वर्ल्ड अपडेट्स:ईरानी विदेश मंत्री अमेरिका से बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड पहुंचे, परमाणु समझौते को लेकर विवाद

0
1

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची रविवार को जेनेवा (स्विट्जरलैंड ) पहुंचे, जहां मंगलवार को अमेरिका के साथ अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता का दूसरा दौर होना है। वे ईरान की टीम का नेतृत्व करेंगे। ओमान इस वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अरागची एक कूटनीतिक और तकनीकी प्रतिनिधिमंडल के साथ रवाना हुए। यह वार्ता इस महीने की शुरुआत में मस्कट (ओमान) में हुई पहली बैठक के बाद हो रही है, जिससे कई महीनों की ठहराव के बाद बातचीत फिर शुरू हुई है। ये वार्ताएं क्षेत्र में बढ़ते तनाव और अमेरिका की सैन्य तैयारियों के बीच हो रही हैं। वार्ता में ईरान के यूरेनियम इनरिचमेंट की सीमा, निगरानी व्यवस्था और अमेरिकी प्रतिबंधों में राहत जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। अरागची जेनेवा में स्विस और ओमानी अधिकारियों से मिलेंगे, साथ ही अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी से भी मुलाकात करेंगे। ईरान का कहना है कि वह एक नया परमाणु समझौता चाहता है, जो दोनों पक्षों को आर्थिक फायदे दे। ये वार्ताएं 2025 के मध्य में हुए 12 दिनों के संघर्ष के बाद हो रही हैं, जिसमें अमेरिका ने ईरानी परमाणु स्थलों पर बमबारी की थी। पिछले साल ईरान और इजराइल के बीच हुए संघर्ष के बाद बातचीत रुक गई थीं। ईरान के पास अब काफी मात्रा में उच्च संवर्धित यूरेनियम जमा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ी है। ईरान कहता है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण है। दूसरी ओर, अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है। दो विमानवाहक पोत, यूएसएस अब्राहम लिंकन और यूएसएस गेराल्ड आर फोर्ड तैनात किए गए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि अगर बातचीत से समझौता नहीं हुआ तो ताकत का इस्तेमाल करना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here