आकाश कनौजिया को बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान की हत्या की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसकी वजह से उनकी नौकरी और शादी दोनों चली गई। अब उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट में महाराष्ट्र के गृह मंत्रालय के खिलाफ 1 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मुंबई के समाजसेवी और वकील फैजान अंसारी ने आकाश का साथ दिया है। उन्होंने हाईकोर्ट से अपने मुवक्किल के लिए न्याय की गुहार लगाई है। आकाश ने अपनी याचिका में दावा किया है कि, मुंबई पुलिस ने उसके पकड़े जाने की खबर मीडिया में दी थी। मीडिया में फोटो-वीडियो आने से उसकी बदनामी हुई। अब रिश्तेदारों ने भी उससे दूरी बना ली है। वह नौकरी के लिए दर-दर भटक रहा है। मानसिक और आर्थिक रूप से टूट गया है। उसके सामने आत्महत्या करने के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा है। 1 करोड़ रुपए मुआवजा राशि की मांग अधिवक्ता फैजान अंसारी ने होम मिनिस्ट्री से मानहानि के एवज में 1 करोड़ रुपए की राहत राशि की मांग की है। उसने अपनी दलील में बताया कि, आकाश कनौजिया को सैफ अली के घर में घुसकर चाकू से हमला करने के संदेह में दुर्ग रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया था। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम वहां पहुंची थी। पुलिस ने रातभर आकाश से पूछताछ की। उसके बाद अगले दिन उसे छोड़ दिया गया। आकाश अपने मुंबई स्थित घर लौट गया था। इसके बाद उसने 3 मार्च 2025 को बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। अब जानिए क्या है पूरा मामला मंबई में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खाने के घर में 15 जनवरी 2025 की रात दो बजे एक चोर घुसा था। वहां उसने सैफ पर चाकू से हमला किया। इसमें उसके गले, पीठ, हाथ और सिर में चोट आई थी। सैफ को 6 जगह पर चाकू लगा था। इसके बाद घायल हालत में उन्हें लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां उनका 5 दिन तक इलाज चला। शरीफुल इस्लाम की जगह पकड़ाया आकाश सैफ पर हमला करने वाला आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद उर्फ विजय दास है। पुलिस ने उसकी जगह पर आकाश को संदेही के रूप में हिरासत में लिया था। जब शरीफुल पकड़ा गया तो आकाश को छोड़ दिया गया। शरीफुल के पास से पुलिस को बांग्लादेशी आईडी और ड्राइविंग लाइसेंस मिला था। वो अपना नाम विजय दास रखकर अवैध रूप से मुंबई में रह रहा था। आरोपी 5 महीने से मुंबई में रह रहा था। हाउस कीपिंग का काम करता था। ज्ञानेश्वर एक्सप्रेस से पकड़ा गया था आकाश इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने संदिग्ध आकाश की फोटो रेलवे पुलिस से शेयर की थी। संदिग्ध की तलाश में रेलवे पुलिस उस फोटो को सभी जगह सर्कुलेट किया। इस दौरान आकाश भी 18 जनवरी को मुंबई-हावड़ा ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से अपनी नानी के घर जांजगीर-चांपा जा रहा था, लेकिन रेलवे पुलिस ने हिरासत में लिया। लड़की देखने जांजगीर जा रहा था आकाश अकाश ने बताया था कि, उसकी शादी तय होने वाली है। वो लड़की देखने जांजगीर-चांपा जा रहा है। वहां उसके रिश्तेदार भी रहते हैं। आकाश ने पुलिस को बताया था कि, वो मूलत: यूपी का रहने वाला है, लेकिन अपने माता-पिता के साथ कोलाबा में रहता है। यहां रहकर वो ड्राइवरी करता है। …………………………………….. इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… सैफ अली खान हमला केस..छत्तीसगढ़ से संदिग्ध हिरासत में: दुर्ग RPF ने ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से पकड़ा, पूछताछ करने पहुंची मुंबई पुलिस एक्टर सैफ अली खान पर हमला मामले में एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया है। शनिवार को मुंबई पुलिस के इनपुट पर दुर्ग स्टेशन से आरोपी को हिरासत में लिया गया। RPF ने उसे दोपहर करीब 1.30 बजे ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से उतारा। पढ़ें पूरी खबर…
