सूर्या ने सचिन का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा:मुंबई से किसी सीजन के टॉप स्कोरर बने; वाधेरा के डाइविंग कैच से रोहित आउट

0
31

सोमवार को रिकार्ड्स का दिन सूर्यकुमार यादव के नाम रहा। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के 2 रिकॉर्ड तोड़े। पहले सूर्या ने सचिन तेंदुलकर के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वे MI के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बने। इसके बाद सूर्या ने सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड को तोड़ा। वे किसी सीजन में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बैटर भी बने। IPL-18 के 69वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 7 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 185 रन का टारगेट 18.3 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया है। पहले रिकार्ड्स… 1. सूर्या MI के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर मुंबई इंडियंस के लिए किसी एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सूर्यकुमार यादव टॉप पर पहुंच गए। उन्होंने अब तक 14 मैचों में 640 रन बना लिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 2010 में 618 रन बनाए थे। सूर्यकुमार ने खुद ही इस सूची में तीसरा स्थान भी हासिल किया है, जब उन्होंने 2023 में 605 रन बनाए थे। सचिन तेंदुलकर एक बार फिर इस सूची में 553 रन (2011) के साथ चौथे स्थान पर हैं। उनके बाद लेंडल सिमंस ने 2015 में 540 रन बनाए थे। वहीं रोहित शर्मा ने 2013 में 538 रन बनाकर इस सूची में छठा स्थान हासिल किया है। 2. सूर्या के किसी IPL सीजन में सबसे ज्यादा बार 25+ रन IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 25 या उससे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अब सूर्यकुमार यादव के नाम है। उन्होंने 2025 सीजन में अब तक 14 बार 25+ रन बनाए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड केन विलियमसन के नाम था, जिन्होंने 2018 में 13 बार यह कारनामा किया था। इसी आंकड़े तक शुभमन गिल भी पहुंचे थे, जब उन्होंने 2023 सीजन में 13 बार 25+ रन बनाए थे। अब टी20 क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा बार 25+ रन बनाने का रिकॉर्ड भी सूर्यकुमार यादव के नाम है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के तेम्बा बावुमा के लगातार 13 बार के 25+ रन का रिकॉर्ड्स तोड़ा। 3. सूर्यकुमार MI के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स वाले बैटर सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले प्लेयर बने। वे अब तक 32 छक्के जड़ चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनथ जयसूर्या के नाम था, जिन्होंने 2008 में 31 छक्के लगाए थे। तीसरे स्थान पर ईशान किशन हैं, जिन्होंने 2020 में 30 छक्के जड़े थे। वहीं किरोन पोलार्ड (2013) और हार्दिक पंड्या (2019) ने 29-29 छक्के लगाकर इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। अब मोमेंट्स… 1. टॉस से पहले सूर्या ने हार्दिक उंगली चुनवाई पंजाब-मुंबई के बीच टॉस से पहले एक रोमांचक वाकया सामने आया। MI के कप्तान हार्दिक पांड्या जब टॉस के लिए बीच मैदान पर आ रहे थे, तब वे थोड़ी कन्फ्यूज दिखाई दिए। इसके लिए उन्होंने सूर्यकुमार यादव को बुलाया और अपनी दो में से एक उंगली चुनने के लिए कहा। सूर्यकुमार यादव ने इसके बाद उनसे कहा- बैट फर्स्ट। इसका मतलब ये था कि अगर आप टॉस जीतें, तब आपको टीम के लिए पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करना है। हालांकि हार्दिक पंड्या इस बार फिर से टॉस हार गए। वे लगातार 5वां टॉस हारे। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और बॉलिंग चुनी। जिसके बाद हार्दिक ने कहा, ‘मैं काफी कन्फ्यूज था कि हमें क्या करना चाहिए। 