीट फैक्ट्री को निशाना बनाया गया। इजराइल डिफेंस फोर्स के मुताबिक फाइटर जेट्स ने कम से कम 50 टार्गेट्स पर बम गिराए। इजराइल का यह हमला एक दिन पहले हूती विद्रोहियों के तेल अवीव में बेन गुरियन एयरपोर्ट हमले के जवाब में किया गया। मिसाइल हमले में कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद इजराइल ने इसका बदला लेने का ऐलान किया था। हूती विद्रोही बोले- इजराइल को जवाब देंगे
हूती विद्रोहियों का कहना है कि इजराइली हमले में कम से कम 21 लोग घायल हो गए हैं। हूती विद्रोहियों के मीडिया विभाग के चीफ नसरुद्दीन आमेर ने कहा कि वे इस हमले का जवाब देंगे। इजराइली हमले उन्हें नहीं रोक पाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह हमला इजराइल और अमेरिका दोनों ने मिलकर किया था। हालांकि, एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा कि वाशिंगटन ने इन हमलों में भाग नहीं लिया। इजरायली सेना ने कहा कि यह हमला हूती शासन की अर्थव्यवस्था और उसके सैन्य निर्माण के लिए एक झटका है। बाजिल कंक्रीट फैक्ट्री उनके लिए एक अहम आर्थिक संसाधन के रूप में काम करती है और इसका उपयोग सुरंगों और सैन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए किया जाता है। सेना ने कहा कि हुदैदाह बंदरगाह का इस्तेमाल हूती आतंकी ‘ईरानी हथियारों, सैन्य जरूरतों के लिए उपकरणों और दूसरे आतंकी मकसद के लिए’ करते थे। इजराइल का हूती विद्रोहियों पर इस साल का पहला हमला
गाजा में जंग शुरू होने के बाद यमन में इजराइल का यह छठा और इस साल का पहला हमला था। इजराइल ने कहा है कि यमन पर हमला हूतियों के इजराइल के खिलाफ बार-बार किए गए हमलों के जवाब में किया गया है। मार्च में हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़ा अमेरिकी अभियान शुरू होने के बाद से IDF ने यमन पर हमला करना रोक दिया था। इजराइल ने यमन के अलावा सोमवार रात सीरिया, लेबनान और गाजा पर भी हमले किए। IDF ने साउथ लेबनान और बेका घाटी में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर कई हवाई हमले किए। इसके अलावा उन्होंने लेबनान की सीमा से सटे सीरिया पर भी कई हमले किए। अभी तक इन दोनों इलाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इजराइली सेना ने गाजा पर भी हमला किया। इसमें 54 लोगों की मौत हो गई है। गाजा पर पूरी तरह से कब्जा करेगा इजराइल इस बीच इजराइल गाजा में सैन्य अभियान को और तेज करने का ऐलान किया है। इजराइल की वॉर कैबिनेट ने सोमवार को इस फैसले पर मंजूरी दी। इसमें गाजा पर पूरी तरह से ‘कब्जा’ करने और पूरे इलाके पर कंट्रोल करने का प्लान शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अधिकारी ने कहा कि उम्मीद है कि इसे अगले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की यात्रा के बाद ही इसे लागू किया जाएगा। इजराइल तब तक हमास के साथ सीजफायर और बंधक समझौते पर पहुंचने की कोशिश जारी रखेगा। हालांकि इजराइली सेना के चीफ इयाल जमीन ने गाजा में अभियान तेज करने को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यह अभियान गाजा में बंधकों की जान को खतरे में डाल सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि नए प्लान से हमास के खिलाफ ज्यादा मजबूत हमले करने और वहां रह गए बंधकों को लाने में मदद मिलेगी। इजराइल ने रिजर्व सैनिकों को बुलाना शुरू किया इससे एक दिन पहले सेना इयाल जमीर ने कहा था कि वे अपने रिजर्व सैनिकों को इसके लिए बुला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इजराइली सेना गाजा में जमीन और जमीन के भीतर बने हमास के सभी बुनियादी ढांचे को बर्बाद कर देगी। इजराइल और हमास के बीच 8 हफ्ते से जारी सीजफायर 18 मार्च को टूट गया था। इसके बाद इजराइल ने फिर से गाजा पर हमला करना शुरू कर दिया था। इजराइल ने गाजा को मिलने वाली मदद पर भी रोक लगा दी है। दोनों देशों के बीच सीजफायर को लेकर बातचीत अभी भी रुकी हुई है। हमास ने बंधकों की रिहाई पर आगे की चर्चा करने से इनकार कर दिया है जब तक कि इजराइल युद्ध को समाप्त करने और गाजा से अपनी सभी सेनाओं को वापस बुलाने के लिए सहमत नहीं हो जाता। यूनाइटेड नेशन के मुताबिक इजराइल ने गाजा के 70% इलाके को रेड जोन घोषित कर रखा है। यहां रहने वाले लोगों को इलाका छोड़ने के आदेश दे दिए गए हैं। ……………………………………………. इजराइल-हमास जंग से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… इजराइल ने गाजा में टैंक उतारे, जमीनी हमले शुरू:रक्षामंत्री काट्ज बोले- बंधक नहीं लौटाए तो हमास को पूरी तरह बर्बाद कर देंगे इजराइल ने गाजा में एक बार फिर से टैंक उतारकर जमीनी हमले शुरू कर दिए हैं। इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) के मुताबिक उसने गाजा पट्टी के सेंट्रल और साउथ के हिस्सों में ग्राउंड ऑपरेशन चालू किया हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here