एक्टर सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ का टीजर आज लॉन्च किया जाएगा। वहीं, टीजर लॉन्च होने से पहले मंगलवार सुबह फिल्म के प्रोड्यूसर भूषण कुमार, निधि दत्ता और एक्टर अहान शेट्टी मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। टी-सीरीज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर सोमवार को फिल्म से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया था। पोस्ट के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ का टीजर 16 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे रिलीज किया जाएगा। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया था, “एक ऐसा पल जिसने देश के इतिहास को रचा, अब नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा।” इस ऐलान के बाद से फैंस की एक्साइटमेंट चरम पर है। वहीं, ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गौरतलब है कि ‘बॉर्डर’ का पहला पार्ट 1997 में रिलीज हुआ था, जो हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल है। फिल्म की कास्ट की बात करें तो सनी देओल के अलावा इसमें वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कैसे विवादों में आई थी फिल्म बॉर्डर-2 तब विवादों में आ गई थी, जब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज (FWICE) ने दिलजीत दोसांझ की कास्टिंग पर सवाल उठाया। FWICE ने कहा था कि दिलजीत ने हाल ही में एक पाकिस्तानी अभिनेत्री के साथ प्रोजेक्ट किया था। संस्था का तर्क था कि पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन के चलते भारतीय कलाकारों को उनके साथ किसी भी तरह के सहयोग से बचना चाहिए, क्योंकि बॉर्डर-2 एक देशभक्ति फिल्म है, इसलिए संगठन ने इसे राष्ट्रीय भावना के खिलाफ बताया। FWICE ने मेकर्स को आधिकारिक पत्र भेजकर मांग की कि दिलजीत को फिल्म से हटाया जाए। विवाद क्यों खत्म हुआ? मेकर्स की लिखित अपील स्वीकार की गई। अपील में कहा गया है कि दिलजीत के हिस्से की शूटिंग पहले ही पूरी हो गई थी। रिप्लेसमेंट से करोड़ों का नुकसान हो सकता है। FWICE ने भविष्य में नियम पालन की शर्त पर बैन हटाया।