2. वाधेरा के डाइविंग कैच से रोहित आउट 10वें ओवर में मुंबई ने दूसरा विकेट गंवाया। यहां रोहित शर्मा 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नेहल वाधेरा ने हरप्रीत बरार की बॉल पर कैच किया। वाधेरा ने रनिंग कैच पकड़ा। बरार ने गेंद लेग स्टंप के आस-पास फ्लाइट कराई गई थी। रोहित ने पीछे हटकर खुद को जगह दी और फील्डर के सिर के ऊपर से मारने की कोशिश की। लेकिन बल्ले का निचला किनारा लगा और गेंद लॉन्ग-ऑन की तरफ गई। लग रहा था कि गेंद फील्डर के आगे गिर जाएगी, लेकिन वाधेरा तेजी से दौड़े, आगे की ओर डाइव लगाई और शानदार तरीके से कैच पकड़ लिया। 3. वैशाख ने हार्दिक का शून्य रन पर कैच छोड़ा 13वें ओवर की चौथी बॉल पर विजयकुमार वैशाख ने अपनी ही बॉल पर हार्दिक पंड्या का कैच छोड़ दिया। वैशाख ने 138 किमी/घंटा की फुल लेंथ गेंद फेंकी, जिसे हार्दिक ने ड्राइव शॉट खेला। वैशाख ने यहां खुद की बॉलिंग में दोनों हाथों से कैच लेने की कोशिश की, लेकिन रन-अप से रुकते हुए पकड़ नहीं सके और गेंद उनके सामने जमीन पर गिर गई। इस समय हार्दिक शून्य के स्कोर पर थे। 4. सूर्यकुमार को जीवनदान, चौके से फिफ्टी 18वें ओवर में सूर्यकुमार यादव को जीवनदान मिला। काइल जेमिसन के ओवर की आखिरी बॉल पर नेहल वाधेरा से मिडऑन पर कैच छूट गया। इस समय सूर्या 45 रन पर थे। इसके अगले ही ओवर में उन्होंने विजयकुमार वैशाख ने 23 रन दिए। नमन धीर ने उनके ओवर की शुरुआती दो बॉल पर लगातार दो छक्के लगाए। फिर सूर्यकुमार यादव ने चौथी बॉल पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। सूर्या ने इस सीजन में 5वां अर्धशतक बनाया। आखिरी बॉल पर भी सूर्या ने चौका मारा। 5. अश्विनी कुमार से प्रभसिमरन सिंह का कैच ड्रॉप पंजाब के ओपनर प्रभसिमरन सिंह को जीवनदान मिला। चौथे ओवर में दीपक चाहर की चौथी बॉल पर अश्विनी कुमार से एक हाई कैच ड्रॉप कर दिया। इसके अगले ही ओवर में वे 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने ओवर की दूसरी बॉल पर अश्विनी कुमार के हाथों कैच कराया। यहां अश्विनी ने आगे की तरफ डाइव लगाकर कैच लिया। 6. प्रियांश ने सिक्स से फिफ्टी पूरी की पंजाब से नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे जोश इंग्लिस ने 29 गेंद पर फिफ्टी लगा दी। उन्होंने 12वें ओवर में हार्दिक पंड्या के खिलाफ सिंगल लिया और अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर प्रियांश आर्या ने छक्का लगाया और 27 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। दोनों ने 14वें ओवर में सेंचुरी पार्टनरशिप भी पूरी कर ली। 7. सैंटनर के DRS से इंग्लिस आउट 18वें ओवर में पंजाब ने तीसरा विकेट गंवाया। यहां जोश इंग्लिस 73 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मिचेल सैंटनर ने LBW किया। अपील को फील्ड अंपायर के नकारने के बाद मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने DRS लिया। रिप्ले देखने के बाद थर्ड अंपायर ने इंग्लिस को आउट करार दिया। _____________________________ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… IPL मैच प्री-व्यू आखिरी लीग मैच में LSG Vs RCB:इस सीजन में पहली बार दोनों टीमों का मुकाबला, क्वालिफायर-1 खेलने के लिए बेंगलुरु को जीतना जरूरी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के आखिरी लीग मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) का सामना रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा। मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें इस सीजन में पहली बार आमने-सामने होंगी। पूरी खबर IPL का गणित आज जीती तो क्वालिफायर-1 खेलेगी RCB:हारी तो एलिमिनेटर खेलना पड़ेगा, पंजाब ने टॉप-2 में जगह पक्की की; सुदर्शन टॉप स्कोरर​​​​​​​ IPL में लीग स्टेज का आखिरी मैच आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच होगा। RCB अगर जीती तो टॉप-2 में पहुंच जाएगी। वहीं LSG जीती तो बेंगलुरु को एलिमिनेटर खेलना पड़ेगा। दूसरी ओर, सोमवार को पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर क्वालिफायर-1 में अपनी जगह पक्की कर ली। पूरी खबर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here