ऑस्ट्रेलिया की एक अदालत ने भारतीय समुदाय के एक नेता को पांच कोरियाई महिलाओं के रेप का दोषी पाए जाने पर 40 साल की जेल की सजा सुनाई है। ऑस्ट्रेलिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, बलेश धनखड़ (43) को 7 मार्च को डाउनिंग सेंटर जिला अदालत में सजा सुनाई गई, जिसमें उन्हें 30 साल तक पैरोल नहीं मिलेगी। धनखड़ ने नकली नौकरी के विज्ञापनों का इस्तेमाल करके महिलाओं को अपने जाल में फंसाया। ये महिलाएं 21 से 27 वर्ष की उम्र की दक्षिण कोरियाई नागरिक थीं। उन्होंने महिलाओं को अपने सिडनी वाले घर या उसके आसपास बुलाया। यहां उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर उनके साथ रेप किया। 2023 में जूरी ट्रायल के बाद, उसे 13 बार दुष्कर्म समेत 39 अपराधों का दोषी पाया गया। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… टोरंटो के पब में हमलावर ने फायरिंग की, 12 लोग घायल कनाडा के टोरंटो में पब में गोलीबारी की घटना में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 10:39 बजे स्कारबरो टाउन सेंटर के पास एक पब में हुई। पुलिस ने बताया कि हमलावर काले रंग का फेस मास्क पहने हुए था। वह अपनी सिल्वर कलर की कार में फरार हो गया। उसके बारे मे कोई और डिटेल सामने नहीं आई है। साल 2023 के रेल हादसे को लेकर ग्रीस में हिंसा, संसद के बाहर फेंके गए बम ग्रीस के दो शहरों में शुक्रवार को 2023 में हुए रेल हादसे को लेकर हिंसा भड़क गई। हिंसा के दौरान राजधानी एथेंस में संसद के बाहर बम फेंके गए। पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस और स्टन ग्रेनेड दागे और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। वहीं प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पेट्रोल बम फेंके। ग्रीस की संसद में शुक्रवार को रेल हादसे को लेकर अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। हालांकि विपक्ष का प्रस्ताव फेल हो गया। इसके बाद हादसे पर राजनीतिक जवाबदेही की मांग करते हुए देश भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। ग्रीक पुलिस ने कहा कि 61 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ग्रीस के टेम्पे शहर में 28 फरवरी 2023 को हुए रेल हादसे में 57 लोग मारे गए थे। विपक्षी आरोप लगा रहे हैं कि सरकार रेल सुरक्षा प्रणाली की विफलता की जिम्मेदारी संभालने में नाकाम रही। सीरिया में असद के लड़ाकों और सेना के बीच हिंसक झड़प, दो दिन में 180 से ज्यादा की मौत सीरिया के तटीय क्षेत्र लताकिया व टार्टस में सेना व पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के लड़ाकों के बीच भीषण संघर्ष छिड़ गया है। इस संघर्ष में दो दिन में 180 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 300 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। संघर्ष का क्षेत्र रूसी नियंत्रित एयरबेस के नजदीक है। जानकारों के मुताबिक, झड़प तब शुरू हुई जब सुरक्षा बलों ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने की कोशिश की। इसके बाद सरकार ने लताकिया व टार्टस में भारी संख्या में सेना की तैनाती की है। साथ ही कर्फ्यू लगाने का भी आदेश दिया है। सीरिया सरकार का कहना है कि असद के वफादार लड़ाकों ने सुरक्षा बलों पर हमला किया, जिससे हिंसा शुरू हुई। वहीं, असर के लड़ाकों ने सुरक्षाबलों पर रिहाइशी इलाकों पर बमबारी करने का आरोप लगाया है। लताकिया व टार्टस प्रांतों में हिंसा ने अबू मोहम्मद अल-जुलानी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। ये इलाके अल्वी समुदाय के गढ़ हैं। जो पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के प्रति वफादार रहे हैं।सीरिया में बीते साल दिसंबर में बशर अल असद को सत्ता से हटाए के बाद ये सबसे भीषण हिंसक झड़प है। ट्रम्प बोले- रूस के साथ पीस डील करना ज्यादा आसान, यूक्रेन के पास विकल्प नहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि रूस के साथ पीस डील करना यूक्रेन की तुलना में ज्यादा आसान है। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शुक्रवार को कहा कि उन्हें रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर भरोसा है। उन्हें लगता है कि पुतिन जंग खत्म करना चाहते हैं। ट्रम्प ने कहा कि उनके लिए यूक्रेन से निपटना ज्यादा मुश्किल हो रहा है, क्योंकि उनके पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं। वे यूक्रेन पर अधिक दबाव बना रहे हैं, ताकि जंग को जल्द से जल्द खत्म किया जा सके। डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद लगातार रूस-यूक्रेन युद्ध को रुकवाने के लिए काम करने की बात कही है। इस महीने की शुरुआत में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की उनसे मिलने अमेरिका पहुंचे थे। हालांकि ओवल ऑफिस में जेलेंस्की और ट्रम्प में तनातनी हो गई थी। दोनों के बीच कैमरे पर ही जमकर बहस हुई थी। साउथ कोरिया में यून येओल की जेल से रिहाई का आदेश, जनवरी में गिरफ्तार हुए थे साउथ कोरिया की एक अदालत ने महाभियोग का सामना कर रहे अपदस्थ राष्ट्रपति यून सुक येओल को शुक्रवार को जेल से रिहा करने का आदेश दिया। कोर्ट के इस फैसले से यून को अपने ऊपर लगे आरोपों के खिलाफ केस चलाने की अनुमति मिल जाएगी। सुक येओल को देश में ‘मार्शल लॉ’ लागू करने के लिए जनवरी में गिरफ्तार किया गया था। यून के वकीलों ने जांच एजेंसी पर आरोप लगाया कि उसके पास विद्रोह के आरोपों की जांच करने का कानूनी अधिकार नहीं है। सुक येओल के महाभियोग की अंतिम सुनवाई 25 फरवरी को हुई थी। इस मामले में कुछ ही दिनों में फैसला आने की उम्मीद है। अगर जज यून को हटाने की पुष्टि कर देते हैं तो 60 दिनों के भीतर देश में चुनाव कराए जाएंगे।
ट्रम्प का दावा- भारत टैरिफ दर कम करने को राजी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि भारत, चीन, ईयू समेत कई अन्य देश टैरिफ की दरों को कम करने को तैयार हो गए हैं। उन्होंने कहा- बहुत ज्यादा टैरिफ के कारण भारत में ट्रेड करना बेहद मुश्किल होता है। इससे पहले नई दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम अमेरिका के साथ द्विपक्षीय ट्रेड डील को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसमें टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाओं को कम करना शामिल है। दोनों देशों के बीच व्यापारिक वार्ता से इस मसले का हल निकलेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें…
