वर्ल्ड अपडेट्स:न्यूयॉर्क में बिना बुलेटप्रूफ सिक्योरिटी के होटल की खिड़की से दिखे नेतन्याहू; सुरक्षा पर सवाल उठे

0
3

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक फोटो में वे होटल की खिड़की के पास बैठे नजर आ रहे हैं। यह फोटो सामने की इमारत से ली गई। खिड़की पर न तो बुलेटप्रूफ शीशा था और न ही कोई शटर। फोटो को इजराइली सेना के रिटायर्ड कर्नल रोनेन कोहेन ने X (ट्विटर) पर शेयर किया। कोहेन ने लिखा- प्रधानमंत्री खुले में बैठे रहे, यह स्नाइपर या हथियारों की गोलीबारी के लिए बड़ा खतरा था। यह बैठक न्यूयॉर्क के लोव्स रीजेंसी होटल में हुई थी। यहां नेतन्याहू अपने सलाहकारों के साथ UN महासभा में भाषण और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ होने वाले समझौते पर चर्चा कर रहे थे। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर दो विमान आपस में टकराए, एक शख्स घायल न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। टैक्सीवे पर डेल्टा एयरलाइंस की सहयोगी कंपनी एंडेवर एयर के दो विमान आपस में टकरा गए। इस टक्कर में एक फ्लाइट अटेंडेंट घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया। टक्कर के बाद तुरंत दोनों विमानों से यात्रियों को उतारकर बस से टर्मिनल तक पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, एक विमान (फ्लाइट 5047, शार्लेट, नॉर्थ कैरोलिना से आई) लैंडिंग के बाद गेट की तरफ जा रहा था। तभी दूसरा विमान (उड़ान 5155, रोअनोक, वर्जीनिया के लिए रवाना होने वाला) उससे टकरा गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फ्लाइट 5155 का पंख उड़ान 5047 की बॉडी से टकराया। हादसे के वीडियो और तस्वीरों में एक विमान का पंख टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। दोनों ही विमान बॉम्बार्डियर सीआरजे-900 मॉडल के थे। टकराव के समय फ्लाइट 5155 में 32 लोग (28 यात्री और 4 क्रू सदस्य) सवार थे। जबकि फ्लाइट 5047 में 61 लोग (57 यात्री और 4 क्रू सदस्य) सवार थे। लंदन में 700 साल पुराने चर्च को 45 फुट हवा में उठाया, यहां अब 36 मंजिला टावर बनेगा लंदन के 50 फेंचर्च स्ट्रीट के रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत 700 साल पुराने चर्च “टावर ऑल हैलोज स्टेनिंग’ अब 45 फुट (लगभग 13.7 मीटर) ऊंचाई पर स्टील स्टिल्ट्स (खंभों) पर बैलेंस किया गया है। इसके लिए पहले 1,25,000 टन मिट्टी निकाली गई और फिर टावर को ऊपर उठाया गया। इसे ‘पहली बार हुआ इंजीनियरिंग चमत्कार’ कहा जा रहा है। चर्च टावर का निर्माण 1320 ईस्वी में हुआ था और इसने ग्रेट फायर ऑफ लंदन (1666) को भी झेला। अब यह केवल वही हिस्सा है, जो आज भी बचा है और जिसे संरक्षित रखा जाएगा। लंदन के डिप्टी मेयर हॉवर्ड डॉबर ने कहा कि 2028 तक यहां एक 36-मंजिला ऑफिस टावर बनेगा। जिसमें ऑफिस स्पेस, शॉपिंग एरिया और रूफ गार्डन होगा। चर्च टावर को बाद में पुर्नस्थापित कर ग्रीन पब्लिक स्पेस का हिस्सा बनाया जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट 10,500 करोड़ रुपए का है। फिलीपींस में तूफान के बाद अब 24 घंटे में भूकंप के 848 झटके, 69 लोगों की मौत रगासा तूफान के बाद फिलीपींस को मंगलवार रात एक और आपदा ने हिला दिया। सेबू प्रांत के उत्तरी हिस्से में 30 सितंबर 2025 को रात 9 बजकर 59 मिनट पर 6.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें अब तक 69 लोगों की मौत और 293 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वॉल्कैनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप का एपिसेंटर बोगो शहर के पास और गहराई मात्र 10 किमी थी, जिससे इसका असर बेहद विनाशकारी रहा। कई अस्पताल, चर्च, पुल और इमारतें ढह गईं। बोगो अस्पताल में 186 घायलों का इलाज चल रहा है, जिन्हें सुरक्षा कारणों से टेंटों में भर्ती किया है। अब तक 848 आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए हैं, जिनमें 5.2 तीव्रता का झटका भी शामिल है। प्रारंभिक तौर पर सुनामी अलर्ट जारी किया गया, लेकिन खतरा टलने पर हटा लिया गया। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनांड मार्कोस ने आपदा पर शोक जताते हुए त्वरित राहत का आश्वासन दिया है। स्थानीय प्रशासन ने मेडिकल वॉलंटियर्स और राहत सामग्री की अपील की है। —————————– 1 अक्टूबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here