अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान समेत 11 अंतरराष्ट्रीय संघर्ष में मध्यस्थता की है। इससे पहले उन्होंने सात संघर्ष सुलझाने का दावा किया था, लेकिन अब उन्होंने अमेरिकी सांसद बायरन डोनाल्ड्स का एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया, जिसमें 11 संघर्ष की नई लिस्ट दी गई है। सांसद बायरन डोनाल्ड्स ने जो लिस्ट शेयर की है, उसमें आर्मेनिया-अजरबैजान, कंबोडिया-थाईलैंड, कांगो-रवांडा, मिस्र-इथियोपिया, सर्बिया-कोसोवो और भारत-पाकिस्तान संघर्ष शामिल हैं। इसके अलावा, इजराइल के साथ ईरान, मोरक्को, सूडान, UAE, और बहरीन से जुड़े पांच विवाद भी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… अमेरिका में भारतीय छात्र को पुलिस ने गोली मारी, अपने रूममेट पर चाकू से हमला किया था अमेरिका में भारतीय छात्र मोहम्मद निजामुद्दीन (30) को पुलिस ने गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। निजामुद्दीन ने 3 सितंबर को अपने रूममेट पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया। घटना के 3 सप्ताह बाद उसके परिवार को इसकी जानकारी मिली। भारत में उसके परिवार ने विदेश मंत्रालय से शव को लाने में मदद करने का अनुरोध किया है। फिलहाल बॉडी को सांता क्लारा के एक अस्पताल में रखा गया है। दरअसल, निजामुद्दीन की अपने रूममेट से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद किसी ने पुलिस को फोन कर मामलों की जानकारी दी। पुलिस प्रमुख कोरी मॉर्गन ने बताया हमारे पहुंचने से पहले निजामुद्दीन ने चाकू से हमला कर दिया गया था। उनका कहना है कि अधिकारियों ने चाकू के साथ संदिग्ध को पाया और वो फिर हमला करने की धमकी देने लगा। जब संदिग्ध ने आदेशों का पालन नहीं किया तो पुलिस ने गोली चला दी। तेलंगाना के महबूबनगर में रहने वाला आरोपी का परिवार सदमे में है। तालिबान ने 8 महीने बाद ब्रिटिश जोड़े को रिहा किया, 18 साल से अफगान महिलाओं की एजुकेशन पर काम रहे थे अफगानिस्तान में तालिबान ने ब्रिटिश जोड़े पीटर और बार्बी रेनॉल्ड्स को रिहा कर दिया है। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, कतर और ब्रिटिश सरकार के सहयोग से यह रिहाई हुई। 79 साल के पीटर और 75 साल की बार्बी को 1 फरवरी 2025 को तालिबान ने पकड़ा था। यह जोड़ा 18 साल से अफगानिस्तान में लड़कियों की पढ़ाई और माता-बच्चों के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम चला रहा था। तालिबान ने कहा कि उन्होंने अफगान नियम तोड़े। तालिबान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल काहार बल्खी ने बताया कि पीटर और बार्बी को कानूनी प्रक्रिया के बाद आज छोड़ दिया गया है। कतर ने कई महीनों तक तालिबान से बात की और ब्रिटिश सरकार के साथ मिलकर इन्हें रिहा करवाया। इस जोड़े को 13 मार्च को कोर्ट में जाना था, लेकिन आखिरी समय पर सुनवाई टल गई थी। जर्मनी में सेकेंड वर्ल्ड वॅार के दो बम मिले, पुलिस ने 20 हजार लोगों को निकाला जर्मनी की राजधानी बर्लिन में गुरुवार शाम को सेकेंड वर्ल्ड वॅार के दो बम मिलने के बाद करीब 20,000 लोगों को अपने घर खाली करने पड़े। पुलिस ने बम के आसपास 500 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया और घर-घर जाकर लोगों को बाहर निकलने का आदेश दिया। पहला बम स्प्री नदी से मिला है, जो फिशरइंसेल इलाके में स्थित है और यहां लगभग 10 हजार लोगों को हटाया गया है। पुलिस ने गुरुवार रात 500 मीटर का सुरक्षा क्षेत्र बना दिया और घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षा जानकारी दी। इस इलाके में कुछ दूतावास और सरकारी दफ्तर भी आते हैं। यहां सड़कें बंद कर दी गईं और एक मेट्रो लाइन अस्थायी रूप से रोक दी गई, जिनके पास विकल्प नहीं था, उनके लिए रेस्ट रुम बनाए गए हैं। दूसरा बम पश्चिमी जिले स्पांडाउ में मिला है। 