मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात चार राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने रविवार को इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी पुणे के रहने वाले हैं। इनके नाम आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़ (19 साल), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20 साल), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18 साल) और स्वप्निल बंडू सकट (23 साल) हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 109 और 61(2) के साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 37(1), 37(2) और 135 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों की भूमिका घटना के लिए वाहन उपलब्ध कराने और साजिश रचने से जुड़ी हुई है। वहीं, पांचवें आरोपी शुभम लोंकर को वांटेड घोषित किया गया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने शुभम लोनकर के संपर्क में रहकर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को हर तरह की मदद उपलब्ध कराई। बताया जा रहा है कि शिवशरण पोमाजी ने शुभम लोंकर के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई। वहीं गिरफ्तार आरोपी आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़ की सलाह पर होंडा डियो स्कूटर (MH 12 FN 2205) सहित अन्य संसाधनों की व्यवस्था की गई, जिससे हमलावर को घटना को अंजाम देने में आसानी हो सके। जांच में यह भी सामने आया है कि शुभम लोंकर से मिली आर्थिक सहायता के जरिए ही मुख्य आरोपी के लिए वाहन की व्यवस्था की गई थी। शनिवार देर रात हुई थी फायरिंग पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने मुंबई के जुहू इलाके में स्थित नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर रात करीब 12:45 बजे फायरिंग की थी। उन्होंने बताया था कि कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से टकराई थी। वहीं, इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में एक स्क्रीनशॉट शेयर कर दावा किया था कि लॉरेंस गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली है। यह स्क्रीनशॉट शुभम लोंकर आरजू बिश्नोई नाम के अकाउंट की फेसबुक पोस्ट का है। पोस्ट में लिखा- अगली बार छाती पर गोली लगेगी इस पोस्ट में लिखा गया था, “सभी भाइयों को आज जो ये मुंबई में (शेट्टी टावर) फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर, हरमन संधू हम लेते हैं। हमने इसको बहुत बार मैसेज लगाया कि हमारे काम में दखल ना दे, लेकिन इसको समझ में नहीं आया। इसको ये छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगर इसने आगे फिर हमारी बात नहीं समझी और हमारी बात नहीं मानी, तो अब घर के बाहर नहीं, अंदर इसके बेडरूम में गोली चलेगी, इसकी छाती पर।” इसी पोस्ट में आगे लिखा था, “और आगे बॉलीवुड को चेतावनी है कि टाइम रहते सुधर जाओ, नहीं तो बहुत बुरा हाल होगा। तुम्हारा बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल करेंगे। हमने जिन-जिन लोगों को फोन कर रखा है, या तो टाइम रहते लाइन पर आ जाओ, वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी। और जितने भी हमारे दुश्मन हैं, तैयार रहो, जल्दी ही मुलाकात होगी तुमसे। नोट- एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा लॉरेंस बिश्नोई गैंग।” कौन है शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई? शुभम लोंकर लॉरेंस गैंग का एक प्रमुख “की ऑपरेटिव” माना जाता है। शुभम एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या (अक्टूबर 2024) का मुख्य संदिग्ध और साजिशकर्ता है। उसने फेसबुक पर उस हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी। वहीं, आरजू बिश्नोई को गैंग का एक सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जो सोशल मीडिया और धमकियों के जरिए गैंग की गतिविधियों को संचालित करने में मदद करता है। रोहित शेट्टी के घर के आसपास सुरक्षा बल की तैनाती की गई घटना की खबर मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीमें उनके घर पहुंचीं। रोहित शेट्टी मुंबई के जुहू इलाके में रहते हैं। उनके घर के पास बॉलीवुड की कई सेलिब्रिटीज के घर हैं। फायरिंग की घटना के बाद जुहू में रोहित शेट्टी के घर के आसपास सुरक्षा बल की तैनाती की गई।
