सूर्या ने सलमान से हाथ नहीं मिलाया, अभिषेक-रऊफ में बहस:साहिबजादा का मिसाइल सेलिब्रेशन, भारत ने 5, पाकिस्तान ने 2 कैच छोड़े; मोमेंट्स

0
11

एशिया कप के सुपर-4 स्टेज में भी भारत ने पाकिस्तान पर दबदबा दिखाया और टीम को 6 विकेट के बड़े अंतर से हरा दिया। दुबई में रविवार को भारत से 5 और पाकिस्तान से 2 कैच छूटे। वहीं अभिषेक शर्मा और हारिस रऊफ के बीच बहस हो गई। अभिषेक ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का भी लगा दिया। सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। IND vs PAK मैच के मोमेंट्स… 1. सूर्या और सलमान ने फिर हाथ नहीं मिलाया
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। दोनों कप्तानों ने ग्रुप स्टेज मैच के दौरान भी हाथ नहीं मिलाया था। जिसके बाद पाकिस्तानी टीम ने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में आने से मना कर दिया था। 2. फखर के विकेट पर अंपायर ने रिव्यू लिया
तीसरे ओवर में भारत को पहला विकेट मिला। हार्दिक पंड्या ने फखर जमान को कॉट बिहाइंड कराया, लेकिन उनके विकेट को चेक करने के लिए अंपायर को रिव्यू लेना पड़ गया। हार्दिक ने ओवर की तीसरी बॉल गुड लेंथ पर आउट स्विंगर फेंकी। फखर डिफेंड करने गए, लेकिन गेंद विकेटकीपर संजू सैमसन की ओर चली गई। उन्होंने लो-कैच पकड़ा। इस पर फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर से पूछा कि कैच फेयर है या नहीं। टीवी अंपायर ने आउट का फैसला दिया, लेकिन फखर इससे नाखुश नजर आए। 3. साहिबजादा ने मिसाइल दागने का इशारा किया
पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने 10वें ओवर में फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने अक्षर पटेल के ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाया और 33 गेंद पर अर्धशतक पूरा कर लिया। फिफ्टी लगाने के बाद उन्होंने अपने बैट से मिसाइल दागने का इशारा कर सेलिब्रेशन किया। 4. अभिषेक का बेहतरीन डाइविंग कैच
अभिषेक शर्मा ने 2 कैच छोड़ने के बाद 11वें ओवर में बेहतरीन डाइविंग कैच पकड़ा। 11वें ओवर की तीसरी बॉल शिवम दुबे ने लेग स्टंप की ओर शॉर्ट पिच फेंकी। सईम अयूब बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद लॉन्ग लेग की ओर खड़ी हो गई। अभिषेक दौड़ते हुए गेंद की तरह आए और डाइव लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ लिया। अयूब ने 17 गेंद पर 21 रन बनाए। 5. हाथ से बैट छूटने के बाद कैच हुए फरहान
15वें ओवर में पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान के हाथ से बैट छूट गया, लेकिन इसी गेंद पर वे मिड-ऑफ पर कैच हो गए। ओवर की पहली गेंद शिवम दुबे ने ऑफ स्टंप के बाहर स्लोअर फेंकी। फरहान लेग साइड की ओर शॉट खेलने गए, लेकिन बैट उनके हाथ से छूटकर लेग अंपायर की ओर चले गया। गेंद मिड-ऑफ की ओर हवा में खड़ी हो गई। सूर्यकुमार यादव कवर्स पोजिशन से गेंद के नीचे आए और कैच पकड़ लिया। फरहान ने 45 गेंद पर 58 रन बनाए। 6. नवाज की नजर हटी, रन आउट हुए
19वें ओवर में मोहम्मद नवाज गेंद पर नजर नहीं रख पाने के कारण रन आउट हो गए। ओवर की तीसरी गेंद जसप्रीत बुमराह ने लो फुल टॉस फेंकी। सलमान अली आगा ने कवर्स की ओर शॉट खेला और रन के लिए दौड़ पड़े। सलमान ने रन पूरा कर लिया, लेकिन नवाज ने गेंद से नजर हटा ली और क्रीज में धीरे-धीरे जाने लगे। फील्डर सूर्यकुमार यादव ने गेंद उठाई और स्टंप्स की ओर थ्रो कर दिया। गेंद स्टंप्स से लग गई, इस दौरान नवाज क्रीज से बाहर ही घूम रहे थे। उन्हें 21 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा। 7. फहीम ने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया
19वें ओवर में नवाज के विकेट के बाद फहीम अशरफ बैटिंग करने आए। उन्होंने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ पहली ही गेंद पर छक्का लगा दिया। फहीम ने फिर 20वें ओवर में हार्दिक पंड्या के खिलाफ पारी की आखिरी गेंद पर भी डीप बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में छक्का लगाया। फहीम ने 8 गेंद पर 20 रन बनाए। 8. भारत ने 5 कैच छोड़े
