छत्तीसगढ़ के चर्चित सेक्स सीडी कांड केस में आज रायपुर कोर्ट में सुनवाई चल रही। पूर्व CM भूपेश बघेल, विनोद वर्मा और कैलाश मुरारका कोर्ट पहुंचे हैं। पिछली सुनवाई में CBI ने अपना पक्ष रखा था। आज आरोपियों के वकील अपना पक्ष रख रहे है। चर्चित सेक्स सीडी कांड केस में यह दूसरी बार है, जब सभी आरोपी कोर्ट में हाजिरी देने पहुंचे हैं।पिछली सुनवाई के दौरान भूपेश बघेल कोर्ट में अपनी हाजिरी देकर विधानसभा रवाना हुए थे। 7 साल बाद रायपुर कोर्ट में सुनवाई चल रही है। CBI ने इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस होने का दावा किया पिछली सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने बताया था कि कोर्ट में CBI बनाम कैलाश मुरारका और अन्य के विरुद्ध जांच पर बहस थी। CBI ने बहस पूरी कर ली है। अब अभियुक्त के वकील बहस करेंगे। लगभग सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए हैं। CBI ने इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस होने का दावा किया है। अब जानिए क्या है सेक्स सीडी कांड केस ? दरअसल, अक्टूबर 2017 में छत्तीसगढ़ में एक कथित सेक्स सीडी सामने आई थी। इसे कथित रूप से पूर्व मंत्री राजेश मूणत का बताया जा रहा था। रायपुर के सिविल लाइन थाने में इसका मुकदमा दर्ज हुआ। बाद में पुलिस दिल्ली से पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार कर लाई थी। कांग्रेस इसे तत्कालीन सरकार की साजिश बताती रही। सितंबर 2018 में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर साजिश रचने का आरोप था। भूपेश बघेल ने जमानत लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश भर में भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर गई। इस गिरफ्तारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नया जोश दिया। नवंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जीतकर भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने थे। सेक्स सीडी कांड में किसे बनाया गया आरोपी ? कथित सेक्स सीडी कांड केस में कोर्ट ने मुख्य आरोपी कैलाश मुरारका, पूर्व CM के मीडिया सलाहकार रहे विनोद वर्मा, भूपेश बघेल, विजय पांड्या, विजय भाटिया को बनाया गया है। इस केस के एक आरोपी रिंकू खनूजा की मौत हो चुकी है। मामले में CBI ने 2018 में चार्जशीट पेश की थी, लेकिन इस पर आगे कोई सुनवाई नहीं हुई थी। अब रायपुर कोर्ट में CBI की चार्जशीट पर बहस चल रही है। CBI ने रिंकू खनूजा को भी बनाया आरोपी सीडी कांड को लेकर छत्तीसगढ़ में जमकर राजनीति हुई। इस मामले में सबसे अहम कड़ी श्याम नगर निवासी रिंकू खनूजा था। 6 जून 2018 को रिंकू ने खुदकुशी कर ली। उसकी मौत के बाद सीबीआई ने उसे आरोपी बनाया है। सीबीआई का दावा है कि अगस्त में रिंकू खनूजा और विजय पांड्या ने सीडी बनवाई। 14 अगस्त 2017 को रिंकू और विजय के साथ कैलाश मुरारका खुद फ्लाइट से मुंबई गए। वहां दो दिनों तीनों होटल में ठहरे। इस बीच तीनों मुंबई में मानस साहू के स्टूडियो गए। सीबीआई का दावा है कि मुंबई में सीडी देखी। सीडी कांड के सरकारी गवाह कारोबारी लवली खनूजा ने भी सीबीआई को बताया है कि 23 अगस्त को रिंकू ने इस संबंध में उनसे संपर्क किया था। ………………………………. छत्तीसगढ़ सेक्स सीडी कांड से संबंधित और भी खबर पढ़ें सेक्स सीडी कांड…भूपेश-विनोद-मुरारका कोर्ट में पेश: CBI बोली-95 हजार में बनी मॉर्फ CD, दिल्ली में हुई कॉपी, जांच पर बहस, 4 मार्च को अगली सुनवाई छत्तीसगढ़ के चर्चित सेक्स सीडी कांड केस में रायपुर कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट में पूर्व CM सीएम भूपेश बघेल और विनोद वर्मा पेश हुए। कोर्ट में हाजिरी देने के बाद भूपेश बघेल विधानसभा सत्र के लिए रवाना हो गए। अब अगली सुनवाई 4 मार्च को होगी। पढ़ें पूरी खबर…
