श्रद्धा ने पैपराजी को वीडियो रिकॉर्ड करने से किया मना:पिता शक्ति कपूर के साथ अस्पताल पहुंची थीं एक्ट्रेस

0
7

बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर शुक्रवार को अपने पिता और एक्टर शक्ति कपूर के साथ मुंबई के एक अस्पताल में नजर आईं। इससे जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में देखा गया कि श्रद्धा अस्पताल से बाहर निकलते समय फ्लोरल शर्ट और ढीली पैंट पहने हुई थीं। वह अपने 73 साल के पिता को संभालते हुए कार तक लेकर गईं। उन्होंने उन्हें आराम से कार में बैठने में मदद की। इसी दौरान जब श्रद्धा ने देखा कि पैपराजी उनकी रिकॉर्डिंग कर रहे हैं, तो उन्होंने उंगली से इशारा करते हुए “ना, ना” कहा। वह विनम्रता से कैमरे बंद करने का अनुरोध करती दिखीं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि श्रद्धा और उनके पिता अस्पताल किस वजह से पहुंचे थे। इस बारे में परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ हफ्ते पहले श्रद्धा को फिल्म की शूटिंग के दौरान चोट लगी थी। नवंबर 2025 में वह अपनी आने वाली फिल्म ईथा की शूटिंग कर रही थीं। इसी दौरान नासिक के पास एक लावणी डांस सीन करते वक्त उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया था। चोट लगने के बाद 23 नवंबर को श्रद्धा ने फैंस से बात करते हुए कहा था कि वह मसल टियर (मांसपेशियों में खिंचाव) और पैर में फ्रैक्चर से जूझ रही हैं, लेकिन उन्होंने फैंस को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगी। बता दें कि फिल्म में श्रद्धा लावणी डांसर और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मंग नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। एक्ट्रेस के अलावा, इसमें रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिका निभाएंगे। फिल्म का डायरेक्शन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं और इसे दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here