रवीना टंडन@51, फिल्मों में नहीं किया किस सीन:शादी से पहले रखी शर्त, बेटियों को गोद लेने पर हुई आलोचना; जानें एक्ट्रेस के बड़े फैसले

0
12

‘मस्त मस्त गर्ल’ के नाम से मशहूर रवीना टंडन न सिर्फ अपनी एक्टिंग बल्कि बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। पहली ही फिल्म पत्थर के फूल से एक्ट्रेस को हिंदी सिनेमा में अलग पहचान मिल गई थी, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने सिद्धांतों और शर्तों पर ही काम किया। रवीना ने कभी भी फिल्मों में किसिंग सीन नहीं किया। एक बार ऐसा हुआ कि एक हीरो के होंठ उनके होंठों से टच हो गए थे, तो एक्ट्रेस ने तुरंत ब्रश किया और उन्हें उल्टी तक आ गई थी। आज रवीना टंडन के 51वें जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनके जीवन के कुछ बड़े फैसलों के बारे में… सलमान की फिल्म से किया डेब्यू, मिली पहचान रवीना टंडन का जन्म 26 अक्टूबर 1974 में मशहूर फिल्म निर्देशक रवि टंडन के घर हुआ था। दिलचस्प बात यह है कि फिल्मों में उनका डेब्यू कराने का श्रेय सलमान खान को जाता है। किरण जुनेजा के चैट शो ‘इनसाइड टॉक’ में रवीना ने सलमान से अपनी पहली मुलाकात का किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब वह प्रह्लाद कक्कड़ के साथ इंटर्नशिप कर रही थीं, तभी उन्हें पहली फिल्म ‘पत्थर के फूल’ का ऑफर मिला था। एक दिन उनके दोस्त बंटी ने अचानक उन्हें ऑफिस के बाहर बुलाया और सलमान से मिलवाया। उस समय सलमान जी.पी. सिप्पी के प्रोडक्शन में बन रही अपनी नई फिल्म ‘पत्थर के फूल’ के लिए एक नए चेहरे की तलाश में थे। बंटी ने सलमान से कहा कि वह एक बार रवीना को देख लें। शायद उनकी तलाश यहीं खत्म हो जाए। बस वहीं रवीना और सलमान की मुलाकात हुई और रवीना को फिल्म ‘पत्थर के फूल’ ऑफर हो गई। रवीना बताती हैं कि जब उन्होंने अपनी कॉलेज फ्रेंड्स को यह खबर दी कि उन्हें सलमान खान के साथ फिल्म मिली है, तो सभी सहेलियां खुशी से झूम उठीं और उन्हें फिल्म साइन करने के लिए प्रोत्साहित करने लगीं। आखिरकार रवीना ने अपने पापा से इजाजत ली और फिल्म के लिए ‘हां’ कह दी। इसके बाद 17 साल की उम्र में रवीना ने बॉलीवुड में डेब्यू किया और पहली ही फिल्म हिट साबित हुई, जिससे उन्हें हिंदी सिनेमा में पहचान भी मिल गई। 21 की उम्र में दो बेटियों को लिया गोद, लोगों ने लगाए कई आरोप डेब्यू के बाद से ही रवीना टंडन का फिल्मी करियर शानदार चल रहा था। उनकी फिल्में लगातार हिट हो रही थीं और वह सफलता की ऊंचाइयों पर थीं, लेकिन इसी बीच महज 21 साल की उम्र (साल 1995) में उन्होंने एक ऐसा कदम उठाया जिसने सभी को हैरान कर दिया। एक्ट्रेस ने दो बेटियों पूजा और छाया को गोद ले लिया। इस फैसले के बाद रवीना को कई तरह की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में उन्होंने उस दौर को याद करते हुए कहा था, जब मैंने पूजा और छाया को गोद लिया, तब वे 8 और 11 साल की थीं। उस वक्त लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि ये मेरे अपने बच्चे हैं, जो मैंने शादी से पहले छिपाए हुए थे, लेकिन मेरा सवाल था जब मैं 21 साल की थी और वे 8 और 11 साल की थीं, तो मैंने उन्हें कब जन्म दिया? क्या जब मैं 11 या 12 साल की थी तब? रवीना ने आगे कहा- कुछ नेक आंटियों ने तो यहां तक पूछा कि अब मुझसे शादी कौन करेगा, क्योंकि मेरे पास पहले से ही बच्चे हैं, लेकिन मेरा मानना था कि जो मुझसे सच में प्यार करेगा, वह मेरी बेटियों, मेरे पालतू जानवरों और मेरी हर चीज से प्यार करेगा। ट्रोलिंग तो आज भी होती है। आप कुछ भी कर