वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका लाया जा चुका है। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को लेकर आया विमान न्यूयॉर्क के स्टुअर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर उतरा। हालांकि, प्लेन से केवल मादुरो ही उतरने नजर आए। मादुरो ने ब्लू कलर की जैकेट पहनी हुई थी। उनका मुंह ढंका गया था। बेस पर मौजूद टाइट सिक्योरिटी के बीच उन्हें प्लेन से उतारकर ले जाया गया। अब मादुरो के अगले हफ्ते मैनहैटन की अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। अमेरिकी सैनिकों ने 3 जनवरी की रात वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को अगवा कर लिया था। CNN ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि उन्होंने मादुरो और उनकी पत्नी को बेडरूम से घसीटकर बाहर निकाला और अपने कब्जे में ले लिया। मादुरो को जल्द ही न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन पर ड्रग्स और हथियार तस्करी से जुड़े गंभीर आपराधिक मुकदमे चलाए जाएंगे। ट्रम्प ने कहा है कि जब तक वेनेजुएला के हालात ठीक नहीं हो जाते तब तक देश को अमेरिका ही चलाएगा। इसके लिए एक खास टीम बनाई गई है, जिसमें अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और अन्य शीर्ष अधिकारी शामिल हैं। पकड़े जाने के बाद राष्ट्रपति मादुरो की 2 तस्वीरें किले की तरह सुरक्षित घर में थे मादुरो ट्रम्प के मुताबिक, मादुरो राष्ट्रपति भवन में थे, जो किसी किले की तरह सुरक्षित था। वहां एक खास सेफ रूम था, जिसकी दीवारें पूरी तरह स्टील की थीं। मादुरो उस कमरे में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अमेरिकी सैनिक इतनी तेजी से अंदर पहुंचे कि वे दरवाजा बंद ही नहीं कर पाए। जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के प्रमुख जनरल डैन केन ने बताया कि इस ऑपरेशन की महीनों तक रिहर्सल की गई। अमेरिकी सेना को यह तक पता था कि मादुरो क्या खाते हैं, कहां रहते हैं, उनके पालतू जानवर कौन से हैं और वे कैसे कपड़े पहनते हैं। यहां तक कि मादुरो के घर जैसा नकली भवन बनाकर अभ्यास किया गया। ट्रम्प ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह अंधेरे में किया गया। काराकस शहर की लाइटें बंद कर दी गईं, ताकि अमेरिकी सैनिकों को फायदा मिल सके। हमले के दौरान कम से कम 7 धमाके सुने गए। पूरा ऑपरेशन 30 मिनट से भी कम समय में खत्म हो गया। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी सेना के कुछ जवान घायल हुए, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई।एक हेलिकॉप्टर को नुकसान पहुंचा, लेकिन वह सुरक्षित वापस लौट आया। ट्रम्प ने बताया कि खराब मौसम की वजह से ऑपरेशन चार दिन टालना पड़ा। जैसे ही बादल हटे और हालात सही हुए, ऑपरेशन को हरी झंडी दे दी गई। हेलिकॉप्टर समुद्र के बेहद पास उड़ते हुए वेनेज़ुएला पहुंचे और ऊपर से अमेरिकी लड़ाकू विमान सुरक्षा दे रहे थे। वेनेजुएला के तख्तापलट से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
