वर्ल्ड अपडेट्स:ट्रम्प बोले- मैं न होता तो दुनिया में 6 बड़े युद्ध चल रहे होते, इसमें भारत-पाक संघर्ष शामिल

0
26

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि अगर वे राष्ट्रपति न होते, तो दुनिया में छह बड़े युद्ध हो सकते थे, जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध भी शामिल था। स्कॉटलैंड में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ मुलाकात के दौरान ट्रम्प ने यह बयान दिया। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब थाईलैंड और कंबोडिया ने युद्धविराम की घोषणा की है और अमेरिका ने इसमें मध्यस्थ का रोल निभाया है। ट्रम्प ने कहा- अगर मैं न होता, तो अभी छह बड़े युद्ध चल रहे होते। भारत और पाकिस्तान आपस में लड़ रहे होते। उन्होंने थाईलैंड-कंबोडिया विवाद को व्यापार वार्ता के जरिए शांत करने का दावा किया इसके अलावा, उन्होंने रवांडा और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के बीच शांति समझौता और सर्बिया-कोसोवो में संभावित संघर्ष को रोकने का भी जिक्र किया। गाजा के मुद्दे पर ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने वहां बहुत आर्थिक मदद दी, लेकिन हमास ने इसका बड़ा हिस्सा चुरा लिया। उन्होंने बताया कि स्टार्मर के साथ उनकी मुलाकात का एक मुख्य मकसद गाजा संकट का हल ढूंढना है। इस महीने की शुरुआत में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया था। ट्रम्प ने कहा- वे मुझे कभी नोबेल शांति पुरस्कार नहीं देंगे, लेकिन मुझे यह मिलना चाहिए।” अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबरें भी पढ़ें.. ट्रम्प की पुतिन को चेतावनी, कहा- रूस को यूक्रेन से जल्द समझौता करना ही होगा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि रूस को यूक्रेन के साथ युद्ध जल्द खत्म करना होगा। ट्रम्प ने पहले रूस को युद्ध रोकने के लिए 50 दिन का समय दिया था, लेकिन अब उन्होंने इस समय सीमा को और कम करने का ऐलान किया है। स्कॉटलैंड में ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ मुलाकात से पहले ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा, “मैं पुतिन से बहुत निराश हूं।” उन्होंने बताया कि उनकी पुतिन से कई बार बात हुई है। ट्रम्प चाहते हैं कि रूस और यूक्रेन के बीच जल्द ही कोई समझौता हो जाए। दो हफ्ते पहले ट्रम्प ने रूस को चेतावनी दी थी कि अगर 50 दिनों में युद्ध नहीं रुका, तो अमेरिका रूस पर 100% तक के भारी टैरिफ लगाएगा। अब ट्रम्प ने कहा कि वे इस टाइम लिमिट को और कम करेंगे, यानी रूस को और कम समय मिलेगा। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि नई टाइम लिमिट कितनी होगी। UN की न्यूक्लियर एजेंसी दो हफ्ते में ईरान का दौरा करेगी ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बताया कि UN की परमाणु निगरानी संस्था (IAEA) अगले दो हफ्ते में ईरान का दौरा करेगी। कुछ दिन पहले IAEA के डायरेक्टर ने कहा था कि वो जल्द से जल्द ईरान के साथ टेक्निकल वार्ता शुरू करना चाहते हैं। बघाई ने कहा कि इस दौरे में ईरान IAEA के साथ अपने आगे के रिश्तों को लेकर एक डॉक्यूमेंट पेश करेगा। इस डॉक्यूमेंट को लेकर ईरान की संसद ने एक बिल पारित किया था, जो IAEA के साथ सहयोग को सीमित करता है। यह बिल पिछले महीने ईरान और इजराइल के बीच 12 दिन के युद्ध के बाद पारित किया गया था, जिसमें इजराइल ने ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को निशाना बनाया था। युद्ध से ठीक पहले IAEA ने एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें ईरान पर न्यूक्लियर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। सीरिया में असद सरकार जाने के बाद पहली बार चुनाव होंगे, 70 सांसदों को अंतरिम राष्ट्रपति खुद चुनेंगे सीरिया में बसर अल असद की सत्ता जाने के बाद पहली बार संसदीय चुनाव होंगे। चुनावों की देखरेख करने वाली समिति ने इसका ऐलान किया है। अगले चुनाव 15 से 20 सितंबर के बीच कराए जाएंगे। दिसंबर में विद्रोहियों के हमले के बाद पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की सत्ता गिर गई थी। अब अहमद अल-शरा अंतरिम राष्ट्रपति हैं और उनके नेतृत्व में यह नया राजनीतिक दौर शुरू हो रहा है। संसद की कुल 210 सीटों में से एक-तिहाई पर सीधे नियुक्ति की जाएगी, जिसे अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा तय करेंगे। बाकी सीटों के लिए आम लोग मतदान करेंगे। चुनाव समिति के एक अन्य सदस्य हसन अल-दाघिम ने बताया कि हर प्रांत में एक-एक मतदान मंडल बनाया जाएगा, ताकि सभी जगह से लोग अपने प्रतिनिधि चुन सकें। अंतरिम राष्ट्रपति अल-शरा ने मार्च में एक अस्थायी संविधान पर हस्ताक्षर किए थे। उसमें कहा गया था कि जब तक देश में स्थायी संविधान नहीं बनता और आम चुनाव नहीं होते, तब तक एक जन समिति संसद का काम करेगी। यह प्रक्रिया कई साल चल सकती है। