वर्ल्ड अपडेट्स:इंडोनेशिया में प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में आग लगाई, 3 लोगों की मौत, 5 घायल; पुलिस ने ड्राइवर को कुचला, विरोध तेज

0
15

इंडोनेशिया के मकासर शहर में शुक्रवार रात प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय संसद भवन में आग लगा दी। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। मकासर शहर परिषद के सचिव राहमत मप्पाटोबा ने प्रदर्शनकारियों पर भवन में आग लगाने का आरोप लगाया। आग लगने के बाद कुछ लोग इमारत से कूदने की कोशिश में घायल हुए। इंडोनेशिया में शुक्रवार से कई शहरों में बड़े प्रदर्शन हो रहे हैं। दरअसल, शुक्रवार को पुलिस के एक वाहन ने मोटरसाइकिल से जा रहे डिलीवरी ड्राइवर को कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद लोगों ने सरकारी अधिकारियों और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के खिलाफ प्रदर्शन तेज कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सरकारी इमारतों पर पत्थर और पटाखे फेंके, जबकि पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। ड्राइवर की मौत के मामले में सात अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। खबरों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों में 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए और मृत ड्राइवर के परिवार से मुलाकात की। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पूर्व अमेरिकी NSA बोले- अमेरिका की छवि को गटर में डाल रहे ट्रम्प, चीन पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा अमेरिका के पूर्व सुरक्षा सलाहकार (NSA) जैकब जेरेमिया सुलिवन ने अमेरिका की तुलना चीन से की। उन्होंने कहा कि आज विश्व चीन को एक जिम्मेदार देश के तौर पर देख रहा है। जबकि ट्रम्प सरकार ने अमेरिका की छवि को गटर में मिला रही है, जिस पर कोई भी देश भरोसा नहीं करना चाहता है। सुलिवन ने चीन को अमेरिका का विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि चीन कई देशों में लोकप्रियता के मामले में अमेरिका से आगे निकल गया है। एक साल पहले तक ऐसा नहीं था। अब कई देश कह रहे हैं कि ब्रांड अमेरिका खत्म हो चुका है और चीन एक जिम्मेदार खिलाड़ी की तरह नजर आ रहा है। सुलिवन ने भारत पर टैरिफ को लेकर ट्रम्प सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि टैरिफ से वॉशिगटन और दिल्ली के बीच संबंध खराब हुए हैं। ट्रम्प ने भारत को चीन से बातचीत करने के लिए मजबूर किया है। जबकि बाइडेन सरकार भारत से रिश्ते मजबूत करने की कोशिश कर रही थी। ताकि चीन को काउंटर किया जा सके। सुलिवन ने अमेरिकी निवेश बैंक की रिपोर्ट के हवाला देते हुए बताया कि ट्रम्प ने अपने निजी गुस्से के कारण भारत पर 50% टैरिफ लगाया है। क्योंकि भारत ने ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान में सीजफायर वाले बयान को गलत बताया था। तुर्किये ने इजराइल से व्यापारिक और आर्थिक रिश्ता खत्म किया, हवाई क्षेत्र भी बंद किया तुर्किये ने इजराइल के साथ सभी तरह के व्यापार और आर्थिक रिश्ते खत्म कर दिए हैं। इसके साथ ही इजराइली विमानों के लिए तुर्किये ने अपना हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया है। तुर्किये ने यह फैसला गाजा सिटी में इजराइल के कब्जा करने की कोशिश के बाद किया है। तुर्किये के विदेश मंत्री हकान फिदान ने शुक्रवार को कहा कि अगर इजराइल ने अपनी सैन्य कार्रवाई बंद नहीं की तो पूरा इलाका संघर्ष में फंस सकता है। फिदान ने दुनिया की बड़ी ताकतों से अपील की कि वे इजराइल को समर्थन देना बंद करें और उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कदम उठाएं। फिदान ने साफ कहा कि अब न तो तुर्किये के जहाज इजराइली बंदरगाहों पर जाएंगे और न इजराइल के जहाजों को यहां आने देंगे। तुर्किये पहले से ही गाजा पर इजराइल के हमलों का कड़ा विरोध करता रहा है। राष्ट्रपति एर्दोगन कई बार इन हमलों को नरसंहार बता चुके हैं और उन्होंने PM नेतन्याहू की तुलना हिटलर से की है। जापान के कुरील आईलैंड्स में 5.2 तीव्रता का भूकंप, रूस में महसूस किए गए झटके जापान के उत्तरी कुरील आईलैंड्स के पास प्रशांत महासागर में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके 94 किमी दूर रूस के सेवेरो-कुरीलस्क शहर में महसूस किए गए। यह भूकंप 30 अगस्त को सुबह 10 बजे, 25 किमी की गहराई में आया। इसकी जानकारी रूस के युज्नो-सखालिंस्क भूकंपीय केंद्र प्रमुख एलेना सेमेनोवा ने दी। उन्होंने बताया कि भूकंप से सुनामी का कोई खतरा नहीं है। वहीं, इस भूकंप से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि 27 अगस्त को उज्बेकिस्तान के आपातकालीन मंत्रालय के भूकंपीय निगरानी केंद्र ने अफगानिस्तान में 5.7 तीव्रता का भूकंप आने की सूचना दी थी। यह भूकंप 160 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। अफ्रीकी देश मॉरिटानिया के पास नाव पलटने से 49 लोगों की मौत, 100 लापता अफ्रीकी देश मॉरिटानिया के तट के पास इस हफ्ते मंगलवार को एक नाव के डूबने से 49 लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग लापता हैं। न्यूज एजेंसी AFP को एक सीनियर कोस्ट अफसर ने बताया कि गश्ती दल ने 17 लोगों को बचाया। अब तक 49 शव बरामद हो चुके हैं और उन्हें दफना दिया गया है। लापता लोगों की तलाश अभी जारी है। बचाए गए लोगों ने बताया कि नाव में करीब 160 लोग सवार थे, जिनमें सेनेगल और गाम्बिया के नागरिक शामिल थे। लोकल पुलिस ने भी मरने वालों की संख्या की पुष्टि की है। यह हादसा देर रात तब हुआ, जब नाव पर सवार प्रवासियों ने मॉरिटानिया की राजधानी नोआकशॉट से 80 किमी उत्तर में एक शहर की रोशनी देखी। इसके बाद वे नाव में एक तरफ झुक गए, जिससे नाव पलट गई। पुतिन दिसंबर में भारत दौरे पर आएंगे:यूक्रेन युद्ध के बाद पहली इंडिया विजिट; सोमवार को चीन में पीएम मोदी से मिलेंगे रूसी राष्ट्रपति पुतिन इस साल दिसंबर में भारत आएंगे। रूस के राष्ट्रपति ऑफिस क्रेमलिन ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पुतिन का यह पहला भारत दौरा होगा। यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब भारत और रूस अपनी साझेदारी को और मजबूत कर रहे हैं, जबकि अमेरिका भारत पर रूस से तेल खरीदने की वजह से आर्थिक दबाव बढ़ा रहा है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, पुतिन सोमवार को चीन में होने वाली SCO समिट के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनकी भारत यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। रूस की तरफ से यह घोषणा तब आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भारत के निर्यात पर कुल 50% टैरिफ लगाए हैं। इसमें से 25% एक्स्ट्रा टैरिफ रूसी तेल खरीद की वजह से लगाया गया है। अमेरिका का कहना है कि इससे रूस को यूक्रेन युद्ध जारी रखने में मदद मिल रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here