भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) की छत्तीसगढ़ राज्य कार्यकारिणी की रविवार को राजीव भवन रायपुर में बैठक हुई। इस दौरान PCC चीफ दीपक बैज का iPhone चोरी हो गया। मौके पर पुलिस और साइबर टीम मौजूद है। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। इस दौरान दीपक बैज ने कहा कि, मीटिंग के बाद मेरा फोन कहीं खो गया है। या उसे मैंने कहीं रखा है यह याद नहीं है। फोन में ज्यादा कुछ इंपॉर्टेंट चीज नहीं थी, लेकिन गांव से लेकर दिल्ली तक बहुत सारे कांटेक्ट नंबर थे। बस उसी की चिंता है। वहीं फोन चोरी होने पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दीपक बैज बताएं, उनके मोबाइल में कौन से राज हैं, जो कांग्रेस के लोग जानना चाहते हैं। चोरी के पीछे उनका शक किस पर है, क्या भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव या कोई और कांग्रेस नेता पर है। दीपक बैज इसको बताएं। राजीव भवन नहीं बल्कि पूरा प्रदेश ही सुरक्षित नहीं इस दौरान बैज ने कहा कि, राजीव भवन नहीं बल्कि पूरा प्रदेश ही सुरक्षित नहीं है। हमारे कार्यकर्ताओं में सलेक्टेड लोग आए थे। उन्होंने ऐसा नहीं किया है। हो सकता है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति भीड़ में घुस गया हो उसने ऐसा किया हो। बैज ने कहा कि अब नए सिरे से फिर कांटेक्ट नंबर जोड़ना पड़ेगा। उसमें मेरे लोकसभा और कार्यक्रमों के फोटो वीडियो भी थे। हो सकता है, फोन किसी के हाथ में लग गया हो, इसलिए उसे बंद चालू किया जा रहा है। मीटिंग में इन मुद्दों पर हुई चर्चा दरअसल, इस बैठक में NSUI की आगामी रणनीति, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा 7 जुलाई को रायपुर में आयोजित होने जा रही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की “किसान-जवान-संविधान जनसभा” को लेकर चर्चा की गई। अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को शामिल करें पीसीसी चीफ दीपक बैज ने NSUI के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि 7 जुलाई को आयोजित होने वाली जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए ज़िला स्तर से लेकर विश्वविद्यालय तक संगठन को सक्रिय करें और अधिक से अधिक संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। आगामी आंदोलनों को लेकर भी चर्चा की इस कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने छात्रों से कहा कि, वे आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए मजबूती से खड़े रहें और संविधान बचाने की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाएं। बैठक में आगामी महीनों में छात्र आंदोलनों और विश्वविद्यालय परिसरों में NSUI की सक्रियता बढ़ाने की भी रणनीति तय की गई। बता दें कि इस बैठक में पीसीसी अध्यक्ष दीपक, विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, कांग्रेस नेता एजाज ढेबर सहित NSUI के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे। ………………………………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… दिल्ली में भूपेश बोले-भाजपा OBC विरोधी: बघेल ने कहा-सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी इसका सबूत, छत्तीसगढ़ में भी बिल पेंडिंग, रिजर्वेशन पर MP-छत्तीसगढ़ में करेंगे आंदोलन मध्यप्रदेश में OBC आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद कांग्रेस हमलावर है। दिल्ली के इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में AICC महासचिव और पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ओबीसी विरोधी है।छत्तीसगढ़ राजभवन में आज भी आरक्षण बिल पेंडिंग है। पढ़ें पूरी खबर…
