अफगानिस्तान की आबादी में 2 साल में 12% का इजाफा हुआ है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNHCR के मुताबिक दिसंबर 2023 से दिसंबर 2025 तक करीब 48 लाख अफगानी प्रवासी ईरान और पाकिस्तान से अपने देश लौटे हैं। इसकी वजह से देश में आबादी में इतना फर्क आया है। UNHCR के प्रतिनिधि अराफात जमाल ने अफगान न्यूज चैनल टोलो न्यूज को बताया कि सिर्फ 2025 में 27 लाख लोग लौटे हैं। हर दिन औसतन 10 हजार लोग अफगानिस्तान लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल गर्मियों में एक दिन में रिकॉर्ड 70 हजार लोग इस्लाम किला बॉर्डर के रास्ते दाखिल हुए थे। अराफात ने पाकिस्तान और ईरान की आलोचना करते हुए कहा कि वे अफगान प्रवासियों को जबरन निकाल रहे हैं। इस मामले में संयुक्त राष्ट्र ने दोनों देशों से सहयोग बरतने को कहा है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… ट्रम्प का हाथ थामकर मंच पर पहुंची अमेरिकी रैपर निकी मिनाज, कहा- राष्ट्रपति की फैन हूं; ट्रम्प बोले- निकी के नाखून काफी खूबसूरत अमेरिका की हिप-हॉप सिंगर और रैपर निकी मिनाज ने बुधवार को वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हाथ मिलाया और खुद को राष्ट्रपति का सबसे बड़ा प्रशंसक बताया। निकी मिनाज ने मंच पर ट्रम्प के साथ हाथ जोड़ते हुए दर्शकों से कहा, “मैं शायद राष्ट्रपति की नंबर 1 फैन हूं, और यह बात नहीं बदलेगी।” मिनाज ने कहा कि आलोचकों की आलोचना और नफरत से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, बल्कि यह उनकी समर्थन को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा, “लोग जो कहते हैं, वह मुझे प्रभावित नहीं करता। यह मुझे राष्ट्रपति का समर्थन करने के लिए और अधिक प्रेरित करता है। यह हमें सभी को और अधिक समर्थन करने के लिए प्रेरित करेगा।” निकी ने ट्रम्प के विरोधियों पर आरोप लगाया कि वे राष्ट्रपति को अनुचित तरीके से निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम उन्हें राष्ट्रपति को बुली करने नहीं देंगे। उनके पीछे बहुत ताकत है और भगवान उनकी रक्षा कर रहे हैं।” कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ट्रम्प ने निकी मिनाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने उन्हें इतिहास की सबसे महान और सफल महिला रैपर बताया और “ट्रम्प अकाउंट्स” में सैकड़ों हजारों डॉलर के दान के लिए धन्यवाद दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, निकी ने 1.5 लाख से 3 लाख डॉलर तक का योगदान दिया है, हालांकि सटीक राशि की पुष्टि नहीं हुई है। ट्रम्प ने मजाक में कहा कि निकी के लंबे नाखून खूबसूरत हैं इससे प्रभावित होकर वे भी अपने नाखून बढ़ाएंगे। रिपोर्ट- भारतीय मूल के अमेरिकी अधिकारी ने Chatgpt पर सीक्रेट डॉक्यूमेंट अपलोड किए, जांच बैठाई गई अमेरिका की साइबर सुरक्षा एजेंसी CISA के भारतीय मूल के एक्टिंग डायरेक्टर डॉ. माधु गोट्टुमुक्कला ने संवेदनशील सरकारी दस्तावेजों को पब्लिक वर्जन के ChatGPT में अपलोड कर दिया। पोलिटिको की रिपोर्ट के अनुसार, माधु गोट्टुमुक्कला ने पिछले साल काम के सिलसिले में कॉन्ट्रैक्टिंग और साइबर सुरक्षा से जुड़े कुछ आंतरिक दस्तावेज ChatGPT में डाले, जो सिर्फ आधिकारिक इस्तेमाल के लिए थे। ये दस्तावेज क्लासिफाइड नहीं थे, लेकिन इन्हें सार्वजनिक करने से रोका गया था। इस अपलोड से ऑटोमेटेड सिक्योरिटी अलर्ट बजे और होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (DHS) में आंतरिक जांच शुरू हुई। जांच का नतीजा अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। डॉ. माधु गोट्टुमुक्कला CISA के एक्टिंग डायरेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर हैं, जो अमेरिकी सरकार के फेडरल नेटवर्क्स को रूस और चीन जैसे देशों से जुड़े उन्नत साइबर खतरों से बचाने की जिम्मेदारी संभालते हैं। वे मई 2025 से इस पद पर हैं। इससे पहले वे साउथ डकोटा राज्य में ब्यूरो ऑफ इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी के कमिश्नर और चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर थे। यह घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि DHS के अधिकांश कर्मचारियों के लिए ChatGPT तक पहुंच प्रतिबंधित है, लेकिन गोट्टुमुक्कला ने CISA के चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर से स्पेशल परमिशन ली थी। पब्लिक ChatGPT में डाला गया डेटा कंपनी रखा सकती है और सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए इस्तेमाल करती है, जिससे संवेदनशील जानकारी के लीक होने का खतरा बढ़ जाता है। नॉर्थ कोलंबिया के ग्रामीण इलाके में छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी 15 लोगों की मौत नॉर्थ कोलंबिया के नॉर्ट डी सेंटेंडर प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में बुधवार को एक छोटा प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्लेन में सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई।
सरकारी एयरलाइन कंपनी सतेना इस फ्लाइट का संचालन करती थी। कंपनी ने कहा कि घटनास्थल पर एक बचाव दल भेजा गया। विमान HK4709 स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11:42 बजे राजधानी कुकुटा के हवाई अड्डे से ओकाना के लिए रवाना हुआ था। ओकाना पहाड़ों से घिरा हुआ है। यह उड़ान आमतौर पर लगभग 40 मिनट की होती है। सतेना के बयान के अनुसार, विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से आखिरी संपर्क उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद हुआ। एयरलाइन ने कहा कि छोटे विमान में दो चालक दल के सदस्य और 13 यात्री सवार थे।
