वर्ल्ड अपडेट्स:बारूदी सुरंग पर गाड़ी चढ़ने से रूसी पत्रकार की मौत, यूक्रेन पर हत्या का आरोप

0
34

रूस के सीमावर्ती इलाके बेलगोरोड में एक रूसी टीवी पत्रकार की धमाके में मौत हो गई। पत्रकार का नाम अन्ना प्रोकोफयेवा (35 साल) था। रूस के सरकारी टीवी चैनल-1 के लिए वॉर रिपोर्टिंग कर रही थी। स्टोरी कवर करने के दौरान पत्रकार की कार एक बारूदी सुरंग पर चढ़ गई। इससे कार के परखच्चे उड़ गए। विस्फोट इतना ज्यादा तेज था कि महिला पत्रकार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कैमरामैन भी इसमें घायल हो गया है। प्रोकोफेवा दो दिनों में मरने वाली तीसरी रूसी पत्रकार है। एक दिन पहले रूसी कब्जे वाले लुहांस्क में 28 साल के अलेक्जेंडर फेडोरचक की मौत हो गई थी। उसकी कार को टक्कर मार दी गई थी। इस हादसे में टीवी चैनल ज्वेज्दा के कैमरामैन आंद्रेई पानोव की भी मौत हो गई थी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… रूस के डर से यूरोपीय संघ ने 45 करोड़ लोगों के लिए चेतावनी जारी की, 72 घंटे का राशन स्टॉक करने का अल्टीमेटम यूरोपीय संघ (EU) ने अपने 45 करोड़ नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि वे युद्ध, साइबर हमलों, जलवायु परिवर्तन और महामारियों के बढ़ते खतरों के मद्देनजर कम से कम 72 घंटे का खाद्य, पानी और अन्य जरूरी सामान का स्टॉक रखें। नाटो प्रमुख मार्क रुटे ने कहा कि रूस 2030 तक यूरोप पर हमला करने की स्थिति में हो सकता है। EU की एडवाइजरी में लोगों को टॉर्च, आईडी पेपर, दवाइयां, नकद, और शॉर्टवेव रेडियो जैसी चीजें स्टॉक करने की सलाह दी है। इसके अलावा, ईयू ने अपने 27 देशों से प्रारंभिक अलर्ट सिस्टम, रणनीतिक रिजर्व और आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने की योजना बनाने का भी आदेश दिया है। स्वीडन, फ्रांस और फिनलैंड पहले ही ऐसी तैयारियों में जुट चुके हैं। युद्ध को लेकर पेरिस में 30 देशों के नेता जुटे, मैक्रों बोले- यूरोपीय सैनिकों की यूक्रेन में तैनाती संभव फ्रांस की राजधानी पेरिस में गुरुवार को 30 से अधिक देशों के नेता, नाटो और यूरोपीय संघ के प्रमुख जुटे। इस बैठक में यूक्रेन को और अधिक सैन्य सहायता देने तथा संभावित रूप से यूरोपीय सैनिकों की तैनाती पर चर्चा की गई। बैठक में फ्रांस और ब्रिटेन ने एक विशेष गठबंधन बनाने का प्रस्ताव दिया। इसका उद्देश्य यूरोप को भविष्य में रूस के किसी भी हमले से बचाना है। बैठक में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की, ब्रिटेन पीएम स्टारमर, फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों, जॉर्जिया पीएम मेलोनी और बाकी नेता शामिल हुए। बैठक के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने ऐलान किया कि यूरोपीय सैनिकों को यूक्रेन में तैनात किया जा सकता है। ये सैनिक यूक्रेन के प्रमुख शहरों व रणनीतिक ठिकानों पर तैनात होंगे। ये अग्रिम मोर्चे पर तैनात नहीं होंगे। मैक्रों ने यूक्रेन के लिए 18 हजार करोड़ की सैन्य सहायता की भी घोषणा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here