लो, लोग बोलेंगे ही। ऐसे लोगों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। बता दें कि रवीना की गोद ली बेटी छाया एक इवेंट मैनेजर है, वहीं पूजा एयर होस्टेस है। फिल्मों में नो किसिंग पॉलिसी को किया फॉलो सलमान खान और रवीना टंडन के बीच एक दिलचस्प समानता यह है कि दोनों ने अपने करियर में कभी भी ऑन-स्क्रीन किसिंग सीन नहीं दिए हैं। रवीना ने हमेशा अपनी ‘नो किसिंग पॉलिसी’ को फॉलो किया। उनका मानना था कि किसिंग जैसी चीजें बहुत निजी होती हैं और वह पर्दे पर ऐसे सीन करने में सहज नहीं थीं। जब भी वह कोई फिल्म साइन करती थीं, तो पहले से ही शर्त रख देती थीं कि उनसे कभी भी किसिंग सीन नहीं करवाया जाएगा। हालांकि एक बार फिल्म अभय की शूटिंग के दौरान एक घटना हो गई। लहरें रेट्रो से बातचीत में रवीना ने बताया, मुझे याद है एक बार मैं अपने को-एक्टर के साथ थोड़ा रफ सीन कर रही थी। उसी दौरान गलती से उनके लिप्स मेरे लिप्स से टच हो गए। यह बिल्कुल अनजाने में हुआ था। सीन खत्म होते ही मैं अपने कमरे में गई और उल्टी कर दी, क्योंकि मैं बहुत अनकम्फर्टेबल महसूस कर रही थी। मैंने अपने दांत ब्रश किए और सौ बार चेहरा धोया। छोटे कपड़ों के कारण ठुकराई शाहरुख की फिल्म रवीना टंडन और शाहरुख खान ने साथ में ये लम्हे जुदाई के, जादू, जमाना दीवाना और पहला नशा जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने एक्टर के साथ ऑफर हुई एक और फिल्म ठुकरा दी थी, जिसकी वजह थी छोटे कपड़े। रवीना ने कहा, मुझे शाहरुख खान की एक फिल्म में शॉर्ट ड्रेस पहनने को कहा गया था। मैंने साफ मना कर दिया। मैं उस फिल्म का नाम लेना नहीं चाहूंगी। मुझे लगता है कि सुंदर दिखने के लिए छोटे कपड़े पहनना जरूरी नहीं है। मेकअप और ड्रेसिंग स्टाइल अच्छी होगी, तो सुंदरता अपने आप निखरकर सामने आएगी। रणवीर सिंह को निकलवाया था सेट से बाहर साल 1994 में आई फिल्म मोहरा सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म में रवीना के साथ अक्षय कुमार नजर आए थे। इस फिल्म का गाना ‘टिप-टिप बरसा पानी’ ब्लॉकबस्टर हुआ था। इस गाने से रवीना को रातों-रात डांसिंग क्वीन का टैग मिल गया था, लेकिन रवीना के इस गाने से एक दिलचस्प किस्सा भी जुड़ा है। रवीना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस गाने की शूटिंग के दौरान रणवीर सिंह भी सेट पर मौजूद थे और एक्ट्रेस ने उन्हें बाहर जाने का ऑर्डर दिया था। रवीना ने बताया कि रणवीर उस वक्त काफी छोटे थे और शरारती भी थे। टिप-टिप बरसा गाना बेहद सेंशुअल था। मेरा मानना है कि ऐसे सीन्स देखने की एक उम्र होती है जो रणवीर की उस दौरान नहीं थी। मैंने प्रोड्यूसर से रिक्वेस्ट की थी कि सेट पर सिर्फ पेरेंट्स को ही रहने दिया जाए और बच्चों को बाहर भेज दिया जाए, इसलिए रणवीर को सेट से बाहर भेज दिया गया था। मुंबई में लोकल ट्रेन में छेड़छाड़ का शिकार हुई थीं रवीना रवीना टंडन हमेशा अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। जब महाराष्ट्र में ‘आरे मेट्रो 3 कारशेड’ का मुद्दा गरमाया हुआ था, तब रवीना ने भी इसका विरोध किया था। उन्होंने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए अपना विरोध जताया था। उनकी पोस्ट पर एक यूजर ने उनसे पूछा कि क्या वे जानती हैं कि मुंबई में ट्रैवल करने के लिए मिडिल क्लास को कितना संघर्ष करना पड़ता है। इस पर रवीना ने जवाब किया, टीनएजर्स के दिनों में मैंने लोकल ट्रेन और बसों से सफर किया है। छेड़छाड़ का शिकार हुई, चुटकी काटी गई वह सब कुछ हुआ जिससे ज्यादातर महिलाएं गुजरती हैं। साल 1992 में