100 किलो वजनी यह बम बुधवार को खोजा गया था। शुक्रवार को इसे भी निष्क्रिय किया जाएगा। यहां ,से करीब 12,400 लोगों को निकाला गया है। पुलिस ने बताया कि यह बम कोई बड़ा खतरा नहीं था, इसलिए इसकी सुरक्षा में पुलिसकर्मी तैनात किए गए और बाद में कार्रवाई की गई। अमेरिका के न्यू जर्सी में अक्षरधाम मंदिर पर मजदूरों के शोषण से जुड़ी जांच बंद, भारतीय मजदूरों ने भेदभाव का आरोप लगाया था अमेरिका के न्यू जर्सी में BAPS स्वामीनारायणजी अक्षरधाम मंदिर पर जातिगत भेदभाव और मजदूरों के शोषण के आरोपों की जांच खत्म हो गई है। अमेरिकी न्याय विभाग और न्यू जर्सी के अटॉर्नी कार्यालय ने चार साल बाद यह जांच बंद कर दी। BAPS ने इस फैसले का स्वागत किया है। यह मामला मई 2021 में शुरू हुआ। दरअसल, 6 भारतीय मजदूरों ने मंदिर पर मुकदमा दायर किया। उन्होंने कहा कि उन्हें अच्छी नौकरी का लालच देकर अमेरिका लाया गया, लेकिन मंदिर में लंबे समय तक मुश्किल काम करवाया गया। उनकी तनख्वाह बहुत कम थी, सिर्फ 450 डॉलर महीना, जो भारत में उनके बैंक खातों में जमा होती थी। वे इसे आसानी से नहीं निकाल पाते थे। मुकदमे में यह भी आरोप था कि मंदिर ने भारत की जाति व्यवस्था का गलत इस्तेमाल किया। BAPS ने कहा कि यह जांच बंद होना साबित करता है कि मंदिर हजारों भक्तों की स्वेच्छा से बना है, न कि जबरदस्ती से। उन्होंने मंदिर को शांति, सेवा और भक्ति का प्रतीक बताया। BAPS ने कहा कि यह समय उनके लिए मुश्किल था, लेकिन इससे उनका समुदाय और मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि यह मंदिर अमेरिका में हिंदू समुदाय की एकता और आस्था को दर्शाता है। हिंदू संगठन कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) ने भी इस फैसले का समर्थन किया। ट्रम्प बोले- पुतिन ने मुझे निराश किया, वह बहुत सारे लोगों की जान ले रहे ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कड़ी आलोचना की। ट्रम्प ने कहा कि वह रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता करवाना चाहते थे, लेकिन पुतिन की हरकतों ने उन्हें निराश किया है। ट्रम्प ने कहा, “पुतिन ने मुझे बहुत निराश किया है। वह बहुत सारे लोगों की जान ले रहे हैं और रूसी सैनिक यूक्रेनी सैनिकों की तुलना में ज्यादा मारे जा रहे हैं।” ट्रम्प ने बताया कि वह पुतिन के साथ अपने रिश्ते की वजह से शांति बातचीत को आसान समझते थे, लेकिन पुतिन ने उनके भरोसे को तोड़ा। ट्रम्प मंगलवार को दो दिन के ब्रिटेन दौरे पर गए थे, उन्होंने ब्रिटिश शाही परिवार और स्टार्मर की तारीफ की। दरअसल, अलास्का में पुतिन और ट्रम्प के बीच 15 अगस्त को शांति बातचीत हुई थी। इसमें ट्रम्प ने पुतिन को जेलेंस्की से बातचीत करने को कहा था। हालांकि, दोनों के बीच शांति समझौता नहीं हो सका। 90 मिनट के इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्रिटिश PM ने भी पुतिन की आलोचना की। इजराइल ने गाजा पर तीन दिनों में 150 हमले किये, 4 लाख लोग भागे इजराइली सेना 3 दिनों में गाजा सिटी पर किए गए। हमले से वहां भयानक तबाही मची। इस दौरान वहां 150 एयर स्ट्राइक और टैंक हमले किए गए। इसके बाद 10 लाख आबादी वाले गाजा सिटी से 4 लाख फिलिस्तीनी शहर छोड़ने को मजबूर हुए हैं । वहीं कुपोषण की वजह से पिछले 24 घंटे में 4 लोगों की मौत हो गई। अब तक भुखमरी के कारण मरने वालों का आंकड़ा 435 तक पहुंच गया है। इनमें 147 बच्चे भी