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में फायरिंग, 6 की मौत; हमलावर ने खुद को भी मारी गोली थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक फूड मार्केट में 61 वर्षीय शख्स ने अंधाधुंध फायरिंग कर कम से कम छह लोगों की हत्या कर दी। इसके बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली। घटना सोमवार को बैंकॉक के मशहूर ऑर टॉ कॉर मार्केट में हुई। यह पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। पुलिस के मुताबिक हमलावर की पहचान मिस्टर नोई के नाम से हुई है। वह मौके पर ही मृत पाया गया। बैंकॉक के बंग सू जिले के डिप्टी पुलिस चीफ वोरापत सुकथाई ने बताया कि फिलहाल इसे मास शूटिंग माना जा रहा है। हमलावर की मंशा की जांच हो रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस गोलीबारी का थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर चल रही झड़पों से कोई संबंध है। चीन में भूस्खलन से 4 की मौत, 8 लापता; बीजिंग ने इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम एक्टिवेट किए चीन के हेबेई प्रांत में भारी बारिश के बाद आए भूस्खलन में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है। 8 लोग अभी भी लापता हैं। यह घटना उत्तर चीन के लुआनपिंग काउंटी के एक गांव में सोमवार को हुई। राहत और बचाव कार्य जारी है। चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने बीजिंग में बाढ़ नियंत्रण के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्श सिस्टम एक्टिवेट कर दिया है। मंत्रालय मुताबिक बीजिंग के उत्तर-पूर्वी इलाके के मीयुन जलाशय में रविवार को 60 साल में सबसे ज्यादा पानी का बहाव दर्ज हुआ। मंत्रालय ने स्थानीय प्रशासन से बारिश और जलस्तर की निगरानी मजबूत करने, समय रहते चेतावनी जारी करने और नदियों में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। इसके साथ ही खतरनाक इलाकों से लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर ले जाने पर भी जोर दिया गया है। जर्मनी के रीडलिंगन में ट्रेन पटरी से उतरी, 3 की मौत; कई घायल, 100 यात्री सवार थे जर्मनी के रीडलिंगन के पास रविवार को एक पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा स्थानीय समयानुसार रविवार शाम करीब 6:10 बजे हुआ। ट्रेन में 100 यात्री सवार थे। यह इलाका म्यूनिख से लगभग 158 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। घटना स्थल की तस्वीरों में देखा गया कि ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह पलट गए और राहतकर्मी उनकी छत पर चढ़कर बचाव कार्य कर रहे थे। जर्मन चांसलर फ्रेडरिख मर्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मृतकों के लिए शोक जताया और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। देश की राष्ट्रीय रेलवे सेवा डॉयचे बान ने बयान जारी कर कहा कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रही है। कंपनी ने हादसे को लेकर गहरा दुख जताया है। अमेरिका-EU के बीच ट्रेड समझौता; दोनों पक्ष अब एक-दूसरे पर 15% टैरिफ लगाएंगे स्कॉटलैंड में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और यूरोपीय आयोग (EU) प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन की मुलाकात के बाद अमेरिका और यूरोपीय यूनियन के बीच व्यापार समझौता हुआ। अब दोनों पक्ष अधिकतर सामानों पर सीधा 15% टैरिफ (आयात शुल्क) लगाएंगे। इससे भारी टैक्स का खतरा टल गया है जो वैश्विक अर्थव्यवस्था को झटका दे सकता था। ट्रम्प ने बताया कि EU करीब 750 अरब डॉलर की अमेरिकी ऊर्जा खरीदेगा और 600 अरब डॉलर का निवेश करेगा। दोनों पक्षों ने ऑटोमोबाइल सहित सभी वस्तुओं पर 15% शुल्क तय किया है। लेयेन ने इसे स्थिरता और व्यापारिक भरोसा बढ़ाने वाला समझौता बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here