मैंने अपनी पहली कार खरीदी। विकास को कोई रोक नहीं रहा है, लेकिन हमें जिम्मेदारी भी लेनी होगी। सिर्फ किसी एक प्रोजेक्ट के लिए नहीं, बल्कि हर बार जब हरे-भरे जंगलों को काटा जाएगा, जो पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए सुरक्षित घर हैं, हमें इस पर ध्यान देना होगा। एक नजर रवीना टंडन के बचपन और लव लाइफ पर… पिता की तरह डायरेक्टर बनना चाहती थीं रवीना रवीना टंडन के पिता रवि टंडन हिंदी सिनेमा के जाने-माने डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे। उन्होंने ऋषि कपूर और नीतू सिंह की खेल खेल में, अनहोनी, राजेश खन्ना की नजराना, अमिताभ बच्चन की मजबूर के अलावा खुद्दार और जिंदगी जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। ऐसे में रवीना को भी बचपन से ही पिता की तरह डायरेक्टर बनने का सपना था। फराह खान से बातचीत में एक्ट्रेस ने बताया था, मैं विज्ञापन बनाना चाहती थी। मैंने कभी हीरोइन बनने के बारे में नहीं सोचा। इतना ही नहीं, आप यकीन नहीं करेंगे, बचपन में मैं बहुत मोटी थी। बालों में तेल लगाकर दो चोटी बनाकर स्कूल जाती थी। किसी को नहीं लगा था कि मैं कभी एक्ट्रेस बन पाऊंगी। मेरे से ज्यादा मेरा भाई एक्टिंग में इंटरेस्टेड था। रवीना की हुई थी बॉडी शेमिंग रवीना टंडन 90 के दशक में फिल्मी पर्दे पर छाई हुई थीं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उनकी बॉडी शेमिंग तक की गई। एएनआई को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 90s की गॉसिप मैगजीन बहुत ही घटिया थीं। मेरे बारे में बहुत सारी बातें लिखी गई थीं। कभी ‘थंडर थाइज’ कहा गया, तो कभी मिस ये, कभी मिस वो, और कभी 90 किलो की। दरअसल, मैं उस वक्त मोटी थी। मैंने 16 साल की उम्र में अपना करियर शुरू किया था और सच में, मैं एकदम मोटी थी। हालांकि अब मुझे फर्क नहीं पड़ता। मुझे ऐसे रहना पसंद है और ऐसे ही अच्छा लगता है। अक्षय कुमार से जुड़ा था नाम, दोनों की सगाई भी हुई अक्षय कुमार और रवीना टंडन की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री 90 के दशक में खूब चर्चा में रही। 1994 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म मोहरा के बाद उनके अफेयर की खबरें सुर्खियों में आईं। कहा जाता है कि अक्षय चाहते थे कि रवीना घर पर रहें और परिवार को प्राथमिकता दें। सिमी गरेवाल के शो में रवीना ने बताया था, मेरी सगाई एक ऐसे इंसान से हुई थी, जिसे मैं जानती थी और मैं यही चाहती थी कि एक सिंपल लाइफ जिया जाए। मैंने काम शादी से पहले ही छोड़ दिया था क्योंकि हमने सोचा था कि जब मेरी शूटिंग का आखिरी दिन आ जाएगा, तब हम शादी कर लेंगे। एक बार जब मैंने अपना करियर शुरू किया, तो उसने मुझे इसे छोड़ने के लिए कहा, लेकिन मैंने कहा, एक बार मैंने तुम्हें अपने करियर के ऊपर चुना था, अब मैं अपने करियर को तुम्हारे ऊपर चुनूंगी। करियर के पीक पर, रवीना ने साल 2004 में बिजनेसमैन अनिल थडानी से शादी कर ली। शादी से पहले रवीना ने अनिल के सामने एक शर्त रखी थी। उनका कहना था कि 21 साल की उम्र में उन्होंने जिन दो बेटियों को गोद लिया था, वे भी उनके साथ ही रहेंगी। ——————– बॉलीवुड की यह खबर भी पढ़ें.. मलाइका अरोड़ा @52, माचिस की डिब्बी जैसे घर में रहीं:आत्मसम्मान और मानसिक शांति के लिए तलाक लिया, अर्जुन से अलग होकर आत्म-खोज में जुटीं मलाइका अरोड़ा की कहानी सिर्फ ग्लैमर नहीं, आत्मसम्मान और पुनर्जन्म का प्रतीक है। उनका बचपन बहुत गरीबी में गुजरा। पूरी खबर पढ़े..

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here