भारतीय प्लेयर्स की फील्डिंग पाकिस्तान के खिलाफ बेहद साधारण रही। टीम ने 5 कैच छोड़े। अभिषेक शर्मा ने 2 प्लेयर्स को जीवनदान दिए। वहीं कुलदीप यादव, शुभमन गिल और शिवम दुबे ने 1-1 कैच छोड़ा। 9. अभिषेक ने पहली गेंद पर छक्का लगाया
भारत से अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करने उतरे। अभिषेक ने शाहीन शाह अफरीदी के खिलाफ पहली ही गेंद पर फाइन लेग की दिशा में छक्का लगा दिया। शाहीन ने शॉर्ट पिच गेंद फेंकी थी, अभिषेक ने पुल शॉट खेलकर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचा दिया। 10. पाकिस्तान ने 2 कैच छोड़े
पाकिस्तान के प्लेयर्स ने 2 कैच छोड़े। तीसरे ओवर में शाहीन अफरीदी ने शॉर्ट पिच गेंद फेंकी। अभिषेक शर्मा पुल करने गए, लेकिन गेंद शॉर्ट मिड-विकेट की ओर चली गई। मोहम्मद नवाज पीछे की ओर दौड़ते हुए गए, उन्होंने एक हाथ से कैच लेने की कोशिश की, लेकिन कैच छूट गया। अभिषेक इस वक्त 9 रन पर थे, उन्होंने 74 रन बना दिए। 7वें ओवर में साहिबजादा फरहान ने भी अभिषेक का ही कैच छोड़ा। ओवर की पांचवीं बॉल अबरार अहमद ने शॉर्ट पिच फेंकी। अभिषेक ने मिड विकेट की ओर शॉट खेला, फरहान ने कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से छूटकर बाउंड्री के बाहर चली गई। अभिषेक इस वक्त 40 रन पर थे। 11. फिफ्टी लगाकर अभिषेक ने फ्लाइंग किस दी
अभिषेक शर्मा ने 8वें ओवर में सईम अयूब के खिलाफ चौका लगाया और 24 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। पाकिस्तान के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाने के बाद अभिषेक ने दर्शकों की ओर फ्लाइंग किस देकर सेलिब्रेशन किया। 12. एशिया कप 2025 की सबसे बड़ी पार्टनरशिप
भारत के अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने 105 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। यह 2025 के एशिया कप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप रही। दोनों से पहले बांग्लादेश के लिटन दास और तौहिद हृदॉय ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े थे। टी-20 एशिया कप में 5वीं बार ही 100 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप हुई। 13. रऊफ ने सूर्या को तीसरी बार आउट किया
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव को थर्ड मैन पोजिशन पर कैच कराया। सूर्या फाइन लेग की ओर छक्का लगाना चाहते थे, लेकिन हारिस ने ऑफ स्टंप की ओर गेंद फेंक दी। बॉल थर्ड मैन की ओर हवा में खड़ी हो गई, अबरार अहमद ने आसान सा कैच पकड़ लिया। रऊफ ने टी-20 क्रिकेट की 3 पारियों में सूर्या को हर बार पवेलियन भेजा है। 14. भारत ने पाकिस्तान को लगातार 7वां मैच हराया
भारत ने पाकिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार 7वां मैच हराया। टीम इंडिया को आखिरी हार 2022 के टी-20 एशिया कप में ही मिली थी। इस मुकाबले के बाद भारत ने टी-20 में 4 और वनडे में 3 बार पाकिस्तान को हरा दिया। इस दौरान दोनों के बीच एक मुकाबला बेनतीजा भी रहा था। 15. रऊफ की बहस का जवाब अभिषेक ने बैट से दिया
दूसरी पारी के दौरान भारत के अभिषेक शर्मा और पाकिस्तान के गेंदबाज हारिस रऊफ में बहस हो गई। दोनों मैदान में एक-दूसरे के खिलाफ गुस्से में बात करते नजर आए। जिसके बाद फील्ड अंपायर ने बीच में आकर दोनों को अलग किया और मामला संभाला। हारिस से पहले शाहीन भी अभिषेक से बहस करते नजर आए थे। अभिषेक ने मैच के बाद कहा, ‘पाकिस्तान के प्लेयर्स बेवजह मुझसे बहस कर रहे थे, जो मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा था। उनकी बातों का जवाब मैंने अपने बल्ले से दिया।’ अभिषेक ने 39 गेंद पर 5 छक्के और 6 चौके लगाकर 74 रन बना दिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here