सुकमा नक्सल हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि:188 बटालियन CRPF ने ताड़मेटला में 76 जवानों को याद किया

0
2

सुकमा के ताड़मेटला में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए 76 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। 188 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय चिकलपुटटी, कोण्डागांव में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में 188 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट भवेश चौधरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित शहीद स्मारक पर जवानों को सलामी दी। इसके बाद सभी अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया। शहीदों के साहस और वीरता को याद किया गया इस अवसर पर शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। कमांडेंट भवेश चौधरी ने अपने संबोधन में बताया कि 6 अप्रैल 2010 का दिन भारतीय सुरक्षा बलों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और भावुक दिन है, जब सुकमा के ताडमेटला क्षेत्र में नक्सलियों के कायराना हमले में 76 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों का बलिदान देश की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। शहीद जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। कमांडेंट ने सभी जवानों को शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और सभी जवानों ने ‘शहीद अमर रहें’ के नारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उप-कमांडेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट अमर सिंह मीणा और अन्य अधीनस्थ अधिकारियों सहित सभी बहादुर जवानों ने भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here