शामिल हैं। जब से हमास-इजराइल युद्ध शुरू होने से लेकर अब तक गाजा में 65,141 फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत हो चुकी है। इजराइली सेना ने गुरुवार को कहा कि दक्षिणी गाजा पट्टी में उसके 4 सैनिक मारे गए हैं। इजराइल के अति-दक्षिणपंथी वित्त मंत्री मजालेल स्मोट्रिच ने तेल अवीव में एक कॉन्फ्रेंस में कहा- ‘गाजा एक रियल एस्टेट बोनांज’ है । हमारे पास इसे विकसित करने का बिजनेस प्लान है। इसके लिए हम अमेरिका से बात कर रहे हैं कि इसे कैसे बांटा जाए और इसका फायदा कैसे लिया जाए। ट्रम्प ने भारत-पाक जंग सुलझाने का दावा फिर दोहराया, कहा- दोनों परमाणु हथियार वाले देश, ट्रेड के लिए सीजफायर किया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को ब्रिटेन की अपनी राजकीय यात्रा के दौरान फिर से भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को सुलझाने का दावा किया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने दुनियाभर में सात जंग को सुलझाया, जिसमें भारत-पाकिस्तान भी शामिल है। ट्रम्प ने कहा, “हमने भारत और पाकिस्तान का मुद्दा सुलझाया। ये दोनों परमाणु हथियारों वाले देश हैं। ” उन्होंने आगे कहा, “यह पूरी तरह से व्यापार के लिए था। भारत और पाकिस्तान हमारे साथ व्यापार करना चाहते हैं, तो आपको साथ मिलकर काम करना होगा।” हालांकि, भारत ने किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से हमेशा इनकार किया है और कहा कि यह समझौता दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच सीधी बातचीत से हुआ। ट्रम्प ने भारत पर रूस से तेल खरीदने के लिए टैरिफ लगाने की बात भी कही। उन्होंने कहा, “मैं नरेंद्र मोदी के बहुत करीब हूं। हाल ही में मैंने उनके जन्मदिन पर बधाई दी थी। लेकिन मैंने भारत पर प्रतिबंध लगाए।” ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि अगर तेल की कीमतें कम होती हैं, तो रूस-यूक्रेन युद्ध भी खत्म हो सकता है। रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रम्प ने कहा कि यह अमेरिका को सीधे प्रभावित नहीं करता, क्योंकि हमारे बीच काफी दूरी है।” हालांकि, उन्होंने इस युद्ध में लाखों लोगों की मौत का जिक्र किया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा कि वह ब्रिटेन-अमेरिका साझेदारी को लेकर पहले से कहीं ज्यादा आशावादी हैं। वहीं, इजराइल-हमास संघर्ष पर ब्रिटेन के फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता देने की योजना पर ट्रम्प ने असहमति जताई। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2023 के हमले में बंधक बनाए गए सभी लोगों को रिहा करना चाहिए। रूस के कामचटका में 7.8 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर शुक्रवार सुबह 7.8 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। रूसी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए भूकंप के वीडियो में घरों में फर्नीचर और लाइटें हिलती हुई दिखाई दीं। झटके इतने तेज थे कि सड़कों पर खड़ी गाड़ियां भी हिलती हुई दिखाई दीं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप रूसी शहर पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 128 किलोमीटर दूर, जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। रूस की स्टेट जियोफिजिकल सर्विस ने भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई और कम से कम पांच आफ्टरशॉक की सूचना दी। गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने टेलीग्राम पर कहा- आज की सुबह एक बार फिर कामचटका के लोगों के धैर्य की परीक्षा ले रही है। फिलहाल किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। कामचटका के पूर्वी तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। जनता को सतर्क किया जा रहा है। कामचटका प्रायद्वीप एक टेक्टोनिक प्लेट पर बसा है जिसे रिंग ऑफ फायर के नाम से जाना जाता है। यह प्रशांत महासागर के अधिकांश भाग को घेरे हुए है और भूकंप का केंद्र है। जुलाई में, इस क्षेत्र के तट पर 8.8 तीव्रता के एक बड़े भूकंप से सुनामी आई थी, जिससे तट पर बसे एक गांव का हिस्सा समुद्र में बह गया था। यहां पढ़ें पूरी खबर… भारत बोला- सऊदी हमसे अपने रिश्तों का ध्यान रखेगा:पाकिस्तान की आतंकियों से साठगांठ; दो दिन पहले सऊदी-PAK में डिफेंस समझौता हुआ भारत ने शुक्रवार को कहा कि हमें उम्मीद है कि सऊदी अरब हमारे साथ अपने रिश्तों को ध्यान रखेगा। पाकिस्तान की आतंकियों से साठगांठ है। भारत और सऊदी अरब के बीच पिछले कुछ सालों में रणनीतिक साझेदारी बहुत मजबूत हुई है। हम उम्मीद करते हैं कि यह साझेदारी आपसी हितों और संवेदनशीलता का ध्यान रखेगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच 17 सितंबर को हुए रक्षा समझौते पर व्यक्त की। इसमें एक देश पर हमला दूसरे पर हमला माना जाएगा। यहां पढ़ें पूरी खबर… अमेरिका ने बलूच आर्मी पर बैन का प्रस्ताव वीटो किया:UN में PAK-चीन का प्रस्ताव रोका; पिछले महीने US ने ही आतंकी संगठन घोषित किया था अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) और उसकी आत्मघाती यूनिट मजीद ब्रिगेड पर बैन के प्रस्ताव पर रोक लगा दी है। इस प्रस्ताव को पाकिस्तान और चीन ने मिलकर सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में रखा था। दोनों देशों ने BLA को प्रतिबंधित संगठन घोषित करने की मांग की थी। UNSC की बैठक में पाकिस्तान ने दावा किया कि BLA, मजीद ब्रिगेड, अल-कायदा और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान जैसे आतंकी संगठन अफगानिस्तान की जमीन से काम कर रहे हैं और सीमा पार हमले कर रहे हैं। उसने आरोप लगाया है कि अफगानिस्तान से फैल रहा आतंकवाद पाकिस्तान की सबसे बड़ी सुरक्षा चुनौती है। अमेरिका के साथ ब्रिटेन और फ्रांस ने भी इस प्रस्ताव का विरोध किया है। इससे पहले अमेरिका ने ही पिछले महीने BLA और मजीद ब्रिगेड को विदेशी आतंकी संगठन (FTO) घोषित किया था। यहां पढ़ें पूरी खबर… नेपाली PM बोलीं- हम जीरो स्टेट की स्थिति में:न इमारतें बची और न ही डॉक्यूमेंट्स; Gen-Z आंदोलन की आग में सब राख नेपाल की राजधानी काठमांडू के सिंह दरबार में 9 सितंबर को हुई भयानक आगजनी ने देश के सरकारी ढांचे को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। स्थिति इतनी गंभीर है कि नेपाल की नई अंतरिम पीएम सुशीला कार्की ने शपथ लेते ही कहा, “हम शून्य स्थिति (जीरो स्टेट) में हैं।” उनके पास कैबिनेट है, लेकिन मंत्रालयों के पास न तो इमारतें बची हैं और न ही जरूरी कागजात। सिंह दरबार परिसर, जो कभी भव्य महल और 20 से ज्यादा मंत्रालयों का केंद्र था, अब मलबे का ढेर बन चुका है। आग की लपटों ने संसद, भ्रष्टाचार विरोधी विशेष अदालत, और कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों को नष्ट कर दिया। सरकारी दस्तावेज, जन्म प्रमाण पत्र, कंपनी रजिस्ट्रेशन, और अंतरराष्ट्रीय समझौतों के मूल कागजात जलकर राख हो गए। अकेले सुप्रीम कोर्ट की 60 हजार से ज्यादा फाइलें राख हो गईं। यहां पढ़ें पूरी खबर… फ्रांस प्रोटेस्ट- बजट कटौती के खिलाफ 5 लाख लोग जुटे:स्कूली बच्चों ने हाईवे ब्लॉक किए, पत्थरबाजी हुई; 80 हजार पुलिसकर्मी तैनात, 141 गिरफ्तार फ्रांस में बजट कटौती को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ट्रेड यूनियनों ने गुरुवार को हड़ताल की अपील की थी, जिसमें लाखों लोग शामिल हुए। पेरिस, लियोन, नांतेस, मार्सिले, बोर्डो, टूलूज और कैएन जैसे शहरों में सड़कें जाम हो गईं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों में 5 लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर उतरे, जबकि यूनियनों ने संख्या 10 लाख बताई है। सुरक्षा के मद्देनजर देश भर में 80,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और 141 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं हैं। कुछ जगहों पर पत्थरबाजी और आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ, लेकिन ज्यादातर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे। कई जगह स्कूली बच्चों ने भी हाईवे ब्लॉक किए। यहां पढ़ें पूरी खबर… ट्रम्प बोले- मैं भारत और PM मोदी के बहुत करीब:रूस से तेल खरीदने के कारण उन पर बैन लगाना पड़ा भारत और अमेरिका के बीच फिर से ट्रेड डील पर बातचीत की संभावनाओं के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि वह भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत करीब हैं। इसके बावजूद उन्हें भारत पर प्रतिबंध लगाना पड़ा। ट्रम्प ने यह बयान लंदन में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया। उनसे पूछा गया कि क्या रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर बैन लगाकर व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बनाने का समय आ गया है। इस पर ट्रम्प ने कहा- मैं भारत और प्रधानमंत्री मोदी के बहुत करीब हूं। मैंने उनसे पिछले दिनों बात की, उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भी बहुत सुंदर जवाब दिया। हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं, लेकिन मैंने उनपर प्रतिबंध लगा दिया। उन्होंने आगे कहा- रूस से तेल खरीदने के कारण मुझे यूरोपीय देशों और चीन पर भी बैन लगाना पड़ा। चीन इस समय अमेरिका पर बहुत बड़ा टैरिफ लगा रहा है। मैं और भी चीजें करने को तैयार हूं, लेकिन तब नहीं जब मैं जिन लोगों के लिए लड़ रहा हूं, वे रूस से तेल खरीद रहे हों। यहां पढ़ें पूरी खबर… अमेरिका ईरानी चाबहार पोर्ट से जुड़ी कंपनियों पर जुर्माना लगाएगा:10 दिन में पोर्ट को मिली छूट खत्म होगी; ये भारत के पास 10 साल लीज पर अमेरिका ने ईरान के चाबहार बंदरगाह को दी गई खास छूट गुरुवार को रद्द कर दी। यह भारत के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि यह बंदरगाह भारत का बहुत जरूरी प्रोजेक्ट है। 29 सितंबर 2025 से इस बंदरगाह को चलाने, पैसे देने या उससे जुड़े किसी काम में शामिल कंपनियों पर अमेरिका जुर्माना लगा सकता है। इसकी जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दी है। अमेरिका ने कहा- हम ईरान की गलत हरकतों को रोकना चाहते हैं। जब तक ईरान हमले, आतंकवाद और अशांति फैलाने में पैसा लगाएगा, हम उसे रोकने के लिए हर कदम उठाएंगे। यह फैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की “मैक्सिमम प्रेशर” पॉलिसी का हिस्सा है, जो फरवरी 2025 में शुरू हुई थी। चाबहार को 2018 में अफगानिस्तान की मदद और विकास के लिए छूट मिली थी। अब इसे खत्म कर दिया गया है। भारत इस बंदरगाह को अफगानिस्तान और सेंट्रल एशिया तक पहुंचने के लिए इस्तेमाल करता है, ताकि पाकिस्तान से न गुजरना पड़े। भारत ने 2024 में चाबहार को 10 साल के लिए लीज पर लिया है। इसके तहत भारत यहां 120 मिलियन डॉलर निवेश करेगा और 250 मिलियन डॉलर का क्रेडिट लाइन (सस्ता कर्ज) देगा। यहां पढ़ें पूरी खबर…
